: गाडरवारा,शालेय स्तरीय विज्ञान मेला का आयोजन
Sat, Dec 25, 2021
गाडरवारा। गत दिवस स्थानीय शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बीटीआई) मैं कक्षा 11वीं एवं 12वीं विज्ञान वर्ग के छात्रों द्वारा विज्ञान मेले का आयोजन किया गया मेले में छात्रों द्वारा लॉजिक गेट,भंवर धाराएं, विभिन्न प्रकार के बिजली उत्पादन, भूकंप अलार्म, वाटर अलार्म,आदि विषयों पर मॉडल बनाए गये। इस दौरान शिक्षक श्रीमती अलका कोरी के मार्गदर्शन में भौतिक विज्ञान की कठिन अवधारणाओं को विज्ञान मॉडल द्वारा आसानी से समझाया और सिखाया गया। इस अवसर पर कक्षा ग्यारहवीं के छात्र आर्यन कोष्टी,पवन द्वारा हाइड्रोलिक लिफ्ट ,रूपेश भदौरिया, लक्ष्य छीपा, निशांत मेहरा द्वारा विभिन्न प्रकार से बिजली उत्पादन , सूर्यांश कौरव द्वारा हाइड्रोलिक ब्रेक के मॉडल बनाये गए। इसके अलावा कक्षा बारहवीं के छात्र पीयूष कोष्टी ,रोहित कहार द्वारा डीसी मोटर, ओम नामदेव, ऋषभ मालवीय द्वारा ओआर गेट एन एंड गेट , अनुज साहू, कृष्ण कुमार रजक द्वारा भूकंप अलार्म सिस्टम ,शरद कौरव द्वारा वाटर अलार्म, नरेंद्र किरार के द्वारा रिमोट से इलेक्ट्रिक पंखा रिमोट कंट्रोल बनाया गया । मेले में अनुज कौरव द्वारा विद्युत चुंबकीय प्रेरण पर आधारित अन्योन्य प्रेरण का चलित मॉडल बनाया गया। मेले में स्कूल के अन्य छात्रों के द्वारा भी अलग-अलग प्रेरणादायक मॉडल तैयार किए गए । शालेय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्राचार्य जयमोहन शर्मा, विनय शंकर शर्मा, मनमोहन शर्मा, के के राजोरिया, अनुज जैन, श्रीमती शिल्पी गुप्ता,श्रीमती सविता मिश्रा, श्रीमती संगीता गोलहानी आदि शिक्षक उपस्थित रहे एवं सभी ने छात्रों के प्रदर्शन को सराहा ।
: गाडरवारा,बिचुआ में कैरियर सप्ताह के तहत कार्यशाला आयोजित
Fri, Dec 24, 2021
गाडरवारा। गत दिवस साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बिचुआ के शासकीय हाईस्कूल में कैरियर सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन वरिष्ठ साहित्यकार कुशलेन्द्र श्रीवास्तव , कृषक शरद पटैल पत्रकार राजेन्द्र मेहरा एवं डीईओ द्वारा गठित जिला मीडिया दल सदस्य मधुसूदन पटैल के आतिथ्य में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती पूजन कर किया गया। तदोपरांत अतिथियॉ का स्वागत पुष्प गुच्छ एवं फूल माला पहनाकर प्राचार्य श्रीमती संगीता मेहरा सहित स्कूल के शिक्षको ने किया। कार्यशाला में छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किये। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कुशलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा की विद्यार्थियों में कैरियर के प्रति जागरूकता का होना आवश्यक है। विशेष तौर पर विषय चयन में सावधानी जरूरी है। कई बार छात्र जल्दबाजी में ऐसे विषय का चयन कर लेते है की उन्हें बाद में पछताना होता है। कार्यशाला में युवा कृषक शरद पटेल ने कहा की कृषि क्षेत्र में भी कैरियर बनाने की असीम संभावनाएं है। दसवीं के बाद कृषि विषय लेकर आप लोग पढ़ाई करके रोजगार हासिल कर सकते है । पत्रकार राजेंद्र मेहरा ने कार्यशाला में कहा की मीडिया क्षेत्र में चुनोतियाँ बहुत है। पत्रकारिता से जुड़े कोर्स करके मीडिया संस्थानों में रोजगार हासिल किया जा सकता है। कार्यशाला में शिक्षक मधुसूदन पटैल ने कहा की बोर्ड परीक्षायें नजदीक है । सभी तय समय मे पाठयक्रम पूर्ण करें एवं परीक्षा की तैयारी में जुटे। कार्यशाला का संचालन करते हुए स्कूल की प्रभारी प्राचार्य संगीता मेहरा ने कहा की सभी छात्र छात्राएँ कार्यशाला में दिए गए सुझावों को आत्मसात करें। कार्यशाला के अंत मे आभार प्रदर्शन शिक्षिका पुष्पा कोरी ने किया। कार्यशाला में शर्मिला कुडोपा, पुष्पा कोरी, बालचन्द जाटव, महेश सेन, अतिथि शिक्षक विनोद मेहरा, अमित नागवंशी, योगेन्द्र कीर, आरती कहार सहित छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे।
: भोपाल,बच्चों के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है ,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
Fri, Dec 24, 2021
दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं जो बच्चे नहीं कर सकते
समय को व्यर्थ न गवाएँ,लक्ष्य निर्धारित कर देश और प्रदेश को आगे बढ़ायें,मुख्यमंत्री ने अनुगूँज कार्यक्रम में बच्चों को किया संबोधितप्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना कर बच्चों का बढ़ाया मनोबल,आजादी के अमृत महोत्सव में अनुगूँज कार्यक्रम का हुआ समापन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बच्चों के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है। बच्चों में प्रतिभा, योग्यता और क्षमता की कोई कमी नहीं है। बच्चों के समक्ष आगे बढ़ने के अनेक रास्ते हैं। मनुष्य जैसा सोचता है वैसा ही बन जाता है। बच्चे अपनी प्रतिभा को निखार कर आगे बढ़ने का प्रयास करें। आप में से ही कोई इंजीनियर, डॉक्टर, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आजादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग दो दिवसीय "अनुगूँज" कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति में ज्ञान, कौशल और नागरिकता सभी का समावेश है। हम प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू कर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बना रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि आप सभी मुस्कुराते रहें, प्रसन्न रहे और लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आजादी हमें ऐसे ही नहीं मिली, हजारों क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके त्याग, तपस्या और बलिदान से ही आजादी मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म-निर्भर भारत बनाने का संकल्प लिया है। उनके नेतृत्व में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भारत को आप और हम मिलकर आत्म-निर्भर बना सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना के केस दुनियाभर में बढ़ रहे हैं, इससे सावधान रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं है जो आप नहीं कर सकते। मेहनत और परिश्रम करें। आप चित्रकार, लेखक, खिलाड़ी तथा अलग-अलग क्षेत्रों में जा सकते हैं। ऊँची उड़ान भरें, पढ़ाई के साथ-साथ थोड़ा समय योग-प्राणायाम के लिए भी निकालें। समय को व्यर्थ न जाने दें। लक्ष्य निर्धारित कर देश और प्रदेश को आगे बढ़ायें।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों और कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ देखीं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, मेंटर्स, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ और अभिभावक आदि उपस्थित थे।