शा.पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी आयोजित : नवागत विद्यार्थियों का हुआ स्वागत,उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर किया सम्म
Aditi News Team
Tue, Oct 13, 2026
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन,
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने बांधा समां
नवागत विद्यार्थियों का हुआ स्वागत, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर किया सम्मानित
नरसिंहपुर। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अमितेन्द्र नारोलिया उपस्थित रहे। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागत छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, सोलो डांस, कॉमेडी, कविता पाठ एवं भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समां बांध दिया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्था की ओर से एजुकेशन किट भी वितरित की गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला, रंगोली, भाषण, करियर मार्गदर्शन, उद्यमिता विकास, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, डिजिटल स्किल एवं साइबर सुरक्षा जैसी विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास भी जरूरी — अमितेन्द्र नारोलिया
मुख्य अतिथि अमितेन्द्र नारोलिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेना भी आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल विकास एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवागत विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराना तथा वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में संस्था के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
रिपोर्टर संदीप राजपूत
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर