Wednesday 1st of July 2026

ब्रेकिंग

राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार पर रहेगा विशेष फोकस

गाडरवारा में वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स का हुआ सम्मान

नरसिंहपुर में एक आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध,थाना करेली की कार्यवाही

थाना ठेमी अंतर्गत करकबेल में मारपीट की घटना में फरार चल रहा आरोपी दीपक लोधी नरसिंहपुर पुलिस की गिरफ्त में

नरसिंहपुर कलेक्टर की समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश : शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार पर रहेगा विशेष फोकस

Aditi News Team

Wed, Jul 1, 2026

कलेक्टर की समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश

शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधार पर रहेगा विशेष फोकस

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर में विकासखंड चीचली के समस्त प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं बीआरसी/बीएसी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, बोर्ड परीक्षा परिणाम, छात्र उपस्थिति, नामांकन, अधोसंरचना, अपार आईडी, आधार सीडिंग सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए अधिकारियों एवं प्राचार्यों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, बेहतर परीक्षा परिणाम और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।

नवंबर-दिसंबर तक पूरा करें पाठ्यक्रम, बोर्ड परीक्षा पर विशेष फोकस

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देश दिए कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक का पाठ्यक्रम नवंबर-दिसंबर तक पूर्ण कराया जाए। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। मेधावी विद्यार्थियों को मेरिट सूची में स्थान दिलाने तथा JEE एवं NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए जुलाई से अतिरिक्त कक्षाएं

बैठक में कमजोर विद्यार्थियों के लिए जुलाई माह से रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से गणित एवं अंग्रेजी विषयों पर ध्यान देते हुए विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बेहतर श्रेणी में उत्तीर्ण कराने के प्रयास किए जाएंगे। प्रत्येक माह कम से कम दो मूल्यांकन परीक्षण अनिवार्य रूप से आयोजित किए जाएंगे।

उपस्थिति और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत से कम है, वहां शिक्षक घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पालकों से संवाद करें। लगातार 15 दिनों तक अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वनांचल एवं पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष रूप से बालिकाओं की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए गए।

आउट ऑफ स्कूल बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ें

कक्षा 1 से 8 तक के शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके लिए आंगनवाड़ी की सूची से मिलान कर नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया गया।

अपार आईडी, आधार सीडिंग और छात्र मैपिंग में लाएं तेजी

बैठक में अपार आईडी, आधार सीडिंग एवं दस्तावेजों की त्रुटियों के कारण लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है वहां विशेष आधार शिविर आयोजित कर नाम एवं जन्मतिथि संबंधी त्रुटियों का सुधार कराया जाएगा। साथ ही शनिवार तक सभी विद्यार्थियों की ऑनलाइन प्रविष्टियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कक्षा 9वीं एवं 12वीं के शेष विद्यार्थियों की मैपिंग भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।

जर्जर भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करें, सुरक्षा सर्वोपरि

कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों को तत्काल डिस्मेंटल करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवालों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी अधिकारियों की सहायता लेने को कहा गया।

वर्ष में तीन बार होगी शिक्षा विभाग की व्यापक समीक्षा

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग के कार्यों की वर्ष में कम से कम तीन बार विस्तृत समीक्षा की जाएगी, ताकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक विपनेश कुमार जैन, जिला परियोजना समन्वयक श्री द्विवेदी, जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी/बीएसी तथा विकासखंड चीचली अंतर्गत सभी शासकीय हाई स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

जरूरी खबरें