: खुशी जाट का व्हालीबाॅल में उत्कृष्ट प्रदर्शन
Sat, Dec 7, 2024
खुशी जाट का व्हालीबाॅल में उत्कृष्ट प्रदर्शन
मध्यप्रदेश शासन उच्चशिक्षा विभाग भोपाल के खेल कैलेण्डर अनुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर की महिला व्हालीबाॅल टीम ने दिनांक 03 दिसम्बर से 04 दिसम्बर 2024 तक आई.पी.एस. एकेडमी ग्वालियर में संपन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया एवं फाइनल में भोपाल को हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर की राज्य स्तरीय विजेता टीम में एम.आई.एम.टी. काॅलेज नरसिंहपुर में बी.काॅम द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत छात्रा खुशी जाट ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। खुशी जाट नरसिंहपुर के गणमान्य कृषक जितेन्द्र सिंह जाट एवं श्रीमती संगीता जाट की पुत्री है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव प्रो. राजेन्द्र कुरारिया, चेयरमैन इंजी. रुद्रेश तिवारी, प्राचार्य डाॅ. अशोक कुमार गर्ग, खेल प्रभारी करीम खान तथा मो. आशिक अली सहित स्टाॅफ मेम्बर्स एवं शुभचिंतकों ने बधाईयाँ एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है।
: 100 दिवसीय टीबी अभियान नि-क्षय शिविर का हुआ शुभारंभ
Sat, Dec 7, 2024
100 दिवसीय टीबी अभियान नि-क्षय शिविर का हुआ शुभारंभ
नरसिंहपुर।राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा देश के 347 चयनित जिलों में नरसिंहपुर जिले को भी शामिल किया गया है। जिले में 100 दिवसीय नि- क्षय शिविर अभियान 7 दिसम्बर से शुरू होकर आगामी 24 मार्च 2025 विश्व क्षय दिवस तक चलाया जायेगा।100 दिवसीय नि- क्षय शिविर अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया एवं पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल की मौजूदगी में जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में शनिवार को हुआ। इस दौरान उन्होंने नि-क्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किये गये। टीबी का उपचार लेकर ठीक हो चुके मरीजों को टीबी चैम्पीयन का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के तहत जिले के संभावित क्षय रोगियों की पहचान के लिए अधिक से अधिक जांच की जायेंगी। इस दौरान 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, धुम्रपान, जेल, वृद्धाश्रम, अनाथालय, रैन बसेरा, आवासीय विद्यालयों, स्लम, उद्योग या अस्थायी आवासीय श्रमिकों की टीबी की स्क्रीनिंग की जायेगी। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, सीएमएचओ डॉ. एपी सिंह, जिला क्षय अधिकारी, सिविल सर्जन, अन्य चिकित्सक व अस्पताल के कर्मचारी, टीबी चैम्पीयन और टीबी के उपचार रत मरीज मौजूद थे।
: हमारा प्रयास कोई गौमाता सड़कों पर न रहे: मंत्री श्री पटेल
Sat, Dec 7, 2024
हमारा प्रयास कोई गौमाता सड़कों पर न रहे: मंत्री श्री पटेल
गौ माता के लिए भोजन और पानी, सुरक्षा का प्रबंध करना है प्राथमिकता
गौ अभ्यारण्य के लिए चिन्हित भूमि का किया निरीक्षण
पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम एवं भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शुक्रवार को भिण्ड जिले के ग्राम पाण्डरी में गौ-अभ्यारण्य के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। मंत्री श्रीपटेल ने कहा कि गौ-अभ्यारण्य के लिए भूमि पर्याप्त और सुन्दर है। सुरक्षा की दृष्टि से इसमें तार फेंसिंग की जरूरत है, जिससे गौ-वंश खेतों में न जा सके। गौ-माता के लिए पर्याप्त भोजन और पानी के प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि हम सबका प्रयास होना चाहिए कि सड़क पर कोई गौ-माता नहीं रहे।मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गौ-शाला के लिए दो रास्ते एवं दो द्वार बनाए जाएं। उन्होंने गौ-अभ्यारण्य की तार फेंसिंग में लगने वाले समय, पानी की व्यवस्था की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना सिंह भदौरिया, विधायक भिण्ड श्री नरेन्द्र सिंह कुशवाह, कलेक्टर श्री संजीव श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश कुमार गोमे सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।