: दुबे की सेवानिवृति पर दी विदाई
Fri, Jun 30, 2023
दुबे की सेवानिवृति पर दी विदाईगाडरवारा। गत दिवस समीपी ग्राम गरधा की एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला में सहायक शिक्षक पूनमचंद दुबे को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर ग्रामवासियों व संस्था एवं जनशिक्षा केंद्र के शिक्षको द्वारा शॉल, श्रीफल एवं उपहार देकर आत्मीय विदाई दी गई। विदाई कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती के चित्र का पूजन कर किया गया तदोपरांत अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षको का स्वागत माला पहनाकर किया गया। विदाई कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जनपद शिक्षा समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल कौरव ने कहा कि पूनमचंद दुबे जी ने मेरे गृह ग्राम गरधा में बेहतर सेवाएं दी । साईंखेड़ा बीईओ प्रतापनारायण ने कहा कि शासकीय सेवा में पदस्थापना, स्थानांतरण एवं सेवानिवृति एक प्रक्रिया का हिस्सा है इससे सभी को गुजरना पड़ता है। कार्यक्रम में शिक्षक पूनमचंद दुबे ने कहा कि मुझे सेवाकाल में सभी ने भरपूर सहयोग दिया। बच्चों को सदैव मेने बेहतर शिक्षा दी। कार्यक्रम को गरधा सरपंच प्रवीण ममार , नगेन्द्र त्रिपाठी, विजेंद्र कौरव, राजेन्द्र गुप्ता सहित श्री दुबे की बेटी शिक्षक अर्चना दुबे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन बीएसी संदीप स्थापक एवं अंत मे आभार प्रदर्शन संस्था के वरिष्ठ शिक्षक आर पी गोस्वामी ने किया। कार्यक्रम में सीएम राईज प्राचार्य चन्द्रकांत विश्वकर्मा, जनशिक्षक अपसार खान, बनवारीलाल नागवंशी, टीकाराम कोरी,अहिल्या उइके, सरोज झारिया, रेखा शर्मा, अल्पना स्थापक, मनीष शंकर तिवारी, मधुसूदन पटैल, दशरथ जाटव , प्रकाश नामदेव, मदनगोपाल चौधरी, सुरेश चौहान, विवेक नाईक, प्रेमलाल शर्मा, महेंद्र कौरव, राकेश अग्रवाल, रामकुमार कौरव सहित अनेक शिक्षक एवं श्री दुबे के परिजन उपस्थित रहे ।
: जिला स्तर पर स्थानांतरण की अवधि 7 जुलाई तक बढ़ाई
Thu, Jun 29, 2023
राज्य शासन ने जिला स्तर पर अधिकारियों/कर्मचारियों के स्थानांतरण की अवधि 7 जुलाई, 2023 तक बढ़ा दी है। राज्य शासन ने पूर्व में जिला स्तर पर अधिकारियों/कर्मचारियों के स्थानांतरण पर 30 जून, 2023 की अवधि तक प्रतिबंध हटाया था। शासन द्वारा अवधि बढ़ाये जाने के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवधि बढ़ाने के अतिरिक्त अन्य सभी निर्देश यथावत् रहेगें।
: गुंडे, बदमाशों में पुलिस का खौफ और आम जनता का पुलिस पर विश्वास होना जरूरी : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Thu, Jun 29, 2023
गुंडे, बदमाश और असामाजिक तत्वों पर कठोरता से कार्रवाई की जाये
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशा करने वालों पर त्वरित कार्यवाही करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की इंदौर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रातः इंदौर की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गुंडे, बदमाश और असामाजिक तत्वों पर कठोरतम कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुंडे, बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे। आम जनता में पुलिस पर विश्वास होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशा करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर तुरंत कार्यवाही की जाए।मुख्यमंत्री निवास समत्व कार्यालय भवन में हुई बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह श्री राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना, एडीजी इंटेलीजेंस श्री आदर्श कटियार, ओ.एस.डी. मुख्यमंत्री श्री अंशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इंदौर से कमिश्नर श्री पवन शर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री मकरंद देउस्कर, कलेक्टर श्री टी. इलैया राजा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी बैठक में वर्चुअली शामिल हुए।