Tuesday 3rd of November 2026

ब्रेकिंग

आभूषण चोरी करने वाली शातिर महिला को किया गिरफ्तार,करीब 65 लाख रुपये कीमत के 450 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद

बंडा जहरीली शराब कांड के आरोपी जुझार सिंह लोधी की मौत, भोपाल में वेंटिलेटर पर चल रहा था इलाज

80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग रमेश प्रसाद को जनसुनवाई में मिली ट्रायसाइकिल, अधिकारियों ने मौके पर किया सहयोग

त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, होटल एवं कैफे पर लगाया जुर्माना

नरसिंहपुर जिला कलेक्टर व एसपी पहुंचे अस्पताल बच्चों से की मुलाकात,स्वसहायता समूह को हटाने के दिए निर्देश

नर्मदापुरम पुलिस ने सराफा चोरी का किया खुलासा : आभूषण चोरी करने वाली शातिर महिला को किया गिरफ्तार,करीब 65 लाख रुपये कीमत के 450 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद

Aditi News Team

Tue, Nov 3, 2026

नर्मदापुरम पुलिस ने सराफा चोरी का किया खुलासा

सराफा व्यापारी को बेसमेंट के स्टोर रूम में बंद कर आभूषण चोरी करने वाली शातिर महिला को थाना कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इटारसी सराफा बाजार से किया गिरफ्तार,

करीब 65 लाख रुपये कीमत के 450 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद।

नर्मदापुरम।दिनांक 02/11/2026 को थाना कोतवाली में फरियादी आशीष कुमार जैन, उम्र 63 वर्ष, द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रघुनाथ गली स्थित उनकी "राजा ज्वेलर्स" दुकान पर दोपहर करीब 12:30 बजे चेहरे पर स्कार्फ बांधे एक अज्ञात महिला ग्राहक बनकर आई। स्मॉल गोल्ड का बहाना बनाकर स्कार्फ हटाने से इंकार करने वाली इस महिला ने पहले मंगलसूत्र का पेंडल देखा और एटीएम से पैसे लाने का कहकर चली गई।

करीब 15 मिनट बाद वापस लौटकर उसने कान के टॉप्स दिखाने को कहा। जैसे ही फरियादी उन्हें लेने बेसमेंट के स्टोर रूम में गए, महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर काउंटर की दराज से सोने-चांदी के आभूषणों के डिब्बे चोरी कर फरार हो गई।

रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1052/2026, धारा 305(a), 127(2) BNS 2023 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री दीपक कुमार शुक्ला (भापुसे) को तत्काल घटना से अवगत कराकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपिया की पतारसी हेतु थाना कोतवाली में पृथक-पृथक टीमें गठित की गईं।

टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास के मार्गों पर लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए। चूंकि इस प्रकार की घटना पूर्व में इटारसी में भी हो चुकी थी, इसलिए इटारसी एवं नर्मदापुरम के कैमरा फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध महिला को चिह्नित किया गया।

पुलिस टीम द्वारा तत्काल इटारसी पहुंचकर घेराबंदी कर उक्त महिला को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट, पति निखिल लोट, उम्र 28 वर्ष, निवासी चर्च के पीछे, खेड़ा, इटारसी बताया और घटना करना स्वीकार किया।

आरोपिया के कब्जे से चोरी गए संपूर्ण आभूषण जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने यह भी बताया कि पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने घटना के दौरान पहने कपड़े, स्कार्फ और चप्पल जला दिए। सुनार की दुकान से चोरी किए गए आभूषणों के डिब्बों को भी उसने जला दिया।

आरोपिया शातिर किस्म की अपराधी है। पूर्व में भी उसने इटारसी के सराफा बाजार में इसी तरीके (मोडस ऑपरेंडी) से एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपिया से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

### गिरफ्तार आरोपिया

चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट, पति निखिल लोट, उम्र 28 वर्ष, निवासी चर्च के पीछे, खेड़ा, इटारसी, जिला नर्मदापुरम।

### जप्त मशरूका

सोने-चांदी के आभूषण, कुल वजन करीब 450 ग्राम, कीमत करीब ₹65,00,000/- (पैंसठ लाख रुपये)।

### सराहनीय भूमिका

पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री दीपक कुमार शुक्ला (भापुसे) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम श्री अभिषेक राजन के निर्देशन एवं एसडीओपी नर्मदापुरम श्री जीतेन्द्र पाठक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला द्वारा हमराह बल के साथ टीम गठित कर संपूर्ण कार्यवाही की गई।

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला, उनि वंशज श्रीवास्तव, उनि विशाल नागवे, उनि संजय रघुवंशी, प्र.आर. रितेश यदुवंशी, प्र.आर. राकेश भिलाला, म.प्र.आर. मनीष कुमरे, आर. अजमेश चंदोल, आर. अलवनाशी ररोड़े (विशेष भूमिका), आर. गजेन्द्र डडोरे, आर. हरीश डिगरसे, म.आर. समीना खान, आर. सतीश नागवंशी, आर. धर्मेंद्र परिहार, आर. संतोष धाकड़, आर. विक्की राठौर, आर. रोहन पवार तथा थाना देहात के आर. कपिल विश्वकर्मा, आर. जितेंद्र एवं आर. सुनील साहू, साइबर सेल से आर. संदीप एवं आर. दीपेश।

### नर्मदापुरम पुलिस की अपील

सराफा व्यापारियों से अपील है कि चेहरा ढककर आने वाले संदिग्ध ग्राहकों के प्रति सतर्क रहें। ग्राहक की मौजूदगी में दुकान या काउंटर खुला छोड़कर न जाएं एवं दुकान के सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें। कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक कुमार शुक्ला

नर्मदापुरम पुलिस

जरूरी खबरें