: गाडरवारा,रहमा की प्राथमिक शाला मे नन्हे बच्चों को लेखन सामग्री वितरित
Sun, Dec 19, 2021
गाडरवारा। गत दिवस चीचली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रहमा की शासकीय प्राथमिक शाला में प्राथमिक शिक्षक श्रीमती निधि साहू ने बच्चों के हित मे अनुकरणीय पहल करते हुए एवं उन्हें पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए निजी खर्चे पर लेखन सामग्री वितरित की। उन्होंने पहली एवं दूसरी के नन्हे बच्चों को लिखने के लिए स्लेट, कलम, पेंसिल, रबर, स्केज़ पैन , कॉपी आदि का वितरण किया। इस अवसर पर शाला के प्रधानपाठक मुन्नालाल वर्मा भी उपस्थित रहे।
: भोपाल ,विद्यार्थीं राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएँ- राज्यपाल श्री पटेल
Sat, Dec 18, 2021
नई शिक्षा नीति में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रोजगार और नैतिक मूल्यों का समावेश,दीक्षान्त समारोह में राज्यपाल श्री पटेल ने मेधावी छात्रों को प्रदान किये स्वर्ण-पदक
भोपाल।राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की अहम भूमिका है। प्राध्यापकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों में सेवा और संस्कार रोपित कर उन्हें आदर्श छात्र एवं नागरिक बनाने का प्रयास करें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आदर्श नागरिक बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नई शिक्षा नीति में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रोजगार के साथ ही नैतिक मूल्यों का समावेश किया गया है। विश्वविद्यालय, शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें।
राज्यपाल पटेल शहडोल में पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षान्त समारोह को सम्बोधित कर रहे थें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में अध्यनरत छात्र-छात्राएँ सत्य के मार्ग पर चलकर और धर्म का पालन कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण कर अपने ज्ञान को शोध और अनुसंधान में लगाएँ। विद्यार्थियों के ज्ञान से उनका गाँव, प्रदेश और देश का नाम रोशन हो, विद्यार्थी ऐसा कोई कार्य न करें जिससे उनकी मातृभूमि को लांछन लगें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पदक सम्मान मिलने के बाद उनकी सामाजिक एवं राष्ट्र के प्रति जवाबदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मुझे आशा ही नहीं विश्वास है कि इस विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण छात्र धन अर्जित करेंगे तथा अपने ज्ञान का उपयोग समाज हित में करेंगे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि जनजातीय अंचलों में सिकल सेल की बीमारी सभी के सामने एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल के प्रति जागरूकता पैदा करने और इसके नियंत्रण में विश्वविद्यालयों की अहम भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों को भी सहभागिता निभानी चाहिए। सभी विश्वविद्यालय 5-5 गाँव गोद लेकर सिकल सेल बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करें और बीमारी से बचाव के लिए निरंतर प्रयास करें। यह वंशानुगत रोग है, इसके निदान के लिए सबको मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल की जाँच वृहद स्तर पर होनी चाहिए, जिससे रोग के बारे में सभी को जानकारी हो और इसका निदान भी संभव हो सकें।
शहडोल जिले के प्रभारी एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़, जनजाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री रामखेलावन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जनजातीय अंचल शहडोल संभाग के लिए सब कुछ किया है, इसमें विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना प्रमुख है। उन्होंने कहा कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए हर स्तर पर नागरिकों को प्रयास करना होगा। राज्य मंत्री श्री पटेल ने विद्यार्थियों को दीक्षान्त समारोह में स्वर्ण पदक मिलने पर शुभकामनाएँ भी दी।
कुलपति साँची विश्वविद्यालय प्रोफेसर नीरजा अरूण गुप्ता, कुलपति पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय प्रोफेसर डॉ. मुकेश तिवारी ने भी सम्बोधित किया। पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षान्त समारोह में राज्यपाल श्री पटेल ने 30 प्रतिभावान छात्रों को पदक और 2222 विद्यार्थियों को उपाधियाँ वितरित की।
विधायक सर्वश्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह और श्री शरद कोल सहित जन-प्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
: गाडरवारा,विकासखण्ड स्तरीय खेल स्पर्धाएं आयोजित
Sat, Dec 18, 2021
खेलो एमपी कार्ययोजना के तहत हुआ आयोजन
गाडरवारा। गत दिवस जिले के कलेक्टर रोहित सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन के मार्गदर्शन में खेलो एमपी कार्ययोजना के अंतर्गत स्थानीय बीटीआई स्कूल में साईंखेड़ा विकासखण्ड स्तरीय खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। स्पर्धाओं के आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी देते हुए डीईओ द्वारा गठित जिला स्तरीय मीडिया दल के सदस्य मधुसूदन पटैल ने बताया की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओ के अंतर्गत 14, 17 एवं 19 आयु वर्ग के छात्र छात्राओं हेतु एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी एवं व्हॉलीबाल का आयोजन किया गया जिनमे साईंखेड़ा ब्लॉक के सभी संकुलों के छात्र छात्राओं ने सहभागिता दी। कबड्डी प्रतियोगिता के 14 वर्ष बालक वर्ग में विजेता आदर्श संकुल गाडरवारा एवं उपविजेता बीटीआई संकुल गाडरवारा , 17 वर्ष बालक वर्ग में विजेता बीटीआई संकुल एवं उपविजेता शा उ मा विद्यालय नांदनेर संकुल , 19 वर्ष बालक वर्ग में विजेता बीटीआई संकुल गाडरवारा एवं उपविजेता शासकीय कन्या उ मा विद्यालय गाडरवारा रहे। कबड्डी बालिका वर्ग 14 वर्ष में विजेता शासकीय कन्या उ मा विद्यालय संकुल गाडरवारा उपविजेता बीटीआई संकुल , 17 वर्ष में विजेता कन्या नवीन संकुल एवं उपविजेता बीटीआई संकुल एवं 19 वर्ष में विजेता शासकीय कन्या उ मा विद्यालय संकुल गाडरवारा एवं उपविजेता कन्या नवीन संकुल रहे। व्हॉलीबाल बालक वर्ग 19 वर्ष में विजेता बीटीआई संकुल एवं उपविजेता शासकीय आदर्श संकुल , खो खो बालक वर्ग 19 वर्ष में बीटीआई संकुल विजेता रहा। इसी प्रकार खो खो बालिका वर्ग 14 वर्ष में विजेता बीटीआई संकुल एवं उपविजेता कन्या नवीन संकुल, 17 वर्ष में विजेता बीटीआई संकुल एवं उपविजेता कन्या नवीन संकुल एवं 19 वर्ष में विजेता कन्या नवीन संकुल एवं उपविजेता शासकीय कन्या शाला संकुल रहा। प्रतियोगिताओ में बीईओ प्रतापनारायण, प्राचार्य अनूप शर्मा, राजेश बरसैयां,बीआरसी चन्दन शर्मा, बीएसी योगेन्द्र झारिया,सोमनाथ मेहरा, मधुसूदन पटैल, गिरीश पटैल, मनमोहन शर्मा, सीमा कुशवाहा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया। आयोजन में सत्यप्रकाश ढिमोले, अजय सोनी, कंचन रजक, अनुज जैन, विक्रम शर्मा, सन्दीप कौरब, देबेन्द्र रजक, इल्यास खान, परेश शर्मा , टीकाराम कोरी, रोहित बाल्मीकि का सहयोग रहा।