: गाडरवारा,विधार्थी संवाद का आयोजन 7 जून को
Sun, Jun 6, 2021
गाडरवारा। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोमवार 7 जून को शाम साढ़े 4 बजे वर्चुअल कार्यक्रम के द्वारा विद्यार्थी संवाद आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के सत्र 2020-21 अंतर्गत कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में अध्ययनरत छात्र छात्राओं से संवाद करेंगे। यह संवाद कोरोना महामारी के कारण जनित विपरीत परिस्तिथियों के दृष्टिगत विद्यार्थियों के संबल में वृद्धि पर केंद्रित होगा। इस कार्यक्रम हेतु छात्र छात्राएँ आवश्यक वेबलिंक द्वारा ऑनलाइन जुड़ेंगे। साईंखेड़ा बीईओ श्रीमती सुनीता पटैल ने समस्त शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के छात्र छात्राओं से विद्यार्थी संवाद में सहभागिता की अपील की है।
: जबलपुर,पाटन में फर्टिलाइजर और किराना दुकान सील
Fri, Jun 4, 2021
जबलपुर। कोरोना कर्फ्यू के आदेश का उल्लंघन करने पर आज शुक्रवार को पाटन में दो दुकानों अग्रवाल फर्टिलाइजर एवं प्रयास किराना को सील कर दिया गया है।
तहसीलदार पाटन प्रमोद चतुर्वेदी ने यह जानकारी देते हुये बताया कि ये दुकानें नियम विरुद्ध खुली पाई गई थीं। तहसीलदार पाटन के अनुसार कोरोना कर्फ्यू के आदेश का पालन कराने आज उनके द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ पाटन के बाजार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मास्क नहीं लगाने और फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियम का उल्लंघन करने वाले पांच व्यक्तियों पर भी जुर्माना किया गया।
: नरसिंहपुर,मास्क नहीं लगाने वाले 189 व्यक्तियों पर लगा 17 हजार रूपये से अधिक का जुर्माना
Thu, Jun 3, 2021
नरसिंहपुर ।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर रोको- टोको अभियान के तहत कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने कोरोना संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के लिए अधिकारियों को क्षेत्र का लगातार भ्रमण करने और कोविड- 19 प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि लोगों को मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए प्रेरित किया जावे। इस बारे में जागरूकता बढ़ाई जावे।
इसी क्रम में जिले के 8 नगरीय निकायों में 3 जून को 304 लोगों को मास्क का नि:शुल्क वितरण किया गया। साथ ही इस दिन 8 नगरीय निकायों में मास्क नहीं लगाने पर 189 व्यक्तियों पर 17 हजार 550 रूपये का जुर्माना लगाया गया।
3 जून को मास्क नहीं लगाने पर नगरीय निकाय क्षेत्र नरसिंहपुर में 15 व्यक्तियों पर 1250 रूपये, गाडरवारा में 5 व्यक्तियों पर 500 रूपये, करेली में 7 व्यक्तियों पर 500 रूपये, गोटेगांव में 10 व्यक्तियों पर 700 रूपये, तेंदूखेड़ा में 16 व्यक्तियों पर 1200 रूपये, चीचली में 4 व्यक्तियों पर 400 रूपये, सांईखेड़ा में 6 व्यक्तियों पर 500 रूपये एवं सालीचौका में 2 व्यक्तियों पर 100 रूपये का जुर्माना लगाया गया है। इसी प्रकार पुलिस द्वारा 124 व्यक्तियों पर 12 हजार 400 रूपये का जुर्माना लगाया गया है।
इसके अतिरिक्त कोरोना कर्फ्यू का पालन नहीं करने पर करेली की संयुक्त टीम द्वारा 3 दुकानों को सील कर 1500 रूपये का जुर्माना लगाया।
इसके अलावा नगरीय निकाय नरसिंहपुर में 20, गाडरवारा में 20, करेली में 15, गोटेगांव में 10, तेंदूखेड़ा में 70, चीचली में 20, सांईखेड़ा में 20 व सालीचौका में 5 लोगों को मास्क का नि:शुल्क वितरण किया गया। इसी प्रकार पुलिस द्वारा 124 लोगों को मास्क का नि:शुल्क वितरण किया गया।