नरसिंहपुर में ED की बड़ी कार्रवाई : पूर्व विधायक संजय शर्मा के 3 ठिकानों पर छापेमारी, फर्जी टोल वसूली घोटाले से जुड़े तार
Aditi News Team
Wed, Sep 2, 2026नरसिंहपुर में ED की बड़ी कार्रवाई:
पूर्व विधायक संजय शर्मा के 3 ठिकानों पर छापेमारी,
फर्जी टोल वसूली घोटाले से जुड़े तार
नरसिंहपुर। प्रवर्तन निदेशालय ED की टीम ने तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक व प्रमुख कारोबारी संजय शर्मा के कारोबारी ठिकानों पर बड़ी छापामार कार्रवाई शुरू की है। दिल्ली और लखनऊ जोनल ऑफिस की ईडी टीमों ने बुधवार तड़के आधा दर्जन वाहनों के साथ पहुंचकर संजय शर्मा से जुड़े तीन प्रमुख कार्यालयों और उनके करीबी सहयोगियों के परिसरों में दस्तावेजों की सघन जांच शुरू कर दी।
कार्रवाई से जुड़ी मुख्य बातें
छापेमारी के प्रमुख ठिकाने: ईडी अधिकारियों ने राजमार्ग स्थित मुख्य कारोबारी कार्यालय, तेंदूखेड़ा स्थित दफ्तर और देवरी स्थित कार्यालय पर एक साथ दबिश दी। इसके साथ ही तेंदूखेड़ा वार्ड क्रमांक-9 स्थित कारोबारी सहयोगी रामलाल झारिया के आवास पर भी पड़ताल जारी है।
मामला और आरोप: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (#NHAI) के टोल प्लाजा पर अनधिकृत सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी रसीदें बनाकर टोल राशि डायवर्ट करने और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है।
देशव्यापी एक्शन: नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे की टोल वसूली से जुड़े इस फर्जीवाड़े के सिलसिले में ईडी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, #दिल्ली-NCR और कोलकाता समेत देश के 14 राज्यों में एक साथ तलाशी अभियान चला रही है।
कड़ा सुरक्षा घेरा: कार्रवाई के दौरान संबंधित परिसरों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और जांच पूरी होने तक किसी के भी आने-जाने पर रोक लगा दी गई है।
अनधिकृत सॉफ्टवेयर से फर्जी टोल वसूली का खुलासा
ईडी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, टोल प्लाजा पर एक अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का उपयोग किया जा रहा था, जिसके माध्यम से समानांतर फर्जी टोल रसीदें काटी जाती थीं। वसूले गए पैसों को #NHAI के आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम में दर्ज करने के बजाय बाहर निजी खातों और अन्य माध्यमों में डायवर्ट किया जा रहा था। फॉरेंसिक जांच और डिजिटल रिकॉर्ड्स के सत्यापन के बाद ईडी ने #PMLA की धारा-17 के तहत यह सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में हड़कंप
केंद्रीय जांच एजेंसी के इस अचानक एक्शन की खबर फैलते ही नरसिंहपुर समेत आसपास के जिलों के राजनीतिक व व्यापारिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस प्रशासन के अनुसार केंद्रीय एजेंसियों द्वारा सर्च ऑपरेशन संचालित किया जा रहा है। फिलहाल ईडी की टीमें वित्तीय लेनदेन, डिजिटल डेटा, सर्वर और अकाउंट बुक्स खंगाल रही हैं।
Tags :