: नरसिंहपुर, वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. शाह किया छात्रावासों एवं कार्यालय का लोकार्पण
Thu, Dec 29, 2022
वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. शाह किया छात्रावासों एवं कार्यालय का लोकार्पणनरसिंहपुर।प्रदेश के वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह गुरूवार को दो दिवसीय प्रवास पर जिले में पहुंचे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग पीआईयू के अंतर्गत बालिका छात्रावास मुशरान वन नरसिंहपुर में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया। प्रभारी मंत्री ने बालिका छात्रावास नरसिंहपुर का स्कूली विद्यार्थियों से फीटा कटवाकर उदघाटन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं कन्या पूजन से किया गया।
सरकार ने बच्चों के लिए विद्या ग्रहण करने के द्वार खोल दिये हैं- प्रभारी मंत्री डॉ. शाह
शासकीय उत्कृष्ट 100 सीटर बालिका छात्रावास भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों और अंतिम छोर में बैठे व्यक्तियों की चिंता कर रही है। सरकार ने बच्चों के लिए विद्या ग्रहण करने के द्वार खोल दिये हैं। बच्चों के मन में जिज्ञासा का भाव आना चाहिये। उन्होंने कहा कि बच्चे भावी पीढ़ी देश का भविष्य हैं। बच्चों के भविष्य के लिए अच्छा कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की शिक्षण व्यवस्था एवं वर्तमान की शिक्षण व्यवस्था में अंतर है। हर बच्चे को शिक्षा मिले, इसके लिए राज्य सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करें। उन्होंने पीआईयू एवं शिक्षा विभाग को बधाई देते हुए कहा कि जो कार्यालय व भवन जैसा बना है, वैसा ही बना रहे।प्रभारी मंत्री ने पौधों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भेंट में पौधों को दे, जिससे पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सके। बुके की जगह बुक भेंट करने की प्रथा को चालू करें। पेड़- पौधों से हमें सीखना चाहिये कि वे किस तरह दूसरों को जीवन प्रदान करते हैं। पौधों से घर की खूबसूरती बढ़ती है। इससे हमें ऑक्सीजन, फल, वन औषधि, वन उत्पाद आदि प्राप्त होते हैं। पेड़ पर पक्षी अपने घौंसले बनाते हैं। उन्होंने बताया कि अपने परिचित, मित्र, रिश्तेदार, सहयोगी आदि के जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें पसंद पौधा चीनी मिट्टी के गमले में प्रदान करें। गमले में भेजने वाले एवं प्राप्त करने वाले की फोटो भी हो। इस तरह की सुविधा वन विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुरूआत करने का प्रयास करेंगे। इसे अमलीजामा पहनाने के प्रयास होने लगे हैं।राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी ने कहा कि छात्रावासों एवं कार्यालयों का गुणवत्तायुक्त निर्माण कार्य किये गये हैं। आज के समय बच्चों के लिए यह महती जरूरतें हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के उद्देश्य से यह भवन निर्मित किये गये हैं। उन्होंने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनायें देते हुए कहा कि उनके लिए श्रेष्ठतम व्यवस्थायें आज उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह व्यवस्थायें मील का पत्थर साबित होंगी। बच्चों को घर जैसा माहौल देने के लिए यह अच्छा प्रयास है। आज जिले को बहुत बड़ी सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि भवनों को साफ- स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है, यह कार्य सिर्फ सरकारी अमले का नहीं है।विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने कहा कि आज छात्रावासों का लोकार्पण किया गया है। सरकार बच्चों के विकास पर ध्यान दे रही है। निर्धन छात्रों की पढ़ाई, छात्रवृत्ति फीस आदि की व्यवस्था सरकार ने की है। बच्चे अच्छे से शिक्षा ग्रहण करें। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में चर्चा की गई है, जिससे पढ़ाई के साथ- साथ खेलों पर भी ध्यान दिया जा सके।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोड़िया, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती वंदना पटैल, डॉ. हरगोविंद पटैल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इन भवनों का हुआ लोकार्पण
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने 771.77 लाख रुपये लागत से बने 100 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास भवन का लोकार्पण किया। नरसिंहपुर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठौतिया में 100 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन, 91.93 लाख रुपये लागत का आयुष कार्यालय भवन, 73.87 लाख रुपये लागत से बने शासकीय हायर सेकेंडरी शाला भवन बरहटा, 73.87 लाख रुपये लागत से बने शासकीय हायर सेकेंडरी शाला भवन बचई और 57.07 लाख रुपये लागत से बने निरीक्षक नाप- तौल विभाग के कार्यालय का लोकार्पण किया।
वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने किया पौधरोपण
नरसिंहपुर।मुशरान वन स्थित शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास परिसर नरसिंहपुर में गुरूवार को प्रदेश के वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने बादाम एवं अशोक का पौधा रोपा।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोड़िया, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
: आईटीआई में आईएमसी की बैठक सम्पन्न
Thu, Dec 29, 2022
आईटीआई में आईएमसी की बैठक सम्पन्न
नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में सोमवार को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान- आईटीआई नरसिंहपुर में आयोजित आईएमसी बैठक में व्यवसायवार आवश्यक सिलेबस के अनुसार टूल्स, इक्यूपमेंट, मशीनरी इत्यादि क्रय करने के संबंध में चर्चा की गई।बैठक में श्री कमलेश सोनी सीजीएम एनटीपीसी, श्री श्याम डागर एजीएम (एचआर एनटीपीसी), श्री अरूण नारायण एजीएम (ईएमडी) सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।बैठक में एनसीव्हीटी व्यवसाय कोपा एवं आईटी लैब के लिए कम्प्यूटर सिस्टम एवं लेपटॉप जेम पोर्टल से क्रय, संस्था में स्मार्ट क्लास रूम बनाने, लायब्रेरी बुक क्रय करने, संस्था की सुरक्षा के लिए आऊट सोर्स एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा गार्ड रखने के संबंध में चर्चा की गई। संस्था में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों को औद्योगिक इकाई, सुगर मिल, एनटीपीसी, एमपीईबी सब स्टेशन के भ्रमण कराने के निर्देश कलेक्टर सुश्री बाफना ने दिये।बैठक में संस्था में संचालित व्यवसायों के लिए दो लेजर प्रिंटर क्रय करने और मैदान की साफ- सफाई व सुंदर गार्डन बनाने की सहमति दी गई। संस्था में व्यवसाय फिटर एवं इलेक्ट्रानिक्स मेकेनिक के प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए साफ्टवेयर क्रय करने की चर्चा की गई। एनटीपीसी से संस्था को सीएसआर के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने हर ट्रेड की जिले में स्थापित लोकल इंडस्ट्री को मैप करने के निर्देश जीएमडीआईसी को दिये। उन्होंने कहा कि महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र इन संचालकों से मिलकर प्रशिक्षणार्थियों के स्किल डेव्हलपमेंट को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास करें। बच्चों के प्रशिक्षण के पश्चात उनका प्लेसमेंट कहां हुआ है, इसका भी रिकार्ड रहे।कलेक्टर ने प्राचार्य आईटीआई श्री एसआर पाराशर से कहा कि वे विभिन्न ट्रेड प्रशिक्षणार्थियों के उन्मुखीकरण के लिए एनटीपीसी के भी प्रशिक्षक हर 10- 15 दिन में यहां आयें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हुनर को प्रोमोट करने की आवश्यकता है। बच्चों की पर्सनाल्टी डेव्हलपमेंट के लिए भी हर माह एक सेशन हो। इसके पश्चात उन्होंने अधिकारियों के साथ यहां संचालित विभिन्न ट्रेडों की कक्षाओं में जाकर मौजूद छात्र- छात्राओं से रूबरू चर्चा की। फीटर वर्कशॉप, टर्नर वर्कशॉप, कोपा लैब में उन्हें प्रशिक्षित किए जा रहे कार्य का जायजा लिया।
3 जनवरी को आयोजित होने वाली जनसुनवाई तहसील करेली में
नरसिंहपुर।जिला कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशानुसार मंगलवार 3 जनवरी को आयोजित होने वाली जनसुनवाई तहसील करेली में आयोजित की जायेगी। इस दौरान सभी जिला प्रमुख अनिवार्यत: रूप से मौजूद रहने के निर्देश दिये गये हैं। यह जानकारी डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी जनसुनवाई शाखा कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर ने दी है।
साप्ताहिक टेस्ट के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यालय
नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशन और सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के मार्गदर्शन में बच्चों के शैक्षणिक स्तर में प्रगति लाने के लिए की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में समस्त शासकीय हाई/ हायर सेकेंडरी विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को विद्यालय की सभी कक्षाओं के सभी बच्चों के साप्ताहिक टेस्ट आयोजित किये गये।इस दौरान 17 दिसम्बर को आयोजित साप्ताहिक टेस्ट के दौरान कक्षा 10 वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 5 विद्यालयों में शासकीय उमावि. नयाखेड़ा- बासादेही, शा. उमावि. बघुवार, शा. उमावि. समनापुर, शासकीय हाई स्कूल बारहाछोटा व शास. उमावि. निवारीपान हैं।इसी तरह 17 दिसम्बर को आयोजित साप्ताहिक टेस्ट के दौरान कक्षा 12 वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 5 विद्यालयों में शास. उमावि बघुवार, शास. उमावि खमरिया- झांसीघाट, शा. उमावि. बरहटा, शास. उत्कृष्ट विद्यालय गोटेगांव व शास. उमावि कल्याणपुर शामिल हैं।इसी प्रकार 24 दिसम्बर को आयोजित साप्ताहिक टेस्ट के दौरान कक्षा 10 वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 5 विद्यालयों में शासकीय हाई स्कूल बारहाछोटा, शास. हाई स्कूल बेदू, शास. हाई स्कूल कंजई, शास. हाई स्कूल नेगुवां व शासकीय हाई स्कूल राखी- भैंसा शामिल हैं।इसी प्रकार 24 दिसम्बर को आयोजित साप्ताहिक टेस्ट के दौरान कक्षा 12 वीं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 5 विद्यालयों में शा. उमावि बघुवार, शास. उमावि. करेली बस्ती, शास. उमावि उमरिया- चिनकी, शास. उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा व शास. उमावि बरहटा शामिल हैं।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी नरसिंहपुर ने दी है।
: कलेक्टर ने किया सोलर पम्प का निरीक्षण
Thu, Dec 29, 2022
कलेक्टर ने किया सोलर पम्प का निरीक्षणनरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को जनपद पंचायत करेली के ग्राम बटेसरा में कृषक श्री रविशंकर रजक के खेत में लगाये गये सोलर पम्प का निरीक्षण किया। श्री रजक ने बताया कि वे वर्ष 2018 से अपने खेतों में सौर ऊर्जा के माध्यम से फसलों में सिंचाई कर रहे हैं। पहले पर्याप्त बिजली की उपलब्धता न होने के कारण सिंचाई करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। शासन द्वारा संचालित की जा रही सोलर पम्प योजना के तहत उन्हें सब्सिडी प्राप्त हुई। जिससे उन्होंने 5 हार्स पॉवर का सोलर पम्प अपने खेत में स्थापित किया। वे बताते हैं कि उन्हें अब बिजली पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं रही। उनके द्वारा लगाई गई फसलों में सोलर पम्प से ही सिंचाई करते हैं। पम्प के रखरखाव में उन्हें किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होती है। उन्होंने खेतों में गन्ने की फसल लगाई है। उनके द्वारा जैविक गुड़ का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसे लोगों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।