Wednesday 16th of September 2026

ब्रेकिंग

हिंदी अपील का वाचन एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन

हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुशील शर्मा को ‘साहित्य शिरोमणि’ सम्मान

मिलावटी व दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय रोकने, बासी खाद्य सामग्री पाये जाने पर लिए सेम्पल,किचन में गंदगी मिलने पर नोटिस

गाडरवारा में ऋषि पंचमी पर माहेश्वरी समाज सहित राजस्थानी परिवारों में रक्षाबंधन का पर्व पारंपरिक उल्लास से मनाया

हे गणपति बप्पा! तेरे आने का अर्थ बताएँ, मन में थोड़ी भक्ति जगाएँ, सिर्फ दिखावा छोड़ के बप्पा, तुझको दिल से घर ले आएँ

चोरों की ‘श्रद्धा’: मां के पैर छुए, मुकुट-छत्र उतार लिए : इच्छादेवी मंदिर में 3 बदमाश सीसीटीवी में कैद; दानपेटी पहले ही हो चुकी थी खाली, सोने का मंगलसूत्र-लौंग नहीं निकाल पाए

Aditi News Team

Tue, Sep 15, 2026

चोरों की ‘श्रद्धा’: मां के पैर छुए, फिर मुकुट-छत्र उतार ले गए; जाते-जाते दोबारा किया प्रणाम

इच्छादेवी मंदिर में 3 बदमाश सीसीटीवी में कैद; दानपेटी पहले ही हो चुकी थी खाली, सोने का मंगलसूत्र-लौंग नहीं निकाल पाए

बुरहानपुर। चोरी करने मंदिर में घुसे, लेकिन माता के सामने पहुंचे तो सिर झुक गया। पहले मां इच्छादेवी के पैर छुए और फिर प्रतिमा से मुकुट-छत्र उतार लिया। वारदात के बाद जाते-जाते एक बदमाश ने फिर माता के पैर छुए। श्रद्धा और अपराध का यह विरोधाभासी दृश्य मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।

वारदात शनिवार रात जिले के प्रसिद्ध इच्छापुर स्थित मां इच्छादेवी मंदिर में हुई। सीसीटीवी में तीन संदिग्ध बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाश ताला तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए और चांदी की पॉलिश वाला मुकुट व छत्र चोरी कर ले गए। रविवार सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे तो वारदात का पता चला। मंदिर समिति की सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दानपेटी शाम को ही खाली, कीमती सामान भी सुरक्षित कर दिया था

शाहपुर टीआई अखिलेश मिश्रा के मुताबिक मंदिर प्रबंधन ने शनिवार शाम रोज की तरह दानपेटी खाली कर दी थी। अन्य कीमती सामान भी सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया था। इससे बदमाशों के हाथ बड़ी रकम या कीमती सामान नहीं लगा। माता के गले में सोने का मंगलसूत्र और नाक में सोने की लौंग मौजूद थी। पुलिस के मुताबिक बदमाश इन्हें नहीं निकाल पाए। वे मुकुट और छत्र लेकर ही फरार हो गए।

मंदिर के कैमरे में चेहरे-हरकतें कैद, अब बाहर का रूट तलाश रही पुलिस

मंदिर के सीसीटीवी में तीनों संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। अब पुलिस मंदिर के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किस रास्ते आए, वारदात के बाद किस ओर निकले और उन्होंने किसी वाहन का इस्तेमाल किया या नहीं।

कुछ दिन पहले सहकारी बैंक में भी चोरी की कोशिश

क्षेत्र में कुछ दिन पहले सहकारी बैंक में भी अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई थी। पुलिस दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि दोनों वारदातों में एक ही आरोपियों की भूमिका है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। टीआई मिश्रा ने कहा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

शाहपुर टीआई अखिलेश मिश्रा

बुरहानपुर पुलिस अधीक्षक

जरूरी खबरें