नरसिंहपुर, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर अंतर : कलेक्टर ने नरसिंहपुर में सीवर, तालाब सौंदर्यीकरण, सड़क व पानी की टंकी के निर्माण का किया निरीक्षण
Aditi News Team
Sat, Feb 21, 2026कलेक्टर ने नरसिंहपुर में सीवर, तालाब सौंदर्यीकरण, सड़क व पानी की टंकी के निर्माण का किया निरीक्षण
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर अंतर्गत प्रगतिरत विभिन्न अधोसंरचना कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर, तालाब सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण एवं पानी की टंकी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी नरसिंहपुर श्री नीलम चौहान, सहायक यंत्री, उपयंत्री, मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी, आरवी एसोसिएट पीडीएमसी के प्रतिनिधि तथा संबंधित योजनाओं के ठेकेदार मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने केएफडब्ल्यू से वित्तपोषित सीवर परियोजना के अंतर्गत डेडवारा स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पर शोधन प्रक्रिया के उपरांत प्राप्त जल का अपने समक्ष परीक्षण कराकर गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ट्रीटमेंट के पश्चात निकलने वाला जल निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
अमृत 2.0 के अंतर्गत नरसिंह तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित आशमा कंस्ट्रक्शन पटनिया को एक सप्ताह के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रगति संतोषजनक न होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कायाकल्प योजना 1.0 अंतर्गत महारानी लक्ष्मी माता मंदिर से आईसीआईसीआई बैंक के सामने तक जारी सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इतवारा बाजार क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन सुगम हो सके।
इसी क्रम में अमृत 2.0 अंतर्गत पेयजल योजना के तहत तिलक वार्ड में निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण, बेरिकेटिंग एवं श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। समय सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित एजेंसी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह