: नरसिंहपुर,वृद्ध महिला के भरण- पोषण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के कलेक्टर के निर्देश
Wed, Feb 2, 2022
नरसिंहपुर।
कलेक्टर रोहित सिंह ने ग्राम नंदवारा हार की 80 वर्षीय वृद्ध महिला श्रीमती रामकली बाई के भरण- पोषण के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम नरसिंहपुर को दिये हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक भरण- पोषण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर वृद्ध महिला को राहत दिलाने के लिए कहा है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती रामकली बाई बुधवार को कलेक्टर से मिली। उन्होंने बताया कि उनके लड़कों द्वारा उनके भरण- पोषण के लिए कोई मदद नहीं दी जा रही है। इससे उन्हें जीवन यापन में कठिनाई हो रही है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम नरसिंहपुर को तत्काल भरण- पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रामकली बाई को सहूलियत दिलाने के निर्देश दिये हैं।
: भोपाल,नौ नगरीय निकायों को फायर ब्रिगेड खरीदने 1 करोड़ 60 लाख आवंटित
Wed, Feb 2, 2022
भोपाल।नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा 9 नगरीय निकायों को एक-एक छोटा फायर ब्रिगेड खरीदने के लिये एक करोड़ 60 लाख रूपये आवंटित किये गए है। इन्हें फायर ब्रिगेड वाहन क्रय करने के लिये कुल राशि 25 लाख रूपये के राज्यांश की 75 प्रतिशत राशि जारी की गई है।
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि नगर परिषद ब्यौहारी, बुढ़ार जिला शहडोल, शाहपुर जिला बड़वानी, उदयपुरा जिला रायसेन, गुढ़ एवं गोविंदगढ़ जिला रीवा और नगर परिषद चंदिया जिला उमरिया में से प्रत्येक को 18 लाख 75 हजार रूपये आवंटित किये गये है। नगर परिषद जयसिंहनगर को प्रथम किश्त के रूप में 12 लाख 83 हजार 520 रूपये और नगर परिषद पाली जिला उमरिया को द्वितीय किश्त के रूप में 15 लाख 91 हजार 480 रूपये आवंटित किये गये हैं।
: नरसिंहपुर,नगर पालिका के सहायक यंत्री शिवहरे निलंबित
Wed, Feb 2, 2022
नरसिंहपुर। आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने नगर पालिका परिषद् नरसिंहपुर के सहायक यंत्री अभिषेक शिवहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिवहरे को शासकीय कार्य समय-सीमा में नहीं करने तथा बिना सक्षम स्वीकृति के कार्यालय से अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि में शिवहरे का मुख्यालय सम्भागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास कार्यालय जबलपुर रहेगा। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।