: युवाओं के लिये रोजगार सबसे बड़ी जरूरत : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Tue, Nov 22, 2022
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि युवाओं को रोजगार आज की सबसे बड़ी जरूरत है। रोजगार सरकारी क्षेत्र में हो या निजी क्षेत्र में, योग्यतानुसार कार्य मिल जाए, यह बहुत आवश्यक है। सेवाओं में आने से युवाओं में स्वाभाविक रूप से उत्साह का संचार होता है। पर्याप्त अमले से संस्थानों और विभागों की कार्य-प्रणाली भी सहज और आसान होती है।मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में विभिन्न सरकारी विभागों में एक लाख पदों को भरने संबंधी समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रति माह रोजगार दिवस के फलस्वरूप बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है। औद्योगिक संस्थानों में स्थानीय युवाओं की सेवाएँ लेने को महत्व दिया जा रहा है। राज्य सरकार सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने दृढ़ संकल्पित है। इसी संकल्प की पूर्ति के लिए अभियान संचालित कर शासकीय विभागों में रिक्त पद भरे जा रहे हैं।लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल, सहकारिता मंत्री श्री अरविंद सिंह भदौरिया, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री उषा ठाकुर, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री श्री ओ.पी. सखलेचा और पशुपालन मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार ने प्रेजेंटेशन दिया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासकीय विभागों में अकेले गृह विभाग में ही 6 हजार आरक्षक पदों पर नियुक्ति देने की पहल हुई है। प्रयास यह है कि किसी एक दिन सभी को समारोह पूर्वक नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएँ। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा विभागों के पदों को भरने की कार्रवाई के साथ ही राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों में भी पदों की पूर्ति के लिए कार्यवाही की जा रही है। उपस्थित मंत्रीगण ने रोजगार और स्व-रोजगार क्षेत्र में हो रहे कार्य को महत्वपूर्ण बताया।अगस्त 2023 तक भर लिए जायेंगे 1 लाख 12 हजार पदजानकारी दी गई कि 15 अगस्त से प्रारंभ हुए रिक्त पदों की पूर्ति के अभियान की कार्यवाही निरंतर 12 माह तक चलेगी। प्रदेश में 01 लाख 12 हजार 724 सरकारी रिक्त पदों को भरने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। नवंबर माह में तेजी से कार्य हुआ है। लगभग 60 हजार पदों को भरने के लिए आवश्यक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। सभी विभाग इस कार्य में सक्रिय हैं। प्रथम श्रेणी के 1,271, द्वितीय श्रेणी के 20 हजार 728, तृतीय श्रेणी के 82 हजार 879 और चतुर्थ श्रेणी के 9091 पद रिक्त हैं। इन पदों की पूर्ति के लिए वित्त विभाग से अनुमति के बाद आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। गत 15 अगस्त से 31 अक्टूबर तक 36 हजार 235 पद विज्ञापित किए गए हैं। नवम्बर माह में 3 हजार 926 पद विज्ञापित किए गए हैं। इस माह के अंत तक करीब 19 हजार पद विज्ञापित होंगे। आठ विभागों में 1595 नियुक्तियाँ गत तीन माह में कर दी गई हैं। बीती तिमाही में जनजातीय कार्य विभाग में 722 और स्वास्थ्य विभाग में 852 नियुक्तियाँ की गई हैं। स्कूल शिक्षा विभाग में 15 हजार 196 और जनजातीय कार्य विभाग में 15 हजार 618 पद विज्ञापित हुए हैं। सभी विभाग में लगातार नियुक्तियाँ हो रही हैं।स्व-रोजगार प्रयासों पर भी हुई चर्चाप्रदेश में स्व-रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी बैठक में चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रतिमाह तीन लाख लोगों को रोजगार अवसरों से जोड़ने के प्रयासों में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिमाह रोजगार दिवस का आयोजन हो रहा है। साथ ही नवीन निवेश के आने की रफ्तार भी बढ़ी है। यह पहली बार हुआ है कि मध्यप्रदेश में शासकीय और निजी क्षेत्र में इतने अधिक पद भरे जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में कई बड़े उद्योग आ रहे हैं। उद्योगों की स्थापना के लिए निवेशक भी निरंतर आ रहे हैं।
: नरसिंहपुर, गरीब और जरूरतमंदों के लिये काम कर रही है सरकार : राज्यपाल श्री पटेल
Tue, Nov 22, 2022
नरसिंहपुर में बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों से की मुलाकात
राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल ने मंगलवार को नरसिंहपुर में ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश शासन ने गरीबों और जरूरतमंदों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को समझा है, उनकी चिंता की है और उसी के अनुरूप योजना बनाकर उसे मैदानी स्तर पर क्रियान्वित किया हैं। उन्होंने अपने संबोधन में शासन द्वारा संचालित सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम गोरखपुर और कोदरासकलां में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों से मुलाकात की।राज्यपाल श्री पटेल ने जन-कल्याणकारी योजनाओं के मैदानी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के लिये युवाओं से सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम के युवा आगे आकर योजनाओं के क्रियान्वयन में अपना योगदान दें। ग्राम के प्रत्येक परिवार को उनकी पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। राज्यपाल श्री पटेल ने आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करने की बात की।राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम गोरखपुर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति-पत्र वितरित किये। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री देवी सिंह, वृद्धावस्था पेंशन योजना के श्री रूपराम को प्रमाण-पत्र, श्री पुरूषोत्तम को बीपीएल कार्ड तथा ग्राम आलौद के माँ नर्मदा स्व-सहायता समूह को तीन लाख रूपये, दुर्गा स्व-सहायता समूह को तीन लाख रूपये तथा पाला मुड़रई के महिमा स्व-सहायता समूह को डेढ़ लाख रूपये के हितलाभ का वितरण किया। साथ ही दिव्यांग श्री राजू को ट्रायसिकल प्रदान की।ग्रामीणों से किया आत्मीय संवादराज्यपाल श्री पटेल ने गोरखपुर में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में हितग्राहियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने माँ भवानी महिला स्व-सहायता समूह की धनोबाई से चर्चा कर समूह को आजीविका मिशन से प्राप्त लाभ, समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही आर्थिक गतिविधियों तथा प्रत्येक सदस्य के लाभांश की जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री आवास योजना के ग्राम खमरिया के बसंत कुमार एवं जयराम के साथ ही गोरखपुर के शुभम के अनुभव साझा किए।प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही के घर किया भोजन
राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम गोरखपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही विजय ठाकुर के आवास का अवलोकन किया। उन्होंने ठाकुर दंपत्ति से आवास निर्माण एवं उसकी गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली और उनके परिवार के साथ भोजन किया।
कोदरास कलां में स्कूली बच्चों से किया संवादराज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम कोदरास कलां में स्कूली बच्चों से संवाद किया। राज्यपाल श्री पटेल ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। सभी को कठोर परिश्रम कर बेहतर भविष्य के लिये शुभकामनाएँ दीं।आम का पौधा रोपाराज्यपाल श्री पटेल ने कोदरास कलां शाला परिसर में पौध-रोपण किया। उन्होंने आम का पौधा रोपित किया। शिक्षकों को बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए उन्हें प्रकृति से जोड़ने को कहा। विधायक श्री जालम सिंह पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोडि़या, कलेक्टर सुश्री ऋजु बफना, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव उपस्थित थे।
: किसान की सहमति के बिना जमीन नहीं ली जाएगी : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Tue, Nov 22, 2022
किसानों की सुविधा के लिए लगेंगे राजस्व और विद्युत समस्या निराकरण शिविर,
राज्य सरकार करेगी डिफाल्टर किसानों की ब्याज राशि की प्रतिपूर्ति,
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के हित में की घोषणाएँ,
मुख्यमंत्री श्री चौहान का किसानों ने माना आभार
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री सम्मान किसान निधि और मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में उन किसानों के नाम भी जोड़े जाएंगे जो पात्र होते हुए भी किसी वजह से नाम नहीं जुड़वा सके। किसानों की राजस्व और विद्युत देयक संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए शिविर लगाए जाएंगे। राज्य सरकार डिफाल्टर किसानों की ब्याज राशि की प्रतिपूर्ति करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के हित में अनेक घोषणाएँ की। किसानों द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।मुख्यमंत्री श्री चौहान आज भोपाल के मोतीलाल नेहरू विज्ञान महाविद्यालय के मैदान से किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति मेरा प्रेम और श्रद्धा का भाव है। किसानों की जो भी जायज समस्याएँ हैं, उन्हें दूर करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रारंभ में किसानों के संगठन द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान को सुझाव-पत्र दिया गया।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के अनेक किसान सम्मान निधि के पात्र हैं। यदि सूची में पात्र किसानों के नाम दर्ज नहीं हो सके हैं, तो उन्हें दर्ज कर 10 हजार रूपए वार्षिक सहायता राशि प्रदान करने का कार्य किया जाएगा।प्रदेश के किसान बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री सम्मान किसान निधि में 6 हजार और मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के 4 हजार मिला कर प्रति हितग्राही सालाना मिलने वाली 10 हजार रूपए की राशि से लाभान्वित हो रहे हैं। इस लाभ से वंचित लोगों के नाम प्राथमिकता से जोड़े जाएंगे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएँ की। इनमें नहरों की मरम्मत, मंडियों में किसानों के हित में अत्याधुनिक उपकरण स्थापित करने, बड़े तौल काँटे लगाने, राजस्व भूमि पर वर्षों से कृषि कार्य करते आ रहे किसानों के लिए पात्रतानुसार आवश्यक पट्टे प्रदान करने, विभिन्न योजनाओं के लिए सरकार द्वारा किसान की जमीन लिए जाने के फलस्वरूप नामांतरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की घोषणाएँ शामिल हैं। प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया गया। मंच पर भारतीय किसान संघ मध्यप्रदेश के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान की अन्य प्रमुख घोषणाएँ
किसान की सहमति से ही उसकी भूमिका का अधिग्रहण होगा।
डिफाल्टर कृषक की कर्ज माफी का ब्याज भरने का कार्य सरकार करेगी।
गन्ना किसानों का बकाया, मिल मालिकों से चर्चा कर वापस करवाने का कार्य किया जाएगा।
जले ट्रांसफार्मर शीघ्र से शीघ्र बदलवाने का कार्य होगा।
किसान पम्प योजना की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी।