: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Sun, May 29, 2022
त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन- 2022"नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए हुआ आरओ एवं एआरओ का प्रशिक्षण
नरसिंहपुर। त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन- 2022 के अंतर्गत नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के संबंध में जिले के सभी 6 विकासखंडों के रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं क्लस्टर रिटर्निंग ऑफिसर का प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में रविवार को सम्पन्न हुआ। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. सीएस राजहंस, डॉ. मनीष अग्रवाल, डॉ. एसके उप्रेलिया एवं डॉ. राजेश ठाकुर ने प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण में कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने कहा कि नाम निर्देशन की प्रक्रिया त्रुटिरहित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि इस दौरान आने वाली समस्याओं की त्वरित पहचान कर उन्हें शुरू में ही दूर करने की रणनीति तैयार रखें। आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाये। इस दौरान जरूरत के मुताबिक आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी हो।प्रशिक्षण के दौरान नाम निर्देशन की प्रक्रिया और इसके प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा हुई। नाम निर्देशन पत्र के साथ संलग्न किये जाने वाले आवश्यक प्रपत्रों, शपथ पत्र/ घोषणा पत्र, जाति प्रमाण पत्र, अदेय- नोड्यूज प्रमाण पत्र, निक्षेप राशि के संबंध में चर्चा कर आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही कहूट- Kahoot ऑनलाइन एप द्वारा प्रश्नोत्तरी से उनका मूल्यांकन भी किया गया।प्रशिक्षण में नाम निर्देशन की अन्य प्रक्रिया में संवीक्षा, विधिमान्य उम्मीदवारों की सूची, नाम वापसी की प्रक्रिया, अंतिम रूप से चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन, प्रतीक चिन्हों के आवंटन की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।प्रशिक्षण में सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम सृष्टि जयंत देशमुख, श्री राजेश शाह, पूजा तिवारी, श्रीमती निधि सिंह गोहल, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद थे।
49 पाव मदिरा बरामद,अवैध मदिरा के 3 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशों के परिपालन में जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शनिवार को वृत्त गाडरवारा के ग्राम बारहाबड़ा में दबिश दी गई।दबिश के दौरान 36 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 13 पाव देशी मदिरा मसाला समेत कुल 49 पाव मदिरा बरामद की गई। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 3 प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये।अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
: गाडरवारा,ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का दूसरा चरण 30 मई से
Sun, May 29, 2022
ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का दूसरा चरण 30 मई सेगाडरवारा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 अंतर्गत एफएलएन पर विशेष जोर को ध्यान में रखते हुए मिशन अंकुर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु शासकीय विद्यालयों में कक्षा पहली और दूसरी पढ़ाने वाले शिक्षको के ब्लॉक स्तर पर 5 दिवसीय प्रशिक्षणो के दूसरे चरण की शुरुआत 30 मई से हो रही है। उपरोक्त जानकारी देते हुए डीईओ के जिला मीडिया दल सदस्य मधुसूदन पटैल ने बताया कि 30 मई की सुबह 9 बजे से चीचली ब्लॉक के 76 शिक्षको का प्रशिक्षण उत्कृष्ट विद्यालय चीचली मे एवं साईखेड़ा ब्लॉक के 86 शिक्षको का प्रशिक्षण गाडरवारा के बीटीआई स्कूल में शुरू होगा। दोनों ब्लाकों के प्रशिक्षणो में भोपाल से प्रशिक्षण में शामिल होकर लोटे डीआरजी शिक्षको को प्रशिक्षित करेंगे। बीआरसी डी के पटैल एवं गिरीश पटैल ने शिक्षको से उपस्थिति की अपील की है।
: गाडरवारा, राज्य स्तरीय बाल बैडमिंटन प्रतियोगिता गोल्डन कप का भव्य शुभारंभ
Sun, May 29, 2022
राज्य स्तरीय बाल बैडमिंटन प्रतियोगिता गोल्डन कप का भव्य शुभारंभ
गाडरवारा के स्थानीय टीव्ही एन स्कूल में बाल बैंडमिंटन एसोसिएशन नरसिंहपुर के तत्वाधान में राज्य स्तरीय बाल बैंडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।उक्ताशय जानकारी प्रदान करते हुए गाडरवारा नगर के वरिष्ठ समाजसेवी व जिला संयोजक मुकेश बसेड़िया ने बताया कि उपरोक्त प्रतियोगिता में बालक ,बालिकाओं की 18 जिलों की 21 टीमें भाग ले रही है , जिसमे छिंदवाड़ा, सागर, भोपाल, सीहोर, मुरैना , सतना, नरसिंहपुर धार, डिंडोरी, आदि ने शुभारंभ में भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सर्व प्रथम अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के पूजन व दीप प्रज्जलित कर किया।गाडरवारा के पूर्व विधायक आदरणीय पं नरेश पाठक व सम्मानीय अशोक काबरा ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा कार्यक्रम में नगर के सम्मानीय जनप्रतिनिधि गण , वरिष्ठजनों व गणमान्य नागरिकों के साथ मातृ शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।पूर्व विधायक सम्मानीय श्री नरेश पाठक ने अपने उदवोधन में आयोजन की प्रशन्सा कर खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया व सभी सम्मानीय वरिष्ठजनों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया व शुभकामनाएं प्रदान की।जिला अध्यक्ष सतीश कौरव जिला सचिव आर्यन दुबे ने पधारे सम्मानीय अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की जानकारी दी। मंच संचालन शैलेश कौरव व तथा आभार जिला सचिव आर्यन दुबे ने किया। कमेंट्री का प्रभार जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश सोनी ने निभाया।