: राहतगढ़,मानसिक एवं शारीरिक रूप से और मजबूत हो हमारी युवा पीढ़ी: परिवहन मंत्री श्री राजपूत
Thu, Feb 3, 2022
राहतगढ़ में 10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन
राहतगढ़।
युवा हमारे देश का भविष्य हैं, जिन्हें संवारना जरूरी है। राहतगढ़ में महाविद्यालय भवन के साथ ही जिम का निर्माण भी कराया जा रहा है। युवा मानसिक तथा शारीरिक रूप से स्वस्थ और मजबूत हों, देश का नाम रोशन करें। राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने राहतगढ़ में शासकीय महाविद्यालय के भवन-2 के भूमिपूजन के अवसर पर ये विचार प्रकट किए।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि, जब जब नौजवान खड़ा होता है, तब तब परिवर्तन के साथ विकास होता है। इस महाविद्यालय में 2 हज़ार के लगभग छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिन्हें स्थान की परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसे दूर करने के लिए भवन के भाग 2 का निर्माण किया जा रहा है। शीघ्र ही यह भवन तैयार होगा।
मंत्री श्री राजपूत द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने आदिवासियों एवं अन्य लोगों को पट्टे के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
गुरु उपकार महोत्सव में हुए शामिल
मंत्री श्री राजपूत ने मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर जी महाराज के भव्य 9वें गुरु उपकार दिवस महोत्सव पर राहतगढ़ स्थित जैन मंदिर में पहुँचकर गुरुवर से आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जैन समाज देने वाला समाज है। धर्म के लिए हमेशा द्वारा अपना सर्वस्व निछावर करने का उसमें जज्बा रहता है।
: भोपाल,पदोन्नति में आरक्षण संबंधी अगली बैठक 8 फरवरी को : मंत्री डॉ. मिश्रा
Thu, Feb 3, 2022
बैठक में शामिल होंगे कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी
भोपाल।गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा हैं कि पदोन्नति में आरक्षण संबंधी बैठक मंगलवार, 8 फरवरी 2022 को पुनः आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि मंत्री समूह ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि आगामी बैठक में अजाक्स और सपाक्स संगठन के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने शासकीय सेवकों को उनके सेवाकाल में पात्रता अनुसार पदोन्नति के अवसर प्रदान करने के लिए गठित मंत्री समूह की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में शासकीय सेवकों को पात्रतानुसार पदोन्नति के संबंध में भविष्य की रणनीति के निर्धारण के विभिन्न बिन्दु पर चर्चा हुई।
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, अपर मुख्य सचिव जल संसाधन श्री एस.एन. मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. अशोक अवस्थी, सचिव विधि ए.के. सिंह, सचिव वित्त अजीत कुमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
: गाडरवारा,वेटलैण्ड दिवस पर की सफाई
Thu, Feb 3, 2022
गाडरवारा। गत दिवस विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर साईंखेड़ा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम टिमरावन की शासकीय माध्यमिक शाला में ईको क्लब के माध्यम से बच्चों द्वारा माँ नर्मदा के तट पर साफ सफाई की गई । इस अवसर पर व्याख्यान का आयोजन किया गया जिसमे शिक्षिका प्रियंका अग्रवाल ने बच्चों को विश्व वेटलैण्ड दिवस मनाए जाने की अवधारणा से अवगत कराया । इस अवसर पर बच्चों को जल संरक्षण पर टीवी के माध्यम से जानकारी दिखाई गई। कार्यक्रम के आयोजन में शाला प्रभारी भाई जी चोधरी सहित संस्था के शिक्षको का सहयोग रहा।