: भोपाल,आँगनवाड़ी बहुआयामी मानवीय सेवा केन्द्र : राज्यपाल श्री पटेल
Fri, Mar 11, 2022
राज्यपाल श्री पटेल आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हुए शामिल
भोपाल।राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि आँगनवाड़ी केन्द्र बहुआयामी मानवीय सेवा के केन्द्र हैं। आँगनवाड़ी केन्द्रों से जो सेवाएँ दी जा रही है, उससे देश का नव-भविष्य निर्मित होता है। राज्यपाल श्री पटेल शुक्रवार को विदिशा में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि राष्ट्र के भविष्य की नींव बनाने आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महती भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कल्याण के लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका सहयोग जरूरी है। इसमें आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग महत्वपूर्ण है।राज्यपाल श्री पटेल ने अनुवांशिक रोगों की रोकथाम के लिए भी आँगनवाड़ी केन्द्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र में सिकलसेल से पीड़ित बच्चे आते हैं तो उनके अभिभावकों का भी परीक्षण अवश्य कराया जाए। यह बीमारी अनुवांशिक होती है। उन्होंने प्रशिक्षण में बच्चों और गर्भवती माताओं की जाँच-पड़ताल के लिए बताए गए हैं नवाचारों क्रियान्वयन केन्द्रों पर करने की बात कही। राज्यपाल ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। प्रशिक्षण देने और प्राप्त करने वालों के द्वारा समाज को नई दिशा देने का कार्य किया जा रहा है, जिसका लाभ मिलेगा। उन्होंने आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं से कहा कि जैसे ही किसी महिला के गर्भवती होने की जानकारी प्राप्त होती है, उसकी देखभाल बेहतर ढंग से की जाए, जिससे जन्म लेने वाला बच्चा और माता सुरक्षित और स्वस्थ रहें। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने आँगनवाड़ी पर्यवेक्षक और कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।विद्या भारती और सेवा भारती के सहयोग से आयोजित 5 दिवसीय आँगनवाड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम को श्रीमती रेखा चूड़ासमा ने भी संबोधित किया। आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किये। भोपाल कमिश्नर श्री गुलशन बामरा, आईजी श्री इरशाद वली, कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव, पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ डॉ. योगेश भरसट सहित, आँगनवाड़ी पर्यवेक्षक, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
: नरसिंहपुर,जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
Fri, Mar 11, 2022
नरसिंहपुर
।आगामी होलिका दहन, धुरेड़ी, शबे बारात, रंगपंचमी त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर रोहित सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को सम्पन्न हुई।
बैठक में जिला शांति समिति ने जिले के नागरिकों से अपील की कि जिले की शांति, सद्भाव एवं एकता की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप जिले में आगामी होली, रंगपंचमी सहित सभी त्यौहार मिल- जुलकर आपसी भाईचारे के साथ मनाये जायें। त्यौहारों में डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। धुरेड़ी एवं रंगपंचमी में केमिकल युक्त पीली मिट्टी की बिक्री पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। आमजन ज्वलनशील रंगों/ पेस्टों/ गोबर/ कीचड़ का इस्तेमाल न करें। अवैध शराब की बिक्री नहीं होगी। पुलिस एवं आबकारी विभाग इस पर लगातार निगरानी रखकर कार्रवाई करेंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम राजेश शाह, मैथिलीशरण तिवारी, मो. शब्बीर उस्मानी, मो. हुसैन पठान, मनमोहन बंटी सलूजा, लालसाहब जाट, मनोहर लाल साहू, नरेन्द्र राजपूत, हाफिज मो. इमाम साबरी, गुड्डू मालगुजार, मो. असलम खान, चौ. जोगेन्द्र सिंह, अब्दुल हकीम खान, किशन गुप्ता, सरदार सिंह, श्री विनय जैन, कु. तराना खान, समिति के अन्य सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। इन पर अमल का भरोसा कलेक्टर ने दिलाया। जिला प्रशासन ने अपील की कि नई जगहों पर अगर होलिका दहन की जा रही हो, तो उसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना में दी जाये। होलिका दहन में लकड़ी की अपेक्षा गोबर के कंडे का उपयोग किया जाये। केन्द्रीय जेल एवं गौशालाओं में निर्मित गोबर के कंडों का उपयोग किया जा सकता है। होलिका दहन निर्धारित मुहूर्त के अनुसार हो। होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया जाये। विद्युत तारों/ टेलीफोन लाइन के नीचे होलिका न रखी जाये। असामाजिक तत्वों की निगरानी की जाये। जबरन चंदा वसूली न करें। व्यापारी वर्ग उत्तम किस्म के रंग- गुलालों की बिक्री करें। हाईवे के आसपास लगातार पेट्रोलिंग होती रहे। रात में पुलिस की गश्ती हो। तीन सवारी बैठाकर बाईक चलाने वालों की चैकिंग की जाये। चैकिंग प्वाइंट बनाये जायें। अनुभाग स्तर पर भी शांति समिति की बैठक आयोजित की जाये। तेज रफ्तार वाहनों पर आरटीओ कार्यवाही करे। कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन हो। फायर बिग्रेड की व्यवस्था रखी जाये।
समिति के सदस्यों द्वारा कहा गया कि मनाये जाने वाले त्यौहारों के महत्व को भी युवाओं तक पहुंचाया जाये।
कलेक्टर ने पार्कों की साफ- सफाई, लाइट व्यवस्था, ओपन जिम, पेड़- पौधों की देखरेख आदि समय- समय पर नियमित रूप से हो। बच्चों के लिए झूले हो। पार्कों की वास्तविक सार्थकता बनी रहे। समिति सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि शहर में सामाजिक संस्थाओं द्वारा आवारा मवेशियों के लिए व्यवस्था की गई है। श्री सिंह ने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि यह मवेशी गौशालाओं में शिफ्ट किये जायें। इनके चारे के लिए जिले के कृषकों ने आगे आकर गन्ना एवं ज्वार के अपशिष्ट प्रदान किये हैं। यह वाकई में काबिले तारीफ है।
: गाडरवारा के जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें
Fri, Mar 11, 2022
नरसिंहपुर
। नगर पालिका परिषद गाडरवारा के अंतर्गत कलेक्टर श्री रोहित सिंह की मौजूदगी में प्रोजेक्ट निदान के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का शुक्रवार को एनटीपीसी ऑडिटोरियम में आयोजन किया गया। शिविर में श्री सिंह ने लोगों की समस्यायें सुनी, आवेदन लिये और निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 511 आवेदन प्राप्त हुये। इनमें से विभिन्न आवेदनों/ शिकायतों का मौके पर ही निराकरण भी किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख और नोडल अधिकारी मौजूद थे।
दिव्यांग को तत्काल हुआ भुगतान
शिविर में गाडरवारा तहसील के ग्राम लिलवानी के दोनों हाथों से दिव्यांग श्री छोटेलाल गौड़ ने भारतीय स्टेट बैंक की गाडरवारा शाखा के अपने बचत खाते से राशि निकालने का आवेदन कलेक्टर को दिया और अपनी परेशानी बताई। इस पर कलेक्टर ने एलडीएम को समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर ही तहसीलदार द्वारा श्री छोटेलाल गौड़ को उनके खाते से राशि का भुगतान कराया गया।
तत्काल स्वीकृत हुई वृद्धावस्था व कल्याणी पेंशन
शिविर में गाडरवारा के शास्त्री वार्ड के श्री रामचरण कहार, माता वार्ड की श्रीमती मुन्नी बाई जाटव, बीजासेन वार्ड के हीरालाल कोरी, जवाहर वार्ड के श्री रतन लाल मिश्रा के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 600 रुपये की पेंशन की स्वीकृति दी गई। इसी तरह मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन योजना के तहत निरंजन वार्ड की श्रीमती मुन्नी बाई कहार, श्रीमती सरस्वती मिर्धा, श्रीमती रानी सोंझरिया व श्रीमती सरोज बिल्थरे के लिए प्रतिमाह 600 रूपये पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई।
नोडल अधिकारियों ने गाडरवारा में किया वार्डों का भ्रमण
जनसमस्या निवारण शिविर के तहत गाडरवारा नगरीय क्षेत्र के 24 वार्डों के लिए नियुक्त 24 नोडल अधिकारी व सहायक नोडल अधिकारियों ने वार्डों का भ्रमण कर लोगों की समस्यायें जानी और निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 511 आवेदन आये, जिसकी वार्डवार समीक्षा कलेक्टर सिंह ने ऑडिटोरियम में की।
राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट चयन परीक्षा 20 मार्च को
नरसिंहपुर
।
राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट चयन परीक्षा रविवार 20 मार्च को प्रात: 10.45 बजे से 2.15 बजे तक जिले के 6 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी। परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण 16 मार्च को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर से संबंधित परीक्षा केन्द्राध्यक्षों को किया जायेगा। यह सामग्री नजदीकी पुलिस थाना/ चौकी में सुरक्षित रखवाई जायेगी। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी ने दी है।
20 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट चयन परीक्षा के लिए विकासखंड स्तर पर परीक्षा केन्द्रों का चयन किया गया है। विकासखंड नरसिंहपुर के लिए शासकीय एमएलबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर, विकासखंड गोटेगांव के लिए उत्कृष्ट विद्यालय गोटेगांव, विकासखंड करेली के लिए उत्कृष्ट विद्यालय करेली, विकासखंड चांवरपाठा के लिए उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा, विकासखंड सांईखेड़ा के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा और विकासखंड चीचली के लिए उत्कृष्ट विद्यालय चीचली को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी संबंधित परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र पर 20 मार्च को प्रात: 10.30 बजे तक प्रवेश पत्र के साथ अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में ओआरएम सीट- उत्तर पुस्तिका में केवल नीले या काले रंग के बाल पाइंट पेन का ही उपयोग कर सकेंगे। परीक्षा में कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रानिक डिवाईस का उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा। परीक्षार्थी राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट परीक्षा- एनएमएमएस के लिए परीक्षा के प्रवेश पत्र 12 मार्च से एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट
www.mponline.gov.in
से डाउनलोड कर प्राप्त कर सकेंगे।
450 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद
अवैध मदिरा के 6 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुर
।कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशों के परिपालन में जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरूवार को वृत्त गोटेगांव के ग्राम नगवारा में आबकारी विभाग द्वारा दबिश देकर 450 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) व 3 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 22 हजार 800 रूपये है। महुआ लाहन का सेंपल लेकर मौके पर विनष्टीकरण की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 6 प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये। उक्त कार्यवाही के दौरान आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर जमानत- मुचलके पर रिहा किया गया।
अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन
प्रविष्टियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 मार्च
5 श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
पहली राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता में भाग लेकर जीतें आकर्षक नकद पुरस्कार
नरसिंहपुर
। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पहली राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन "मेरा वोट, मेरा भविष्य है- ताकत एक वोट की" विषय पर किया गया है। आयोग राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2022 के अवसर पर रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से हर वोट के महत्व को समझाने के लिए उक्त राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। यह प्रतियोगिता स्वीप- व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आयु समूहों के लिए आयोजित की गई है। इसमें 5 प्रकार की प्रतियोगितायें आयोजित होंगी। प्रविष्टियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 मार्च 2022 है। प्रतियोगिता सभी के लिए है। प्रतियोगिता में भाग लेने वालों को अपना पंजीयन आयोग की वेबसाइट
https://ecisveep.nic.in/contest/
पर करना होगा। इसकी लिंक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र की वेबसाइट एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी उपलब्ध है। प्रतिभागी को अपनी प्रविष्टि आयोग की ईमेल आईडी
voter-contest@eci.gov.in
पर भेजना होगी।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की 5 श्रेणियां हैं, उनमें प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन- स्लोगन, गीत, वीडियो निर्माण और पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता शामिल हैं। ये प्रतियोगितायें शौकिया, पेशेवर और संस्थागत वर्ग में होंगी। प्रतिभागियों के लिए वीडियो निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अधिकतम 2 लाख रूपये, गीत प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अधिकतम एक लाख रूपये, पोस्टर डिजाइन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अधिकतम 20 हजार रूपये और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ई- प्रमाण पत्र, निर्वाचन आयोग मर्चेंडाइज और बैज दिये जायेंगे। इन्हें निर्वाचन आयोग के सोशल मीडिया पर प्रदर्शित किया जायेगा। प्रतियोगिता के तीनों स्तरों संस्थागत, पेशेवर एवं शौकिया के पूरे होने पर सभी प्रतिभागियों को ई- सर्टिफिकेट प्राप्त होगा। विस्तृत जानकारी के लिए
https://ecisveep.nic.in/contest/
पर लॉगिन करें।