पुलिस व आमजन को गुमराह कर चोरी करने वाला शातिर चोर पकड़ा गया : चोरी के बाद सामाजिक सौहार्द बिगाडने हेतु लोगों व पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी घटनास्थल पर लेख/ नोट छोड़ता था
Aditi News Team
Sat, Feb 21, 2026
पुलिस व आमजन को गुमराह कर चोरी करने वाला शातिर चोर अखिलेश सिंह नरसिंहपुर पुलिस की गिरफ्त में
• चोरी के बाद सामाजिक सौहार्द बिगाडने हेतु लोगों व पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपी घटनास्थल पर लेख/ नोट छोड़ता था।
• आरोपी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी कर घटना स्थल पर सामाजिक सौहार्द बिगाडने वाले लेख/ नोट छोडना स्वीकार किया गया।
• शातिर चोर पर पूर्व से दर्ज है 10 आपराधिक प्रकरण।
दिनांक 17.01.2026 को प्रार्थी प्रमोद साहू पिता दुलीचंद साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी हनुमान वार्ड, करेली द्वारा थाना करेली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 16.01.2026 को वह अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान बंद कर घर चला गया था।
प्रार्थी द्वारा बताया गया कि दिनांक 17.01.026 को जब वह दुकान खोलने आया तो पाया कि दुकान का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर काउंटर की दराज (ट्रॉली) का ताला भी टूटा मिला तथा दराज में रखी नगद राशि लगभग ₹4,000/- एवं एक मोबाइल फोन नही है।
*चोरी की घटना स्थल से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से लिखा गया लेख/नोट बरामद किया गया:*
प्रार्थी द्वारा बताया गया कि शातिर चोर चोरी करने के उपरांत उसकी दराज में एक पर्ची छोड़ गया था, जिसमें सामाजिक सौहार्द बिगाडने वाले शब्द लिखे हुए है।
*अज्ञात शातिर चोर की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु गठित की गयी थी विशेष टीम :*
पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना के प्रकरण संज्ञान में आने पर प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अति. पुलिस अधीक्षक, श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी, नरसिंहपुर, श्री मनोज गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया एवं आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए थे।
*आरोपी को जिला छतरपुर से किया लिया गया अभिरक्षा में :*
प्रकरण में अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु गठित पुलिस टीम द्वारा तकनीकी माध्यमों से जानकारी एकत्रित की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सतत प्रयासों के दौरान संदेही अखिलेश सिंह के उक्त चोरी की घटना में संलिप्त होने की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
जानकारी मिलते ही आरोपी की पतासाजी की गई, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि वह जिला छतरपुर में किसी अन्य अपराध के प्रकरण में जेल में निरुद्ध है।
तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा छतरपुर पहुंचकर आरोपी को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया एवं न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपी : अखिलेश सिंह निवासी, जिला दमोह।*
वैधानिक कार्यवाही : धारा 331,(4) 305 (ए) 317, बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीवद्ध किया गया है।
*शातिर चोर पर पूर्व से दर्ज है 10 आपराधिक प्रकरण :*
आरोपी अखिलेश सिंह, निवासी जिला दमोह से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 से चोरी की वारदातें कर रहा है तथा चोरी करने के लिए अलग-अलग जिलों में जाकर घटनाओं को अंजाम देता था।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पूर्व में छतरपुर, पन्ना, दमोह एवं जबलपुर जिलों में लगभग 08 स्थानों पर चोरी की वारदात कर चुका है एवं घटना स्थल पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से लिखा गया भड़काऊ लेख/नोट छोडता था। आरोपी पर चोरी एवं अन्य धाराओं के तहत कुल 10 प्रकरण पूर्व से दर्ज है।
*सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने एवं लोगों व पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य लेख/नोट छोडता था :*
आरोपी से गहन पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह जिस स्थान पर चोरी करता था, घटना के उपरांत वहां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से लिखा गया लेख/नोट छोड़ देता था, इसका उद्देश्य लोगों एवं पुलिस का ध्यान भटकाना था, ताकि उस पर किसी प्रकार का संदेह न जाए।
*आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में इनकी रही मुख्य भूमिका :*
शातिर चोरी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी करेली, निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उनि रामरतन सोनी, कुलदीप सोमकुंवर, आरक्षक राजेश बागरी, कपिल राजपूत, अजय ठाकुर, सोनू सतारे, आरक्षका पुष्पेन्द्र सेन एवं सायबर सेल प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद की मुख्य भूमिका रही है।
Tags :
अदिति न्यूज (सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना