जिले की हर पंचायत तक पहुंचाने का लिया संकल्प : पंचायत चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने सिवनी में शुरू की संगठन विस्तार की तैयारी,
Aditi News Team
Mon, Nov 2, 2026
पंचायत चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने सिवनी में शुरू की संगठन विस्तार की तैयारी,
जिले की हर पंचायत तक पहुंचाने का लिया संकल्प
जिलास्तरीय बैठक में चारों विधानसभा अध्यक्षों का हुआ स्वागत,
आठों तहसीलों में संगठनात्मक बैठकें आयोजित करने और पंचायत चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने के जिला अध्यक्ष ने दिए निर्देश
सिवनी। आम आदमी पार्टी जिला सिवनी की जिलास्तरीय संगठनात्मक बैठक 01 नवंबर को कटंगी रोड स्थित जायसवाल कॉलोनी के कैटरपिलर्स लैब में आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, पार्टी की विचारधारा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा आगामी पंचायत चुनावों को लेकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करना रहा। बैठक में जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह सनोडिया ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों और सभी आठ तहसीलों में क्रमबद्ध तरीके से संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएं। पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए तथा प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर संगठन का विस्तार किया जाए। उन्होंने पंचायत चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का लक्ष्य पंचायत चुनाव में पंच से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक प्रत्येक सीट पर अपने उम्मीदवार उतारने का है। इसके लिए अभी से गांवों में संगठन की उपस्थिति मजबूत करने, स्थानीय समस्याओं को समझने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्षों का फूल-मालाओं से हुआ स्वागत, संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह सनोडिया की उपस्थिति में नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्षों का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इनमें सिवनी विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती मीना जायसवाल, बरघाट विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार सिरसाम, लखनादौन विधानसभा अध्यक्ष रामस्वरूप पंद्रे एवं केवलारी विधानसभा अध्यक्ष पंकज बघेल शामिल रहे। जिला अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त अध्यक्षों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष द्वारा निर्धारित संगठनात्मक लक्ष्यों और निर्देशों को स्वीकार करते हुए उन्हें पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में शशिकांत राय, सुनील अग्रवाल, अनिल बघेल, सुनील जर्गे, अखिलेश शर्मा, श्रीमती लक्ष्मी यादव, मनीष शुक्ला, अमर यादव, अमित पटेल, राधेश्याम पटेल, रिजवान अहमद सहित जिले के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। उक्त प्रेस विज्ञप्ति आप जिला प्रवक्ता प्रफुल्ल बिटले द्वारा जारी की गई ।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
आम आदमी पार्टी सिवनी