जनकल्याणकारी शिविर में कई विभागों की अनुपस्थिति पर तहसीलदार की नाराजगी : शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से
Aditi News Team
Mon, Jul 13, 2026
रिपोर्टर राधाबल्लभ पांडे
जनकल्याणकारी शिविर में कई विभागों की अनुपस्थिति पर तहसीलदार की नाराजगी
तेंदूखेड़ा। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर परिषद तेंदूखेड़ा में नगर के सभी 15 वार्डों में 8 से 17 जुलाई तक वार्डवार शिविर लगाए जा रहे हैं। हालांकि कई शिविरों में संबंधित विभागों की अनुपस्थिति के कारण व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं और खानापूर्ति किए जाने की चर्चा है। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड क्रमांक 7 एवं 8 के लिए कृषि उपज मंडी प्रांगण में शिविर आयोजित किया गया। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं तहसीलदार ने मौके पर अधिकांश विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। केवल नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता एवं कुछ अन्य कर्मचारी ही मौजूद थे, जबकि अन्य संबंधित विभागों की उपस्थिति नहीं मिली। तहसीलदार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में समग्र ई-केवाईसी, अपार आईडी, आधार कार्ड अपडेट, आयुष्मान कार्ड, फार्मर आईडी सहित शासन की अन्य योजनाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं तथा सभी विभागों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होंगे तो ऐसे शिविरों का उद्देश्य प्रभावित होगा और हितग्राहियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पाएंगी।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
तेंदूखेड़ा तहसीलदार