नरसिंहपुर नगर में कलेक्टर-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च : नवरात्रि पर्व पर शांति एवं सुरक्षा के चलते कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने किया भ्रमण
Aditi News Team
Wed, Oct 14, 2026
नवरात्रि पर्व पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए कलेक्टर-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने किया नगर भ्रमण
दुकानदारों को सड़क पर सामग्री नहीं रखने की दी समझाइश
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने नवरात्रि पर्व के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार की शाम को नरसिंहपुर नगर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं मार्गों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों को अपनी दुकानों की सामग्री सड़क पर नहीं रखने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर सामान रखने से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। अतः सभी दुकानदार निर्धारित स्थान पर ही सामग्री रखें, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
फ्लैग मार्च सुभाष पार्क से प्रारंभ हुआ। इसके बाद शनिचरा बाजार, सिंहपुर चौराहा, राम मंदिर चौक, पुत्री शाला, एलआईसी के सामने से सुनका चौराहा, बाहरी रोड, अष्टांग चौराहा एवं इतवारा बाजार होते हुए पुनः सुभाष पार्क पहुंचा। इसके पश्चात नगर पालिका चौराहा, गांधी चौराहा एवं गुलाब चौराहा होते हुए खैरी नाका तक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से त्यौहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने तथा नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, एसडीएम श्री महेंद्र पटेल सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना