: नरसिंहपुर ,महिला एवं बाल विकास, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा रूकवाया बाल विवाह
Sun, Feb 20, 2022
नरसिंहपुर
।
कलेक्टर रोहित सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार 19 फरवरी को महिला एवं बाल विकास, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम भूमिया ढाना के 19 वर्षीय युवक का विवाह ग्राम गंगई निवासी नाबालिग किशोरी से होने की सूचना प्राप्त होने पर बाल विवाह रूकवाया।
संयुक्त दल ने ग्राम भूमिया ढाना में युवक के निवास स्थल पर जाकर बाल विवाह के वैधानिक प्रावधानों से अवगत कराया तथा उचित उम्र 21 वर्ष प्राप्त करने पर ही विवाह करने की समझाइश दी। युवक के परिजनों ने विवाह स्थगित कर नियत उम्र पर ही विवाह करने की शपथ ली। बालिका के घर पर एक पृथक दल भेजा गया। उक्त बालिका की आयु भी नियत उम्र से कम पाई गई। बालिका एवं उसके परिजनों की काउंसलिंग की गई। इस बाल विवाह को रोकने गए दल को पहले यह बताया गया कि युवक को ग्राम तिंदनी ले जाकर विवाह कराया जा रहा है। अतः डीपीओ महिला एवं बाल विकास के नेतृत्व में पुलिस एवं चाइल्ड लाइन के एक दल द्वारा ग्राम पंचायत धुबघट गौंड़ी की ग्राम डेढवारा का निरीक्षण किया गया। जहां पर एक युवक का विवाह आयोजित किया जा रहा था। जांच करने पर वर वधु की आयु उपयुक्त पाई गई। इसके उपरांत ग्राम तिंदनी- नयागांव में भी निरीक्षण किया गया। वहां भी एक युवक की बारात जाने की तैयारी हो रही थी, जांच करने पर वर एवं वधु की आयु उचित पाई गई। इस तरह संयुक्त टीम को एक बाल विवाह को रोकने में सफ़लता प्राप्त हुई।
: गाडरवारा,शिक्षक संगोष्ठी एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित
Sun, Feb 20, 2022
गाडरवारा। गत दिवस साईखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मुंहार टोला(अजंदा) की शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षक संगोष्ठी एवं शिक्षको का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा चेतना टीम ने अतिथियों द्वारा शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षको मधुसूदन पटैल, राजेंद्र गुप्ता, सुरेन्द्र पटैल, अंजुलता नेमा, सचिन नेमा, पुहुप सिंह पटैल, विनय रावत एवं दीपेश अग्रवाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संवोधित करते हुए बीईओ प्रतापनारायण ने कहा की प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कुलो मे बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बीएसी संदीप स्थापक ने कहा की स्कूलों में समय समय पर बच्जों को प्रोत्साहित करने के लिये उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए। बीएसी योगेंद्र झारिया ने कहा की ब्लॉक की अकादमिक टीम लगातार शिक्षको को प्रोत्साहित करने का कार्य करती है। कार्यक्रम को उत्कृष्ट साईखेड़ा प्रभारी प्राचार्य धर्मेन्द्र वर्मा , शिक्षक सचिन नेमा , राजेन्द्र गुप्ता, पवन राजौरिया, सुरेश श्रीवास एवं सुरेन्द्र पटैल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा चेतना प्रमुख हल्केवीर पटेल एवं आभार प्रदर्शन विनय रावत ने किया। कार्यक्रम में महेश अधरुज, सिराज अहमद सिद्दिकी,पोहुप सिंह पटैल सहित अन्य उपस्थित रहे।
: गाडरवारा,नर्मदा परिक्रमा पूर्ण होने पर कराया भंडारा
Sun, Feb 20, 2022
गाडरवारा। स्थानीय मंगलसिटी कालोनी में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आदित्य कुमार वैश्य ने 15 दिन की नर्मदा परिक्रमा कार से पूर्ण करने पर सुंदरकांड का आयोजन कर भंडारा कराया। उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रम में साध्वी पुष्पा देवी रामायणी ने शामिल होकर नर्मदा पूजन कराई। पूजन उपरांत लोगो ने प्रसादी गृहण की। इस अवसर पर पुष्पा देवी रामायणी से भी मुलाकात कर लोगो ने आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में माँ नर्मदा को प्रदूषण मुक्त रखने की अपील को लेकर फ्लैक्स भी लगाया गया था। इस मौके पर आदित्य वैश्य ने बताया की माँ नर्मदा जीवन दायिनी है । नर्मदा मैया का जल प्रदुषण मुक्त रहे इस संकल्प को लेकर हम सभी कार्य करें। इस अवसर पर राव अजेंद्र सिंह, कुंवर शैलेष सिंह , मधुसूदन पटैल सहित कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।