सब जेल सिहोरा में योग सप्ताह प्रारंभ, : बंदियों ने किया सामूहिक योग अभ्यास
Aditi News Team
Thu, Jun 18, 2026
रिपोर्टर अनिल जैन
सब जेल सिहोरा में योग सप्ताह प्रारंभ, बंदियों ने किया सामूहिक योग अभ्यास
सिहोरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत सोमवार को माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निदेशन में मध्यप्रदेश की समस्त जेलों के साथ सब जेल सिहोरा में भी योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बंदियों एवं जेल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया।
कार्यक्रम के दौरान जबलपुर केंद्रीय जेल से ऑनलाइन योग प्रशिक्षक द्वारा योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। बंदियों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, तनाव एवं नकारात्मक विचारों को कम करने तथा सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने के संबंध में जानकारी दी गई। जेलर दिलीप नायक ने बताया कि जेल में नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम किया जाता है। योग सप्ताह के दौरान प्रतिदिन योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां तथा प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे बंदियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन को बढ़ावा मिल सके।
21 जून को जेल में बंदियों एवं स्टाफ द्वारा सामूहिक रूप से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जायेगा।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
सब जेल सिहोरा