: भोपाल संभागायुक्त ने तैयारियों का लिया जायजा
Sun, Nov 27, 2022
भोपाल संभागायुक्त श्री मालसिंह भयड़िया ने सीहोर नगर के गौरव दिवस के अवसर पर 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। संभागायुक्त श्री भयड़िया ने मुख्यमंत्री श्री चौहान के सीहोर में प्रस्तावित कार्यक्रमों के स्थलों का निरीक्षण किया तथा इस आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के पूर्व संभागायुक्त श्री भयड़िया ने कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित कर 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौरव दिवस समारोह के आयोजन का स्वरूप भव्य हो। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, नागरिकों के आवागमन तथा पेयजल आदि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर और समय पूर्व पूर्ण कर ली जाए। बैठक में विधायक श्री सुदेश राय तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर ने गौरव दिवस कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए अनेक सुझाव दिए।
: राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करती है एनसीसी:राज्यपाल श्री पटेल
Sun, Nov 27, 2022
एनसीसी स्थापना दिवस पर साइकिलिस्ट का किया स्वागत
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि एनसीसी दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन है। यह चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता के साथ निस्वार्थ सेवा भाव के मूल्यों को विकसित करता है। उन्होंने कहा कि नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण करती है। एनसीसी अधिकारियों द्वारा युवा वर्ग को सैन्य प्रशिक्षण देकर सैन्य गतिविधियों से अवगत कराने और अनुशासन में रहते हुए देश प्रेम की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। राज्यपाल ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स की कर्त्तव्यनिष्ठा और परिश्रम, आपदाओं और सामान्य काल में भी समाज सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण देखे जाते हैं।राज्यपाल श्री पटेल शौर्य स्मारक भोपाल में एनसीसी स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल श्री पटेल ने एनसीसी स्थापना दिवस की 74 वीं वर्षगाँठ एवं 75 वें वर्ष के शुभारंभ पर सभी को बधाई और शुभकामनाएँ दी। राज्यपाल श्री पटेल ने भारत माता की प्रतिमा पर नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की।राज्यपाल श्री पटेल ने प्रसन्नता जताई है कि एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा 6 गर्ल्स बटालियन संचालित की जा रही है। उन्होंने माता-पिता से अपेक्षा की कि वे बालिकाओं को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देकर एनसीसी में प्रवेश दिलाएँ, जिससे बालिकाएँ उत्कृष्ट कार्य कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सागर में एनसीसी अकादमी स्थापित की जा रही है। इसके लिए पर्याप्त राशि भी आवंटित कर दी गई है।राज्यपाल श्री पटेल ने 19 नवंबर से प्रारंभ 1900 किलोमीटर की साइकिल फॉर यूनिटी में शामिल 5 टीमों के 75 एनसीसी कैडेट्स को बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कड़ी मेहनत और कर्त्तव्यनिष्ठा का कोई पर्याय नहीं है। राज्यपाल श्री पटेल ने आशा व्यक्त की कि सभी कैडेट्स भविष्य में इसी जोश से लक्ष्यों की प्राप्ति की ओर अग्रसर होकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।उत्कृष्ट कार्य करने की ली शपथमध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ एनसीसी डायरेक्टरेट के एडीशनल डायरेक्टर जनरल ए. के.महाजन ने सभी ऑफिसर और कैडेट्स के साथ एनसीसी के 75 वें वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने की शपथ ली। इसके पूर्व उन्होंने एनसीसी के उद्देश्यों और किए जाने वाले कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, पूर्व सीडीएस स्व.विपिन रावत और कई अन्य महान हस्तियाँ एनसीसी कैडेट रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी एनसीसी कैडेट्स देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।एनसीसी संचालनालय मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ द्वारा 75 वें वर्ष के शुभारंभ पर साइक्लोथोन "साइकिल फॉर यूनिटी" में शामिल साइकिलिस्ट का फ्लैग-इन कर स्वागत किया गया। साथ ही एनसीसी के वार्षिक "इ-जर्नल" का विमोचन भी हुआ। गर्ल्स और बॉयस एनसीसी कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
: स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की देख-रेख के लिये साथ आये शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग
Sun, Nov 27, 2022
उमंग स्कूल हेल्थ एण्ड वेलनेस कार्यक्रम का संचालन
मध्यप्रदेश ऐसा करने वाला पहला राज्य - मंत्री डॉ. चौधरी
स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की बेहतर देख-रेख के लिये स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग साथ मिल कर कार्य कर रहे हैं। मध्यप्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी शनिवार को उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम में मार्गदर्शिका का विमोचन एवं उन्मुखीकरण को संबोधित कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कक्षावार उमंग मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ रखने के लिये जरूरी है कि उनके स्वास्थ्य की नियमित देख-भाल और जाँच हो। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जाँच और उसके आधार पर उनकी देख-भाल के लिये उमंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग एवं यूएनएफपीए द्वारा संचालित किया जा रहा है। इसमें जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर भी टीमों का गठन किया गया है। परियोजना में कक्षा 9 से 12वीं तक के बच्चों और 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिये कक्षावार मार्गदर्शिका तैयार की गई है। यूएनएफपीए की सहयोगी संस्था 'भारतीय ग्रामीण महिला संघ' के सहयोग से मार्गदर्शिका तैयार की गई है। मार्गदर्शिका में जीवन कौशल शिक्षा, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, स्वास्थ्य, पोषण, प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, संचारी और गैर-संचारी बीमारियों, नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, जेंडर, हिंसा, बाल विवाह आदि विषयों को शामिल किया गया है।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रत्येक स्कूल में 2 शिक्षकों को मार्गदर्शिका की विषय-वस्तु से प्रशिक्षित किया जाएगा। यह शिक्षक स्कूल के सभी बच्चों को शिक्षित करेंगे और समझाइश भी देंगे। साथ ही उमंग कार्यक्रम की हेल्प लाइन के माध्यम से भी बच्चो को समझाइश दी जायेगी।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोविड-19 की स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देश के नागरिकों को उपलब्ध कराने के साथ विश्व के अन्य देशों के नागरिकों को भी वैक्सीन उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कोरोना की विषम परिस्थितियों के दौरान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य, संभाग, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर क्राइसिस मेनेजमेंट कमेटियों ने उल्लेखनीय कार्य किया। कोरोना महामारी की चुनौती का हमने सफलता से मुकाबला किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रगति के नये आयाम तय कर रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पताल से लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र तक नि:शुल्क दवाएँ और अनेक प्रकार की जाँचों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण के लिये संपूर्ण कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थाओं में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति के साथ ही चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जा रहा है। टेलीमेडिसिन से चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाओं की ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार किया जा रहा है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में पदस्थ सीएचओ दूरभाष पर चिकित्सा विशेषज्ञ से संपर्क कर मरीज को परामर्श और उपचार प्रदान करा रहे हैं।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 2 अक्टूबर को नशामुक्ति के लिये विशेष पहल करते हुए संकल्प दिलाया था कि हम नशामुक्त समाज का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा यह दायित्व है कि हम नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने उपस्थित जन को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया।प्रारंभ में एमडी एनएचएम श्रीमती प्रियंका दास ने उमंग स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम पर प्रेजेन्टेशन दिया। उन्होंने आभा आईडी की जानकारी भी दी। आयुक्त स्कूल शिक्षा डॉ. अभय वर्मा ने उमंग कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के दायित्वों के बारे में बताया। अपर परियोजना संचालक समग्र शिक्षा अभियान श्रीमती मनीषा सेंतिया ने उमंग कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। यूएनएफपीए कंट्री ऑफिस दिल्ली की डॉ. दीपा प्रसाद, मध्यप्रदेश के स्टेट हेड श्री सुनील थॉमस जैकब, उप संचालक आर.के.एस. डॉ. उपेन्द्र धोटे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।