: कृषि उत्पादन एवं निर्यात को बढ़ाने के लिए उठाए ठोस कदम,मुख्यमंत्री
Fri, Nov 12, 2021
कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ निर्यात को भी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ। अधिक मुनाफा देने वाली फसलों के उत्पादन को विविधीकरण के माध्यम से बढ़ाने के प्रयास हो। किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी फसलों में किसी भी प्रकार का नुकसान न हो, इसका ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह निर्देश आज निवास पर कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित फसलों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
फसलों के विविधीकरण के लिए चलाएँ अभियान
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए विविधीकरण द्वारा वैकल्पिक फसलों के लिए किसानों को प्रेरित करें। इसके लिए अभियान चलाकर प्रयास करें और किसानों को प्रशिक्षित भी करें। फसलों के विविधीकरण में किसानों को यदि किसी प्रकार की दिक्कतें आती हैं तो उसका समाधान भी करें। उन्होंने कहा कि कम पानी से पैदा होने वाली फसलों के प्रति किसानों को समझाइश दें।
जैविक खेती एवं डेयरी उत्पादों को बढ़ावा दें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जैविक खेती के माध्यम से फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए अधिकाधिक प्रयास किए जाएँ। उन्होंने कहा कि फसलों में गुणवत्ता बनी रहे, जिससे किसानों को अधिकाधिक लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने डेयरी उत्पाद एवं दूध से बने पदार्थों के निर्यात को बढ़ाने के लिए भी अधिकरियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में चंदन की खेती के लिए सम्भावनाएँ तलाशने और इसके लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में धान और गेहूँ का उत्पादन बेहतर है। इसी तरह मोटे अनाजों के उत्पादन के रकबे को भी बढ़ाया जाए। उन्होंने मोटे अनाज और कोदो-कुटकी के अधिकाधिक उत्पादन एवं ब्रांडिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बासमती चावल के निर्यात को उच्चतम स्तर तक ले जाएँ। बालाघाट के चिन्नोर किस्म के जीआई चावल के निर्यात को बढ़ावा दिया जाए। अगर एवं बम्बू की खेती को प्रोत्साहित किया जाए।
खाद की वितरण व्यवस्था बेहतर हो
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। केंद्र से समय-समय पर खाद की रैक प्रदेश को प्राप्त हो रही है। किसानों को इसका वितरण बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जाए। वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
कृषि निर्यात नीति का क्रियान्वयन
प्रदेश में कृषि निर्यात नीति के क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तरीय निगरानी समिति का गठन कर लिया गया है। कृषि निर्यात प्रोत्साहन के लिए मंडी बोर्ड को नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। कृषि निर्यातक अनाज, दलहन, हरी मिर्च और सब्जियों के रूप में कम्पनियाँ पंजीकृत कर ली गई हैं। गेहूँ, सोयाबीन, कोदो- कुटकी, केला, संतरा, मिर्च, लहसुन की कृषि मूल्य श्रृंखला का विश्लेषण कर निर्यात की संभावनाओं का आंकलन किया जा रहा है।
: स्थानीय युवाओं को मिले उद्योगों में नियोजन :मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sat, Nov 6, 2021
विकास कार्यों की बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्थानीय युवाओं को विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में नियोजन के लिए जिला प्रशासन अपने प्रयासों में वृद्धि करें। रोजगार मेले लगाकर भी युवाओं को विभिन्न रोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए। लघु, मध्यम और सूक्ष्म औद्योगिक इकाइयों में बेरोजगार युवाओं को जोड़ने के प्रयासों की कलेक्टर द्वारा सतत् समीक्षा भी की जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास पर सीहोर के बुधनी क्षेत्र के विकास कार्यों पर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बुधनी में लकड़ी के खिलौनों के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने, लघु व्यवसायियों को लाभान्वित करने, उनके व्यवसाय की कठिनाइयों को दूर करने और अंचल में टॉय क्लस्टर के विकास के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, सचिव श्री एम. सेलवेन्द्रन, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री मनीष सिंह, सचिव सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं उद्ययम उद्योग और आयुक्त उद्योग श्री पी. नरहरि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना और स्ट्रीट वेण्डर्स योजना में लाभ दें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेरोजगारों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना के साथ ही स्ट्रीट वेण्डर्स कल्याण योजना में लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पथ विक्रेताओं के आर्थिक उन्नयन के लिए उनके सर्वे का कार्य किया गया है। पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।
स्व-सहायता समूहों को गतिविधियों से जोड़े
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला स्व-सहायता समूहों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए। समूहों को प्रावधान के अनुसार आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएँ।
संचार, विद्युत और सड़क सुविधाओं का विकास करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचार, विद्युत और सड़क सुविधाओं का विकास किया जाए। विभिन्न संचार कंपनियों के टॉवर स्थापित करने और नए विद्युत उप केन्द्र की स्थापना के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर क्रियान्वयन की कार्यवाही की जाए। शहरी क्षेत्रों में जिस तरह वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य सतत् रूप से किया जा रहा है। उसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यों को पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीण क्षेत्र में आवश्यकतानुसार वाटर टैंक निर्माण, बायपास निर्माण और सी.एम. राइज स्कूलों के प्रस्ताव, सामुदायिक भवन, नर्मदा घाट का विकास और पंचायत भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की समीक्षा भी की।
: नरसिंहपुर,राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का हुआ आयोजन
Tue, Nov 2, 2021
नरसिंहपुर ।
भगवान धन्वंतरि की जयंती/ धनतेरस के उपलक्ष्य में छटवें आयुर्वेद दिवस का आयोजन मानस भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, लोकसभा सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह, कलेक्टर श्री रोहित सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने भगवान धन्वंतरि की पूजा और दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा पंचकर्म एवं नवग्रह वाटिका का डिस्प्ले किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस “ पोषण के लिये आयुर्वेद की भूमिका पर केंद्रित है। इसके लिये आयुर्वेदिक आषौधियों और कुपोषित बच्चों के लिये पोषण आहार का वितरण व प्रस्तुतिकरण किया गया।
इसी क्रम में आयुष विभाग द्वारा जिला कार्यालय की आयुष विंग, जिले के आयुष ग्राम कठौतिया व झामर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि हर साल धन्वंतरि जयंती/ धनतेरस के दिन राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है, इसकी शुरूआत वर्ष 2016 से हुई।
इस अवसर पर एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।