: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Aditi News Team
Thu, May 4, 2023
जनसेवा अभियान के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त
नरसिंहपुर।मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण का क्रियान्वयन 10 मई से 25 मई तक किया जाना है। इस हेतु मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय भोपाल के द्वारा शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरसिंहपुर सुश्री सुनीता खंडायत ग्रामीण क्षेत्र व अपर कलेक्टर नरसिंहपुर श्री दीपक कुमार वैद्य शहरी क्षेत्र हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है। संबंधित अधिकारी अपने- अपने क्षेत्र में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण के सुचारू क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे।
ग्राम पंचायत खुलरी में पुस्तकालय प्रारंभ
नरसिंहपुर।कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने अपने चॉवरपाठा जनपद पंचायत के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत खुलरी में जन जागृति पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस पुस्तकालय में यहां के विद्यार्थी, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, आकर पढ़ाई कर सकते है। यहां उनके लिये पर्याप्त पुस्तकें, किताबें, बैठक व्यवस्था, लाइट, पंखे आदि की व्यवस्था की गई है। यहां मौजूद विद्यार्थियों से कलेक्टर सुश्री बाफना ने चर्चा की व विद्यार्थियों के द्वारा निर्धारित लक्ष्य के बारे में पूछा।
स्थानीय सरपंच द्वारा यहां के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं इसमें पुस्तकालय कक्ष में आकर्षक वॉल पेंटिंग, प्रेरणादायी कथन शामिल है। इसके अलावा आवश्यकतानुसार विद्यार्थियों को अध्ययन से सम्बन्धित हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रूचि के विषय बतायें। उन्होंने रेल्वे, बैंकिंग, पुलिस, एमपीपीएससी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की बात कही। कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि उनकी तैयारी में आवश्यक सभी अध्ययन सामग्री यहां नि:शुल्क उपलब्ध है। वे यहां आकर इसका लाभ ले सकते हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुनीता खण्डायत, जिला परिवहन अधिकारी डॉ. जितेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
विदित है कि ज़िले के हर जनपद के गाँवों में जन जागृति पुस्तकालय प्रारम्भ किए जा रहे हैं। ज़िला प्रशासन द्वारा ज़िला परिवहन अधिकारी डॉ जितेंद्र शर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कलेक्टर ने किया जल जीवन मिशन एवं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण
नरसिंहपुर।कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने अपने चॉवरपाठा जनपद पंचायत के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत सिहोरा में जल जीवन मिशन, अजंसरा में बनाये गये उपार्जन केंद्र जैन वेयर हाऊस का जायजा लिया।
ग्राम पंचायत सिहोरा में उपस्थित ग्रामवासियों से उन्होंने चर्चा की। यहां मौजूद पीएचई ईई ने बताया कि यहां नल जल योजना के अंतर्गत 312 कनेक्शन सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। अंतिम घर तक पर्याप्त पेयजल उपलब्धता है।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने मौजूद महिलाओं से कहा कि जल कर वसूली समय पर हो। नल वॉल्व ऑपरेटिंग की व्यवस्था रहे, किसी भी स्थिति में जल व्यर्थ न बहें। साथ ही यहां जल संरक्षण एवं सवंर्द्धन के कार्य किये जायें। यहां ग्रामवासियों द्वारा अतिक्रमण की बात कही गई। इस पर कलेक्टर सुश्री बाफना ने राजस्व अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
गेहूं उपार्जन केंद्र खुलरी में बताया गया कि यहां अभी तक 180 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग की गई है जिसमें से सभी कृषकों ने अपनी फसल का उपार्जन कर लिया है। अभी तक कुल 8 हजार 424 क्विंटल खरीदी हो चुकी है, वहीं 7 हजार 368 क्विंटल गेहूं का परिवहन हो चुका है। किसानों के खातों में भुगतान भी समय पर हो रहा है।

Tags :