: दिल्ली,गैर-ईंधन रिटेल बिक्री में एचपीसीएल के पदचिह्न का विस्तारदो नए ‘हैप्पी सुविधा केन्द्र’ शुरू
Mon, Jan 31, 2022
दिल्ली।बिक्री क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अपनी मौजूदगी को और सशक्त करते हुए, ‘HaPpyShop’ नामक अपने ब्रांड के अंतर्गत दो और सुविधा स्टोर के शुरुआत की घोषणा की है। कंपनी के ऑटो केयर सेंटर, बांद्रा पश्चिम, मुंबई में और मिलेनियम आउटलेट, विशाखापट्टणम में नए ‘HaPpyShop’ स्टोर खोले गए। ब्रांड नाम ‘HaPpyShop’ के तहत पहला रिटेल स्टोर सितंबर 2021 में मुंबई में नेपियन सी रोड पर कंपनी के रिटेल आउटलेट पर खोला गया था और यह स्टोर इलाके के निवासियों के बीच काफी लोकप्रिय बन चुका है। उपरोक्त के अलावा, मदुरई में ऑनलाइन स्टोर का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें विशुद्ध रूप से ऑनलाइन प्रारूप में भी ‘HaPpyShop’ की शुरुआत हुई।
कंपनी ने अपने ग्राहकों को दैनिक जरूरत के उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए ‘HaPpyShop’ ब्रांड नाम के तहत मल्टी-चैनल रिटेल स्टोर की अपनी श्रृंखला स्थापित करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक नए स्टोर में उत्पाद श्रृंखला का नियोजन स्थानीय निवासियों के स्वाद और वरीयताओं के अनुरूप सावधानीपूर्वक किया गया है। ग्राहकों द्वारा स्टोर के ताज़ा तरीन रुप और प्रदर्शन की काफी सराहना की जा रही है।
आस-पास के क्षेत्रों में ग्राहकों को एक सहज खरीदारी अनुभव प्रदान करने के लिए स्टोर उन्नत तकनीकी से सुसज्जित हैं। भौतिक स्टोर के अनुभव के साथ-साथ उनके पास डोर डिलीवरी मॉडल के साथ ऑनलाइन शॉपिंग का विकल्प भी है। ग्राहक एचपीसीएल के ‘HP Pay App’ (App Store और Play Store पर उपलब्ध) पर मर्चेंडाइज ब्राउज़ करने और खरीदारी करने में सक्षम होंगे और सामान उनके घरों तक पहुंचाए जाएंगे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में एचपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सुराणा ने कहा, “एचपीसीएल में ग्राहकों को एक अलग अनुभव प्रदान करने पर हमारा ध्यान केंद्रित है। ‘HaPpyShop’ ग्राहकों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की एक श्रृंखला प्रदान करेगा।”
एचपीसीएल ने ग्राहक सुविधा में एक और अध्याय जोड़ते हुए देश भर में अपने रिटेल आउटलेटों पर ‘Paani@Club HP’ नाम के तहत ब्रांडेड पैकेज्ड पेय जल की आपूर्ति भी शुरू कर दी है। ग्राहकों ने खुले मन से इस प्रस्ताव को स्वीकार किया है और यह ब्रांड बाजार में अपना स्थान बना रहा है।
: दतिया,लोक अभियोजन अधिकारी पीड़ितों को न्याय दिलायें- विधि मंत्री डॉ. मिश्रा
Sun, Jan 30, 2022
दतिया में विधिक - संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ
दतिया।
गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि-विधायी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि लोक अभियोजन अधिकारी पूरे आत्म-विश्वास के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलायें। अपराधियों को अधिकतम सजा दिलायें। डॉ. मिश्रा रविवार को दतिया में लोक अभियोजन संचालनालय द्वारा आयोजित विधिक संवर्धन पर एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि लोक अभियोजन अधिकारी एक सेतु के रूप में कार्य करते हैं। लोक अभियोजन अधिकारी अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन पूरी दृढ़ता के साथ करें। पूरे आत्म-विश्वास, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ प्रकरणों का गंभीरता से अध्ययन कर पीड़ित को न्याय दिलायें और अपराधियों को सजा दिलाने में पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि भविष्य में आयोजित होने वाली इस प्रकार की कार्यशालाओं में जीपीओ को भी शामिल किया जाये।
कोरोना योद्धाओं का किया सम्मान
मंत्री डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के कोरोना योद्धाओं का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि जिले के कोरोना योद्धाओं एवं समाज-सेवियों ने कोरोना काल में जरूरतमंदों को मदद करने के साथ कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने का सराहनीय कार्य किया है।
: नरसिंहपुर जिले के खास समाचार
Sun, Jan 30, 2022
शहीद दिवस पर मौनधारण कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
नरसिंहपुर।.
शहीद दिवस पर रविवार 30 जनवरी को जिले में शासकीय कार्यालयों में और नागरिकों ने मौनधारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई हाल में उपस्थित अधिकारी- कर्मचारियों ने दो मिनिट का मौनधारण कर भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपना जीवन बलिदान करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एसडीएम श्री राजेश शाह, डिप्टी कलेक्टर श्री राधेश्याम बघेल सहित विभिन्न अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
जिला स्तरीय उपार्जन समिति गठित
नरसिंहपुर।.
राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार जिले में रबी विपणन मौसम 2022- 23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए किसान पंजीयन संबंधी समस्त विवादों का अंतिम निराकरण पंजीयन केन्द्रों के पर्यवेक्षण एवं अन्य विषयों पर निर्णय लेने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की जिला स्तरीय उपार्जन समिति का गठन किया गया है।
जिला स्तरीय उपार्जन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर और सदस्य- सचिव जिला आपूर्ति अधिकारी होंगे। इस समिति में जिला लीड बैंक अधिकारी, उपसंचालक कृषि विकास एवं किसान कल्याण, उपायुक्त सहकारी संस्थाएं, जिला सूचना अधिकारी- एनआईसी, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, जिला विपणन अधिकारी- मार्कफेड, जिला प्रबंधक मप्र वेयर हाउसिंग एण्ड लॉजिस्टिक कार्पोरेशन, जिला प्रबंधक मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन, अधीक्षक भू- अभिलेख और सचिव कृषि उपज मण्डी नरसिंहपुर को सदस्य बनाया गया है।
जिले में पंजीयन संबंधी सभी विषयों के लिये अपर कलेक्टर को एसपीओसी (सिंगल प्वांइट ऑफ कंट्रोल) के रूप में नियुक्त किया गया है। ये राज्य स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संपर्क में रहेगें।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
नरसिंहपुर।.
राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार रबी विपणन मौसम 2022- 23 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी किये जाने के लिए किसान पंजीयन का कार्य ई- उपार्जन पोर्टल पर 5 फरवरी से 5 मार्च 2022 तक किया जायेगा।
इस सिलसिले में अपर कलेक्टर ने पंजीयन अवधि के दौरान पंजीयन प्रक्रिया में कृषकों से संबंधित आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नियंत्रण कक्ष जिला विपणन अधिकारी कार्यालय नरसिंहपुर में जिसका मोबाइल नम्बर 9993513975 और महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित कार्यालय नरसिंहपुर के कार्यालय में जिसका टेलीफोन नम्बर 07792- 231122 है, में बनाया गया है।
जिले के कृषक पंजीयन संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपरोक्त दूरभाष पर प्रात: 10.30 बजे से सायंकाल 6 बजे तक सम्पर्क कर समस्या का निराकरण करा सकेंगें।