: सर्वाइकल केंसर समाप्त करने हस्ताक्षर अभियान संचालित
Fri, Nov 18, 2022
विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा विश्व स्तर पर 2030 तक सर्वाईकल केंसर समाप्त करने 17 नवंबर 2022 को जिला चिकित्सालय सीहोर स्थित एनसीडी क्लिनिक एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संस्था में हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत सिविल सर्जन डॉ.प्रवीर गुप्ता तथा जिला नोडल अधिकारी एनसीडी कार्यक्रम डॉ.पुष्पा चंदेल द्वारा की गई। इस अवसर पर संकल्प लिया गया कि भारत से सर्वाइकल केंसर को समाप्त करने की सभी संकल्प लेते है।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि 30 से 65 वर्ष की आयु की महिलाओं का उनके नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में सर्वाइकल कैंसर की जांच कराने और उचित उपचार लेने के लिए प्रोत्साहित करने अभियान संचालित किया जा रहा है। सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है। वैष्विक रिपोर्ट के अनुसार भारत में हर आठ मिनट में एक महिला की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है। आयोजित हस्ताक्षर अभियान में डॉ. आरके वर्मा मेडिकल विशेषज्ञ सहित बड़ी संख्या में अस्पताल स्टॉफ एवं मरीज एवं उनके परिजन शामिल थे।
: चौदह वर्षीय बालक विकास खरे ने अपने जन्म-दिवस पर पौध-रोपण किया
Fri, Nov 18, 2022
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के साथ चौदह वर्षीय बालक विकास खरे ने अपने जन्म-दिवस पर पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बालक विकास से जीवन पर्यंत अपने जन्म-दिवस पर पौधा लगाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में शहतूत, खिरनी और सामिया केसिया के पौधे लगाए। बालक विकास खरे के परिवार के श्री ललित खरे, श्री ए.पी. खरे, सुश्री अर्चना खरे और श्री इशान खरे पौध-रोपण में सम्मिलित हुए।मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन पौधा लगाने के अपने संकल्प के क्रम में जन-जन को निरंतर पौध-रोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस क्रम में सामाजिक कार्यकर्ता श्री सुनील साहू भी अपने जन्म-दिवस पर परिवार सहित पौध-रोपण में शामिल हुए। श्री साहू के साथ सामाजिक कार्यकर्ता श्री वैभव पवार तथा श्री साहू के परिवार के श्री देवेंद्र साहू, श्रीमती पार्वती साहू और श्रीमती सुशीला साहू ने भी पौध-रोपण किया।
: ग्राम सभाओं में दी जाएगी पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी
Fri, Nov 18, 2022
एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मुख्यमंत्री ने ली बैठकपेसा एक्ट के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस एक्ट के माध्यम से जनजातियों को समर्थ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। एक्ट के तहत उनको जल, जंगल और जमीन के अधिकार प्रदान किए गए हैं। सरकार का यह एक क्रांतिकारी कदम है जिसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में एनआईसी कक्ष से कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत एवं सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि पेसा एक्ट का नुक्कड़-नाटक, दीवार-लेखन सहित अन्य नवाचारों के द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि एक्ट के संबंध में प्रचार-प्रसार करने एवं उसका प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की महती भूमिका होगी। संबंधित सभी विभाग आपस में समन्वय करें। उन्होंने इस संबंध में 22 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि 20 नवंबर से 3 दिसम्बर के मध्य चरणबद्ध रूप से ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाकर ग्रामीणों को एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराया जाएगा। ग्रामसभा की तिथि जिला कलेक्टर प्रभारी मंत्री से चर्चा कर तय करेंगे। इसी प्रकार ग्रामसभा के सदस्यों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा जिसके लिए मास्टर ट्रेनर्स का चिन्हांकन की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण, विभिन्न समितियों के गठन एवं बैंक खाता खोलने की कार्यवाही के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। श्री चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट के संबंध में जानकारी देने के लिए राज्य स्तर से यात्रा निकाली जाएगी, जो 4 दिसंबर को इंदौर में संपन्न होगी।