: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Aditi News Team
Wed, Nov 29, 2023
डॉ. महोबे ने मतदाता जागरूकता की पेंटिंग भेंट की
नरसिंहपुर। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित चित्रकार डॉ. यतीन्द्र महोबे, विभागाध्यक्ष चित्रकला शासकीय महिला महाविद्यालय नरसिंहपुर ने अपनी वाटर कलर पेंटिंग के माध्यम से विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदाता जागरूकता का संदेश दिया है। इसके माध्यम से डॉ महोबे ने मतदाताओं से राष्ट्रीय हित में अपने मत का सहीं प्रयोग करने का आह्वान किया था। उन्होंने अपनी इस पेंटिंग को कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफ़ना को भेंट की है। इसके साथ ही डॉ प्रज्ञा गुप्ता विभागाध्यक्ष अंग्रेजी ने जनवरी 2023 में आयोजित लैंगिक समानता: पुनरावलोकन एवं संभावनाएँ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी की प्रकाशित पुस्तक भी भेंट की।
मतगणना के दिन शुष्क दिवस घोषित
नरसिंहपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश व प्रमुख सचिव वाणिज्यिक कर विभाग और आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मतगणना के दिन शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये गये हैं। विधानसभा निर्वाचन- 2023 के अंतर्गत 3 दिसम्बर को मतगणना होगी। इसी के मद्देनजर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के प्रावधानों के तहत मतगणना दिवस को सम्पूर्ण जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दौरान जिले में सम्पूर्ण दिवस के लिए समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, रेरेस्तां बार (एलएफ 2) तथा स्टोरेज देशी मदिरा भंडारागाह नरसिंहपुर/ गाडरवारा को बंद रखा जायेगा।
जिला दंडाधिकारी ने आदेशित किया किया है कि जिले में उपरोक्त घोषित शुष्क दिवस में सम्पूर्ण विधानसभा मतदान क्षेत्र में किसी भी होटल, आहार गृह, गैरमालिकाना क्लब, मधुशाला में अथवा अन्य किसी सार्वजनिक तथा निजी स्थान में कोई भी स्पिरिट युक्त, किण्वित या मादक लेकर या वैसी ही प्रकृति अन्य पदार्थ का भी विक्रय/ वितरण प्रतिबंधित किया जाता है। उक्त शुष्क दिवस के अवसर पर मदिरा का विक्रय पूर्ण रूप से निषेधित रहेगा। इन शुष्क दिवस पर मदिरा का अवैध रूप से निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय आदि न हो, इसके लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस के अधिकारी/ कर्मचारियों द्वारा समुचित ध्यान देते हुए विशेष चौकसी एवं निगरानी रखी जायेगी।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य एक दिसम्बर से 19 जनवरी तक
जिले में 29 खरीदी केन्द्र निर्धारित
नरसिंहपुर।राज्य शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार खरीफ विपणन मौसम 2023- 24 में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी का कार्य एक दिसम्बर 2023 से 19 जनवरी 2024 तक किया जायेगा। शासन के निर्देशानुसार जिले में 29 धान खरीदी केन्द्र निर्धारित किये हैं।
इस सिलसिले में तहसील नरसिंहपुर में चौकसे वेयर हाउस हेतु वृहत्ता सेवा सहकारी संस्था लोकीपार, माँ नर्मदा वेयर हाउस मलाहपिपरिया हेतु प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित नयागांव व नरसिंह एक्सटेंशन खमतरा हेतु वृहत्ता सेवा सहकारी संस्था डांगीढ़ाना, तहसील करेली में 3 ए 3 सी करेली बस्ती वेयर हाउस हेतु वृहत्ताकार सेवा सहकारी संस्था करेली, तहसील तेंदूखेड़ा में अमलतास एंड कंपनी हेतु वृहत्ता सेवा सहकारी संस्था तेंदूखेड़ा, तहसील गोटेगांव में हुकुमचंद वेयरहाउस श्रीनगर हेतु आदिम जाति सेवा सहकारी समिति श्रीनगर, श्रीकृष्णा स्टोरेज रहली-कमोद हेतु सेवा सहकारी संस्था कमोद व शिवशक्ति एग्रो वेयर हाउस पिंडरई-गोहचर हेतु प्राथमिक सहकारी समिति मर्यादित इमलिया- कामती, तहसील गाडरवारा में मेसर्स न्यू पटेल वेयर हाउस हेतु सेवा सहकारी संस्था चीचली, श्री रघुवंशी वेयर हाउस कौंड़िया हेतु सेवा सहकारी संस्था कौंड़िया, अनाया वेयर हाउस चिर्रिया हेतु प्राथमिक सहकारी समिति मर्यादित चिर्रिया, स्वर्णपरी वेयर हाउस सालीचौका हेतु सेवा सहकारी संस्था बाबईकला केन्द्र क्रमांक एक, मेसर्स रेवाश्री वेयर हाउसिंग सालीचौका हेतु सेवा सहकारी संस्था आड़ेगांव, जनकपुर वेयर हाउस सहावन हेतु सेवा सहकारी संस्था बाबईकला केन्द्र क्रमांक दो, मेसर्स आनंद लॉ. कारर्पोरेशन सालीचौका हेतु सेवा सहकारी संस्था पचामा, सिद्धि वेयर हाऊस सालीचौका हेतु सेवा सहकारी समिति मारेगांव केन्द्र क्रमांक एक, विनायक वेयर हाउस सालीचौका हेतु सेवा सहकारी समिति मारेगांव केन्द्र क्रमांक दो, जैन वेयर हाउस अजंसरा हेतु विपणन एवं प्रक्रिया सहकारी समिति मर्यादित चांवरपाठा- खुलरी, गुरूकृपा वेयर हाउस बटेसरा हेतु वृहत्ता सेवा सहकारी संस्था करपगांव, नायक देवी प्रभा वेयर हाउस लिंगा हेतु प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित सूरना, समिति परिसर चारगांव- गोटीटोरिया हेतु आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था गोटीटोरिया केन्द्र क्रमांक एक, ग्राम तेंदूखेड़ा परिसर हेतु आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था गोटीटोरिया केन्द्र क्रमांक दो, ग्राम रायपुर परिसर हेतु सेवा सहकारी समिति छैनाकछार और तहसील सांईखेड़ा में आयरा वेयर हाउस सांईखेड़ा रोड हेतु सेवा सहकारी संस्था रमपुरा, मेसर्स मां रेवा वेयर हाउस देवरी हेतु सेवा सहकारी संस्था बनवारी, सुविधा वेयर हाउस तूमड़ा हेतु सेवा सहकारी संस्था तूमड़ा, आर. लक्ष्मण वेयर हाउस गरधा हेतु सेवा सहकारी संस्था पीपरपानी, स्वामी वेयर हाउस कामती हेतु सेवा सहकारी संस्था महगवांखुर्द व शारदा वेयर हाउस पिठेहरा हेतु वृहत्ता सेवा सहकारी संस्था गाडरवारा को खरीदी स्थल बनाया गया है।
उक्त समितियां पंजीकृत कृषकों से खरीदी स्थल पर धन उपार्जन का कार्य करेंगी। उपार्जन केन्द्रों पर मानव संसाधन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बिजली, जन सुविधायें, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सर्वेयर, तुलाई, परिवहन आदि व्यवस्थायें किया जाना सुनिश्चित करेंगे। उप संचालक कृषि अपने मैदानी अमले के माध्यम से व्यापक प्रचार- प्रसार करेंगी। कृषक अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी केन्द्र पर/ उपार्जन अवधि की किसी भी दिनांक का फसल विक्रय के लिए स्लॉट बुक कर धान विक्रय के लिए आवेंगे। धान में छन्ना लगाकर साफ- सुथरा अच्छी गुणवत्ता का लेकर आयें। समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अपने- अपने अनुविभाग के अंतर्गत अनुविभाग स्तरीय गठित उपार्जन समिति द्वारा उपार्जन केन्द्रों का सतत भ्रमण कराकर समस्त विवादों का अंतिम निराकरण तथा उपार्जित स्कंध की गुणवत्ता की निगरानी करेंगे। उपार्जन केन्द्रों पर भौतिक एवं अन्य सुविधायें, उपार्जित मात्रा की सही प्रविष्टि एवं गुणवत्ता नियंत्रात्मक कार्यवाही व क्रियान्वयन उपायुक्त सहकारी संस्थायें और महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित नरसिंहपुर द्वारा सुनिश्चित किया जायेगा।
अंग्रेजी विभाग के दो विद्यार्थियों को सेट परीक्षा 2022 में सफलता
नरसिंहपुर।स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर के अंग्रेजी विभाग के सत्र 2018-20 एमए अंग्रेजी के छात्र सुनील कहार और सत्र 2021-23 की छात्रा रक्षा मेहरा ने मध्यप्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित अंग्रेजी विषय की राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर नरसिंहपुर जिले और महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। अत्यंत सामान्य परिवार से आने वाले दोनों विद्यार्थियों में सुनील कहार नरसिंहपुर के स्टेशनगंज के निवासी हैं और सुश्री रक्षा मेहरा सूरजगाँव- खमतरा की निवासी हैं।
इस उपलब्धि पर अंग्रेजी विभाग के सभी शिक्षकों और महाविद्यालय परिवार के प्राचार्य के साथ सभी सहपाठियों ने सुनील और रक्षा मेहरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
खाद के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया
नरसिंहपुर। खाद वितरण के लिए घर बैठे टोकन प्राप्त किये जाने हेतु 2 विकल्प जिला प्रशासन नरसिंहपुर द्वारा दिए जा रहे हैं। प्रथम 07792181 नंबर पर कॉल कर टोकन प्राप्त किया जा सकता है और दूसरा https://tinyurl.com/mpr3673e लिंक के माध्यम से जानकारी दर्ज की जा सकती है। लिंक पर जानकारी दर्ज करने उपरांत कृषक द्वारा फॉर्म में भरे नंबर पर कॉल सेण्टर की टीम संपर्क करेगी एवं सामान्य जानकारी की पुष्टि उपरांत टोकन नंबर प्रदान करेगी।
कलेक्टर एवं एसपी ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण
नरसिंहपुर।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफ़ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने आज कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर पहुंचकर मतगणना स्थल का निरीक्षण किया और विधानसभावार तैयार कराए जा रहे मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने मतगणना स्थल पर विधानसभावार ईवीएम मशीन लाने के लिए पृथक बैरिकैडिंग,मतगणना एजेंट्स के प्रवेश,एंट्री गेट पर चेकिंग उपरान्त ही अधिकृत व्यक्ति को प्रवेश, मतगणना अभिकर्ताओं, मीडिया सेंटर में पत्रकारों के लिए बैठक की समुचित व्यवस्था बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। मतगणना कक्ष में मतगणना एजेंट को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कलेक्टर सुश्री बाफना ने मतगणना दिवस पर स्ट्रांग रूम खोलने की प्रक्रिया, ईव्हीएम का स्ट्राँग रूम से मतगणना कक्ष में अंतरण, मतगणना कक्ष की व्यवस्थाएं, मतगणना केन्द्र पर सामान्य मतगणना की प्रक्रिया तथा रिटर्निंग अधिकारी की मेज पर सामान्य सारणीकरण की प्रक्रिया, मतगणना कक्ष एवं मतगणना केन्द्र के भीतर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना केन्द्र पर अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति, परिणाम की घोषणा की प्रक्रिया की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने यहां विधानसभावार विजिटर पंजी का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों व उनके द्वारा नियुक्त किए जाने वाले गणना अभिकर्ताओं के लिए पास जारी किए जायें, जबकि अधिकारी कर्मचारी एवं मतगणना कार्यों को संपादित करने वाले मतगणना कर्मियों के लिए विधानसभावार निर्धारित रंगों के पास जारी किए जायें। इसके अलावा वाहनों की पार्किंग, ट्रैफिक व्यवस्था,निर्बाध रूप से विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पत्रकारों या मीडिया को किसी प्रकार का कैमरा स्टैंड मतगणना हाल में लगाने की अनुमति नहीं होगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसा कोई भी व्यक्ति जिसे केन्द्र अथवा राज्य सरकारों से सुरक्षा प्राप्त है, उम्मीदवारों का गणना एजेंट नहीं बन सकेगा। आयोग के मुताबिक किसी भी चुनाव लड़ रहे किसी भी उम्मीदवार को उसके सुरक्षा गार्ड अथवा सशस्त्र सुरक्षा गार्ड के साथ मतगणना केन्द्र में प्रवेश करने नहीं दिया जायेगा। विदित है कि स्ट्रांग रूम में 24 घंटे की अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
Tags :