Friday 12th of June 2026

ब्रेकिंग

ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी का आरोपी नरसिंहपुर पुलिस की गिरफ्त में, 10 लाख रुपये की पूरी राशि वापस

आचार्य प्रवर संत तारण तरण मण्डलाचार्य महाराज के परम साधक बाल ब्रह्मचारी वैराग्य भैया का

गाडरवारा एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख श्री हिम्मत सिंह चौहान को कार्यकारी निदेशक (Executive Director) पद पर पदोन्नत किया

लाखों रुपये की लागत से कराए गए नाली और सड़क निर्माण कार्यों पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए

सांकल रोड पर 25 ट्रेक्टर-ट्राली खनिज रेत जप्त कर अवैध भण्डारण का प्रकरण दर्ज किया

पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाया जाएगा होलिका दहन : गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन को बढ़ावा, ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान के निर्देश जारी

Aditi News Team

Sat, Feb 28, 2026

पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाया जाएगा होलिका दहन

गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन को बढ़ावा, ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान के निर्देश जारी

मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता के संदेश के साथ गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन को प्रोत्साहित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य शासन ने आगामी होली पर्व को पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाने का निर्णय लेते हुए सभी जिलों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशानुसार होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर उपलों एवं गो-काष्ठ का उपयोग किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्राकृतिक एवं हर्बल रंगों से होली खेलें, पानी की बचत करें तथा पशु-पक्षियों पर रंग न डालें।

राज्य शासन ने सभी जिलों में आयोजित होने वाले सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का निःशुल्क पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह पंजीयन जिला मुख्यालय, तहसील, पंचायत एवं नगरीय निकायों के माध्यम से किया जाएगा। पंजीयन के समय आयोजक संस्था की आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की जाएगी।

निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारी होलिका दहन कार्यक्रमों का स्थल पर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि आयोजन पूर्णतः गो-काष्ठ आधारित हो। आयोजन के दो-तीन दिवस के भीतर संबंधित अधिकारी प्रमाणित प्रतिवेदन जिला कलेक्टर को प्रस्तुत करेंगे।

राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी दिनों में जिला स्तर पर सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गो-काष्ठ आधारित होलिका दहन को प्रोत्साहित करने वाली संस्थाओं एवं उनके पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की ओर से पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। भविष्य में भी ऐसी संस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रोत्साहन एवं सहयोग दिया जाएगा।

शासन ने ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान को व्यापक रूप से प्रचारित-प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं। समस्त जिला कलेक्टरों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा संभागायुक्तों को इसकी निगरानी करने के लिए कहा गया है।

इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता एवं पारंपरिक मूल्यों के साथ सुरक्षित एवं स्वच्छ होली का आयोजन सुनिश्चित करना है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जरूरी खबरें