ट्रक की टक्कर से गर्भवती गाय और बछड़े की दर्दनाक मौत : गाडरवारा-कौड़िया रोड पर बरिया वाले बाबा के पास हुआ हादसा, गो सेवकों ने किया चक्काजाम
Aditi News Team
Mon, Aug 17, 2026
ट्रक की टक्कर से गर्भवती गाय और बछड़े की दर्दनाक मौत
गाडरवारा-कौड़िया रोड पर बरिया वाले दादा के पास हादसा, गो सेवकों ने किया चक्काजाम
गाडरवारा। गाडरवारा-कौड़िया मार्ग पर बरिया वाले दादा के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक गाय और उसके बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गर्भवती गाय को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे हादसे में गाय के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके का दृश्य बेहद हृदयविदारक रहा।
हादसे की जानकारी मिलते ही गो सेवक एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। गो सेवकों ने सड़क पर चक्काजाम कर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
गो सेवकों का कहना है कि सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण लगातार गौवंश सड़क हादसों का शिकार हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
आखिर सड़क हादसों में कब तक जाती रहेगी गौ माता की जान?
गौ सेवकों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सड़क हादसों में कब तक गौ माता की जान जाती रहेगी? जिम्मेदार अधिकारी कब देंगे ध्यान? लोगों ने सड़क पर आवारा एवं बेसहारा मवेशियों की सुरक्षा के साथ-साथ तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और गो सेवकों द्वारा दोषी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर,कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
गाडरवारा एसडीओपी एल.एस. डागुर
थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान