13 लाख की चोरी का 12 घंटे में खुलासा : जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा था, वही निकला पर्दे के पीछे का किरदार इटारसी पुलिस ने सुलझाई रहस्यमयी चोरी
Aditi News Team
Thu, May 7, 2026
दुकान के भीतर ही छुपा था राज 13 लाख की चोरी का 12 घंटे में खुलासा
जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा था, वही निकला पर्दे के पीछे का किरदार इटारसी पुलिस ने सुलझाई रहस्यमयी चोरी
इटारसी।सराफा बाजार की एक शांत सी दुकान तुलसी ज्वेलर्स। बाहर से सब सामान्य, अंदर रोज़मर्रा का हिसाब-किताब, ग्राहक और चमकते गहनों की दुनिया। लेकिन इसी चमक के पीछे एक ऐसी परछाई छुपी थी, जिसने पूरे सिस्टम को हिला दिया।
महीने के अंत में जब हिसाब जोड़ा गया तो एक बात ने सबको चौंका दिया ,सोने के मंगलसूत्र के 10 पेंडेल गायब थे। कीमत लगभग 13 लाख रुपये।
पहले लगा गलती होगी, फिर शक हुआ कि कहीं रखे होंगे लेकिन जब हर कोना खाली मिला, तो मामला चोरी का बन गया।
थाना इटारसी में रिपोर्ट दर्ज हुई। अपराध क्रमांक 405/26 कायम हुआ। लेकिन कहानी यहां से और गहरी हो गई।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो दुकान में एक अजीब खालीपन मिला ,सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। यानी आंखें ही बंद थीं।
और फिर सामने आया एक नाम गौरव नामदेव। वही कर्मचारी जो पिछले कई दिनों से गायब था।
शुरुआत में उसने खुद को इलाज और निजी कारणों से बाहर बताया, लेकिन साइबर टीम की जानकारी ने उसकी कहानी को धीरे-धीरे तोड़ना शुरू कर दिया।
पूछताछ बढ़ी सवाल गहरे हुए और फिर सन्नाटा टूट गया।
जिस सच को छुपाने की कोशिश हो रही थी, वह बाहर आ गया
चोरी किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसी ने की थी जिसे दुकान का भरोसा सौंपा गया था।
उसने स्वीकार किया कि उसे पता था महीने के अंत में हिसाब होगा, इसलिए उसने पहले ही मौका देखकर 10 पेंडेल निकाल लिए थे।
और फिर उसी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से पूरा माल बरामद कर लिया।
12 घंटे और एक पूरा रहस्य खत्म।
लेकिन पीछे एक सवाल छोड़ गया
क्या हर बंद दरवाजा सुरक्षा का संकेत होता है या कभी-कभी वही दरवाजा अंदर के राज़ छुपाए होता है?
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक