कलेक्टर ने चौपाल एवं नशा मुक्ति शिविर लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया : कलेक्टर ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभांवित करने और स्थानीय समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए
Aditi News Team
Tue, Jun 9, 2026
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम सरसला में चौपाल एवं नशा मुक्ति शिविर लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया
कलेक्टर ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभांवित करने और स्थानीय समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने मंगलवार को नरसिंहपुर जिले के ग्राम सरसला में ग्राम चौपाल एवं नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और उनका निराकरण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में चौपाल कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित करना और ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही निराकरण करना है। चौपाल कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीणजन मौजूद थे। आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर नशे के दुष्परिणाम के बारे में बताया गया। चौपाल कार्यक्रम में नागरिकों से अपील की गई कि हमेशा नशे से दूर रहें। आयोजित चौपाल कार्यक्रम में विभागों के द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। चौपाल में उक्त स्टॉलों का उपस्थित नागरिकों ने अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि चौपाल कार्यक्रम में आधार कार्ड के लिए शिविर भी लगाया गया है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणजन अपने आधार कार्ड बनवा सकते हैं या आधार कार्ड में कोई त्रुटि हो तो उसे सुधार करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि चौपाल कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया है। स्वास्थ्य शिविर में कोई भी नागरिक स्वास्थ्य परीक्षण करा सकता है। स्वास्थ्य शिविर में टीबी से पीड़ित मरीजों को चिन्हित कर उनका उपचार किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रमिक संबल योजना अंतर्गत पंजीयन अवश्य कराएं। जिससे श्रमिक परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने श्रमयोगी मानधन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। मानधन योजना के अंतर्गत कोई भी श्रमिक 18 वर्ष से 40 वर्ष की आयु तक पंजीयन करा सकता है। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद श्रमिक को तीन हजार रुपये पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने सभी श्रमिकों को मानधन योजना में पंजीयन कराने को कहा। आयोजित चौपाल कार्यक्रम में साइबर क्राईम के बारे में भी जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार से साइबर क्राईम हो जाने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930 में शिकायत दर्ज करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने चौपाल कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती, खाद्यान्न वितरण, फार्मर रजिस्ट्री के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती करना चाहिए, इससे भूमि की उर्वरकता क्षमता बढ़ती है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने इसके बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने चौपाल कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के बारे में भी बताया। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि कोई भी वाहन चालक शराब पीकर या नशे की हालत में वाहन न चलाएं, इससे दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने चौपाल कार्यक्रम में स्वच्छता एवं पर्यावरण के संबंध में भी जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने चौपाल कार्यक्रम के पहले ग्राम पंचायत भवन सरसला में पौधरोपण कर नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आयोजित चौपाल कार्यक्रम एवं नशा मुक्ति शिविर को जिला पंचायत सीईओ श्री नागेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया और विभागीय अधिकारियों ने शासन की योजनाओं के बारे में बताया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया
सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश