शहर में पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए, जिससे आवागमन बाधित न हो : कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
Aditi News Team
Fri, Oct 24, 2025
शहर में पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए, जिससे आवागमन बाधित न हो
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में शहर में पार्किंग व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था में सुधार, ब्लैक स्पॉट, गति सीमा, यातायात नियमों का पालन, सड़क निर्माण कार्यों के दौरान डायवर्सन मार्ग के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग, ब्रेकर तथा डिवाइडर सहित सड़क जागरूकता अभियान आदि के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, एसडीएम नरसिंहपुर श्री मणिन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि शहर में पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए, जिससे आवागमन बाधित न हो। सड़क मार्ग की नियमित रूप से मरम्मत करें। क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को दुरूस्त करें और संभावित दुर्घटना स्थलों पर डिवाइडर लगाए जाए। बैंकों, अस्पताल, होटल और बड़ी दुकानों में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि शहर को साफ- सुथरा रखें, कोई भी व्यक्ति कचरे को इधर- उधर न फेकें, चिन्हित स्थानों पर डस्टबिन रखा जाए। इसी प्रकार से शहर की दुकानों और मंडियों की व्यवस्थाओं को भी दुरूस्त रखा जाए। जिला मुख्यालय की सड़कों में घूमने वाले आवारा पशुओं को गौशालाओं में रखा जाए। पशुओं के सींगों में रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाया जाए, जिससे रात्रिकाल में वाहनों से पशुओं की दुर्घटना न हो सके। भारी वाहनों को शहर के अंदर अपने निर्धारित समय सीमा में ही प्रवेश करने की अनुमति दी जाए। निर्माणाधीन सड़क मार्ग में निर्माण कार्य का बोर्ड, बैरीकेट, रास्ता परिवर्तन संकेत इत्यादि अनिवार्य रूप से लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के लिए वाहन चालक संतुलित वेग में वाहन चलाए, स्पीड ब्रेकर का पालन करें, सड़कों के गड्डों की मरम्मत की जाए। उन्होंने सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्माण कार्य के दौरान सड़क डायवर्सन के स्पष्ट संकेतों को प्रदर्शित करना होगा, जिससे वाहन चालक प्रदर्शित संकेतों का पालन कर सके। उन्होंने निर्देशित किया कि हाईवे और गांव को जोड़ने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए। सांकेतिक चिन्ह के बोर्ड सड़कों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए सड़क मार्ग में स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रासिंग, डिवाइडर, निर्माण स्थल पर सांकेतिक मार्ग व चिन्ह, लाइट रिफलेक्शन बैरियर लगाना, सड़क मार्ग में प्रकाश का प्रबंध करना तथा अस्थाई पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने आयोजित बैठक में निर्देशित किया कि जिले के प्रमुख स्थलों जैसे बरमान मेला, झांसीघाट, बरमान खुर्द, ककराघाट इत्यादि स्थलों पर लगने वाले स्थायी या अस्थायी मेलों की सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाएं। मेला स्थल में आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा के प्रबंध सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त रखें। उन्होंने बैठक में राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना, पीड़ित प्रतिकार योजना 2022 की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना से लाभांवित करने की कार्यवाही करे। पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा ने नदियों के घाटों में संचालित नाविकों का पंजीयन कराने को कहा। नाविकों के पास लाइफ जैकेट, रस्सी, टार्च इत्यादि होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि घाटों में नाव संचालित करने वाले नाविकों की जानकारी थाना प्रभारी अनिवार्य रूप
से रखें।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
शहर में पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त रखी जाए
कलेक्टर की अध्यक्षता मे बैठक आयोजित
नरसिंहपुर एसपी भी रहे मौजूद