Thursday 10th of September 2026

ब्रेकिंग

SOG/क्राइम ब्रांच और रेल बाज़ार पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया

चेन्नई-इंदौर तक बना ग्रीन कॉरिडोर

मनुष्य का जीवन बचपन, यौवन, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था से गुजरता है"

CISF Unit NTPC गाडरवारा द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से NTPC प्लांट के CHP एरिया

राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के महाधिवेशन में पत्रकार हितों पर मंथन, पदाधिकारियों ने ली शपथ

गहरा टोला में भव्य कलश यात्रा के साथ 9 दिवसीय रुद्र यज्ञ का शुभारंभ, : हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गाडरवारा क्षेत्र के गहरा टोला स्थित श्री दुर्गा देवी मंदिर शक्तिपुंज में

Aditi News Team

Thu, Mar 19, 2026

गहरा टोला में भव्य कलश यात्रा के साथ 9 दिवसीय रुद्र यज्ञ का शुभारंभ, आस्था से गूंजा पूरा क्षेत्र

गाडरवारा। हिंदू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गाडरवारा क्षेत्र के गहरा टोला स्थित श्री दुर्गा देवी मंदिर शक्तिपुंज आश्रम में आज से श्री एकादशी कुण्डीय रुद्र यज्ञ एवं संगीतमय देवी भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हो गया। आयोजन का आगाज सुबह निकली भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें क्षेत्रभर से उमड़े श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलश यात्रा में पुरगांव, टेकापार, धोखेडा सहित आसपास के गांवों की बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं, वहीं पुरुष एवं बुजुर्ग भी भारी संख्या में उपस्थित रहे। यात्रा डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ निकाली गई, जिसमें “जय माता दी” और “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

आयोजन समिति के अनुसार 9 दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के तहत प्रतिदिन यज्ञ, हवन, पूजन एवं प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। 20 मार्च को पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश, 21 मार्च से देव पूजन एवं आहुति प्रारंभ होगी, जबकि 27 मार्च को पूर्णाहुति, भंडारा, कन्या पूजन एवं विदाई के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय देवी भागवत कथा एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाहर से पधारे विद्वान संत एवं आचार्य श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति एवं संस्कारों का संदेश देंगे। वहीं प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से विशेष आकर्षण के रूप में रामलीला का मंचन भी किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजन में मुख्य आचार्य के रूप में पं. श्री प्रकाशचंद जी उदेनिया (चांदनखेड़ा) अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम संत श्री सुरेशदास बाबाजी के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हो रहा है। यज्ञ का संचालन विद्वान ब्राह्मणों द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करने एवं आयोजन में सहयोग करने की अपील की है। भव्य शुरुआत के साथ यह आयोजन पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया है, जिससे गाडरवारा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

दुर्गा देवी मंदिर शक्तिपुंज आश्रम में

जरूरी खबरें