: हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी द्वितीय परीक्षा प्रारंभ
Tue, Jun 17, 2025
हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी द्वितीय परीक्षा प्रारंभ
गाडरवारा। बीते मंगलवार से क्षेत्र के चयनित परीक्षा केन्द्रो पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी द्वितीय अवसर की परीक्षा प्रारंभ हो गई। विदित हो कि उक्त परीक्षा हेतु गाडरवारा के बीटीआई स्कूल, साईखेड़ा के साँदीपनी स्कूल एवं चीचली के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हिंदी विषय के परचे से शुरू हुई इस परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 12 बजे तक रखा गया है। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है। मंगलवार को परीक्षा के शुरुआती दिन बीटीआई स्कूल के केंद्र पर 10 वी की परीक्षा मे 39 मे से 36 एवं 12 वी की परीक्षा मे 13 मे से 13, साँदीपनी विद्यालय साईंखेड़ा के केंद्र पर 10 वी की परीक्षा मे 12 मे से 12 एवं 12 वी की परीक्षा मे 7 मे से 7 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी। इसी प्रकार क्षेत्र के चीचली ब्लॉक अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चीचली के केंद्र पर 10 वी परीक्षा मे 26 मे से 21 एवं 12 वी परीक्षा मे 11 मे से 10 छात्र छात्राएँ शामिल हुए। मंडल द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 10 वी की परीक्षा 26 जून एवं 12 वी की परीक्षा 5 जुलाई को संपन्न होंगी। प्रायोगिक परीक्षा भी निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 17 जून से 25 जून की समयावधि मे आयोजित होंगी। परीक्षा के आयोजन मे केंद्र अध्यक्षो सहित सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों का सहयोग मिल रहा है। मंगलवार को परीक्षा के पहले दिन साईंखेड़ा के प्राथमिक शिक्षक भानु राजपूत ने गलती से साईंखेड़ा केंद्र पर आ गई छात्रा को तत्काल उसके बीटीआई स्कूल गाडरवारा परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया। शिक्षक श्री राजपूत के इस कार्य की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।
: पहली दूसरी का गणित रिफ्रेशर प्रशिक्षण चीचली मे सतत जारी
Tue, Jun 17, 2025
पहली दूसरी का गणित रिफ्रेशर प्रशिक्षण चीचली मे सतत जारी
गाडरवारा। विकासखंड चीचली के अंतर्गत आने वाली समस्त शासकीय शाला के कक्षा पहली एवं दूसरी को पढ़ाने वाले शिक्षकों का तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का प्रथम चरण श्री साईं पब्लिक स्कूल चीचली में सतत जारी है। इस रिफ्रेशर प्रशिक्षण के प्रारम्भिक दो दिवस गणित विषय तथा तृतीय दिवस हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के लिए आवंटित किया गया है। प्रथम चरण के इस प्रशिक्षण में दो कक्षों में 89 शिक्षक सहभागिता कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण के प्रथम चरण के द्वितीय दिवस विकासखंड स्त्रोत समन्वयक डी के पटेल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए प्रशिक्षण की उपयोगिता, महत्वता, कौशलों का विकास, अभिवृत्ति में परिवर्तन तथा व्यवहारिक अनुप्रयोग से संबंधित चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण में डीआरजी मनीष नेमा, लेखराम गौतम, मन्नालाल पटले तथा जितेंद्र कौरव द्वारा गणित विषय की बारीकियां से शिक्षकों को अवगत कराया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में विकासखंड अकादमिक समन्वय अरुण दुबे द्वारा प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में समस्त व्यवस्था उपलब्ध करने, सत्यम ताम्रकार द्वारा सहप्रभारी के रूप में प्रशिक्षणार्थियों की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन उपस्थिति तथा कंप्यूटर कार्य एमआईएस कोऑर्डिनेटर दीपक श्रीवास्तव तथा अभिषेक पाराशर द्वारा किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस रिफ्रेशर प्रशिक्षण का द्वितीय तीन दिवसीय चरण 19 जून से 21 जून तक तक आयोजित किया जाएगा।
: जिला शिक्षा अधिकारी ने किया संजीवनी पुस्तिका का विमोचन
Tue, Jun 17, 2025
जिला शिक्षा अधिकारी ने किया संजीवनी पुस्तिका का विमोचन
गाडरवारा। गत दिवस जिला शिक्षा अधिकारी एम एस खान एवं डाइट व्याख्याता आर.के यादव ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नरसिंहपुर में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हल्के वीर पटेल द्वारा सृजित राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित ''संजीवनी'' नामक पुस्तक का विमोचन किया। पुरानी शिक्षा नीति के अनुसार चल रही परंपरागत शिक्षा व्यवस्था आधुनिकता के दौर में उतनी सफल नहीं हो पा रही थी, जितनी की जरूरत है l नए भारत के उज्जवल भविष्य को तय करने और समावेशी शिक्षा के साथ प्रत्येक विद्यार्थी को बिना भेद भाव के गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा मिल सके तथा 21वीं सदी के कोशलों को हासिल करते हुए वे वैश्विक स्तर पर आदर्श निर्मित कर सकें इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु भारत सरकार द्वारा 29 जुलाई 2020 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की घोषणा की गई और वर्तमान में इसे स्कूलों में लागू किया जा रहा है । भारत सरकार द्वारा उक्त निति को सफल बनाने चलाए जा रहे निपुण भारत मिशन और इसी के तहत मध्य प्रदेश राज्य द्वारा संचालित एफ .एल. एन , मिशन अंकुर कार्यक्रम का उत्साह पूर्वक स्वागत करते हुए नवाचारी शिक्षक हल्के वीर द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित ' संजीवनी ' नामक पुस्तक का लेखन किया गया है। शिक्षा के साथ - साथ साहित्य में रुचि रखने वाले श्री पटेल की यह पांचवीं पुस्तक है जो शीघ्र ही पाठकों के कर कमलों में प्रदान की जाएगी।श्री पटेल का मानना है कि यह नीति मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान को भली भांति समझ के साथ छात्रों तक पहुंचाने में संजीवनी की भांति सिद्ध होगी । जिस तरह संजीवनी बूटी कठिन परिस्थिति में बेहद उपयोगी सिद्ध हुई थी उसी प्रकार यह पुस्तक अनेक नवाचारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में संजीवनी की भांति सिद्ध होगी और नए भारत, सक्षम भारत और स्वर्णिम भारत का उज्जवल भविष्य तय करेगी। इसलिए शिक्षक द्वारा पुस्तक का नाम संजीवनी ही रखा है। पुस्तक लेखन का मूल उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्य एवं इसके विजन का प्रत्येक शिक्षक को अधिक से अधिक और प्रभावी ढंग से ज्ञान हो सके ताकि नन्हे बच्चों को सीखने - सिखाने एवं विभिन्न नवाचारों को अपनाने में मदद मिल सके। संजीवनी के विमोचन के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने इस पुस्तक को शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी और महत्वपूर्ण बताते हुए लेखक हल्के वीर पटेल को शुभकामना पत्र प्रदान किया। इस मौके पर डाइट के समस्त व्याख्याता, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। पुस्तक के विमोचन पर समस्त शिक्षकों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों में हर्ष व्याप्त है।