साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की अमर शहादत पर : वीर बाल दिवस पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में भव्य एवं प्रेरणादायी समारोह
Aditi News Team
Fri, Dec 26, 2025
वीर बाल दिवस पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में भव्य एवं प्रेरणादायी समारोह
वीर बाल दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गाडरवारा में साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह की अमर शहादत को स्मरण करते हुए एक भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणास्पद समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में साहस, सत्यनिष्ठा, धर्म और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद गाडरवारा के अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं सिख धर्म के प्रतिनिधि श्री नवनीत मल्होत्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्षद एवं सभापति श्री सुरेंद्र गुर्जर, श्री चंचल कोरी, श्रीमती मंजू राडवे, श्री शुभम राजपूत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह का शुभारंभ विधिवत सरस्वती पूजन किया गया। पूजन उपरांत गुरुवाणी का पाठ श्री योगेंद्र झारिया के निर्देशन में किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक एवं श्रद्धामय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य सुशील शर्मा द्वारा समस्त अतिथियों के स्वागत उद्बोधन के साथ किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस केवल इतिहास की स्मृति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण का अवसर है। साहिबजादा जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह का बलिदान यह संदेश देता है कि आयु भले ही छोटी हो, किंतु साहस, आत्मसम्मान और धर्मनिष्ठा असीम होती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे इन वीर बालकों की साहसिक चेतना को अपने आचरण में उतारें।
मुख्य अतिथि पंडित शिवाकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि साहिबजादों का बलिदान विश्व इतिहास में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे भी अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर दें, तब राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल होता है। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम की भूरी–भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान सिख धर्म के प्रतिनिधि श्री नवनीत मल्होत्रा का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। श्री मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहिबजादा जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्राओं को सत्य, साहस और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा साहिबजादा जोरावर सिंह एवं साहिबजादा फतेह सिंह की शहादत की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावपूर्ण लघु नाटिका का मंचन किया गया। नाटिका का निर्देशन एवं मंचन रश्मि शुक्ला द्वारा किया गया। छात्राओं की प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की विशेष कड़ी के रूप में दिल्ली से आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विद्यार्थियों को दिखाया गया, जिससे छात्राएँ राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित समारोह से भी जुड़ सकीं।
समारोह का संचालन डॉ मंजुला शर्मा द्वारा सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं प्रभावी ढंग से किया गया। अंत में शिक्षिका मालती मेहरा ने आभार प्रदर्शन करते हुए समस्त अतिथियों, शिक्षकगण, छात्राओं एवं विद्यालय के संपूर्ण स्टाफ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि छात्राएँ साहिबजादा जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह की साहस, वीरता और आत्मबल को अपने जीवन के आचरण में उतारते हुए सत्य, न्याय और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर होंगी।
Tags :
गाडरवारा
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)