: राज्य सरकार के सुशासन नवाचारों को सराहा गोवा सरकार ने
Wed, Nov 9, 2022
राज्य सरकार के सुशासन नवाचारों को सराहा गोवा सरकार नेमध्यप्रदेश सरकार द्वारा सुशासन की दिशा में किये जा रहे नवाचारों एवं कार्यों के अध्ययन हेतु गोवा सरकार के सचिव मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम द्वारा आज सीएम डैशबोर्ड, ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल, प्रदेश आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम (VBSR) एवं सीएम हेल्पलाईन कॉल सेंटर का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की गयी। गोवा सरकार के अधिकारियों द्वारा मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की गयी।गोवा सरकार टीम में मुख्यमंत्री के सचिव श्री अजित राय के साथ अवर सचिव सीएमओ श्री शुभम नायक, सीईओ गोवा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड रेवती मुजुमदार, ओएसडी मुख्यमंत्री कार्यालय श्री उमेन्द्र जोशी एवं श्री गौरीश कलंगुत्कर शामिल रहे।मध्यप्रदेश सरकार की ओर से लोक सेवा प्रबंधन विभाग अंतर्गत राज्य लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालक संचालक श्री अभिजीत अग्रवाल द्वारा सीएम डैशबोर्ड, प्रदेश आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम (VBSR) एवं सीएम हेल्पलाईन के संबंध में गोवा के अधिकारियों को जानकारी दी गयी। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से प्रदाय की जा रही सेवाओं का लाइव प्रेजेन्टेशन दिया। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के संबंध में भी चर्चा की गयी।मध्यप्रदेश सीएम डैशबोर्ड अंतर्गत 33 विभागों के डैशबोर्ड विकसित किए गए हैं, जिनके माध्यम से संचालित योजनाओं की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है। सीएम हेल्पलाइन से लाखों नागरिकों की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जा रहा है।भ्रमण के दौरान राज्य लोक सेवा अभिकरण के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
: 17 साल से अधिक आयु वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने दे सकते हैं अग्रिम आवेदन : सीईओ श्री अनुपम राजन
Wed, Nov 9, 2022
मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के शुभारंभ पर हुई राज्य स्तरीय मतदाता जागरूकता साइकिल रैली
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने कहा है कि जिस व्यक्ति ने आज की तारीख में 17 साल से अधिक की आयु पूरी कर ली है वह अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन दे सकता है। उसे दोबारा आवेदन देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 18 साल की आयु पूरी करते ही उसका नाम मतदाता सूची में जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदाता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम का उपयोग कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म भर सकता है।
प्रदेश में 9 नवंबर से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इस मौके पर मतदाताओं को जागरूक करने राज्य स्तरीय साइकिल रैली निकाली गयी। भोपाल में निर्वाचन सदन और जिला प्रशासन द्वारा सुबह 8 बजे साइकिल रैली निकाली गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने भारत माता चौराहे से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान वे भी साइकिल पर सवार होकर रैली के साथ चले। भारत माता चौराहे से शुरू रैली लाड़ली लक्ष्मी पथ, पॉलीटेक्निक चौराहा होते हुए वोट क्लब पहुँची, जहाँ रैली का समापन हुआ। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने रैली में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र बाँटे। उन्होंने कहा कि 17 साल से अधिक आयु वाले युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन दे सकते हैं। सूची में नाम जुड़वाने के लिए कही भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सभी लोग अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवायें। परिवार, पास पड़ोस के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने, सहित अन्य गतिविधियों के बारे में जागरूक करें। साइकिल रैली के दौरान भोपाल कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया, राज्य स्तरीय आईकॉन श्री राजीव वर्मा, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार कौल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और युवा मतदाता मौजूद रहे।
स्पीड पोस्ट से घर पहुँचेगा वोटर आईडी कार्ड
श्री राजन ने कहा कि मतदाता पहचान-पत्र के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आपका वोटर आईडी कार्ड स्पीड़ पोस्ट से आपके घर तक पहुँच जाएगा। मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के दौरान प्रदेश के सभी 64 हजार 100 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे।
: चुनावों में भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग की साइकिल रैली
Wed, Nov 9, 2022
मुख्य चुनाव आयुक्त ने पुणे में मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से राष्ट्रव्यापी विशेष सारांश संशोधन 2023 का शुभारंभ किया
शहरी क्षेत्रों से मतदाता भागीदारी बढ़ाने की गुंजाइश: मुख्य चुनाव आयुक्त श्री राजीव कुमार
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) श्री राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त (ईसी) श्री अनूप चन्द्र पाण्डेय ने आज पुणे में मतदाताओं को जागरूक करने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रव्यापी विशेष सारांश संशोधन (एसएसआर) 2023 का शुभारंभ किया। मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्त ने दिन का शुभारंभ एक साइकिल रैली में भागीदारी के साथ किया। बालेवाड़ी में श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स महलुंगे से प्रातःकाल शुरू हुई इस साइकिल रैली की थीम 'पेडल फॉर पार्टिसिपेटिव इलेक्शन' थी। रैली को समाज के विभिन्न वर्गों के मतदाताओं ने झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें ट्रांसजेंडर, दिव्यांग, महिलाएं, युवा, फिल्मी हस्ती नागराज मंजुले, ओलिंपियन अंजलि भागवत, मनोज पिंगले, अजीत लकड़ा और ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता सानवी जेठवानी सहित शहर के कई जाने-माने गण्यमान्य व्यक्ति शामिल थे। 200 से अधिक लोगों ने 'नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइंड' का संदेश फैलाने, समावेशी एवं सुलभ चुनावों के बारे में जागरूकता, मतदाता सूची के लिए पंजीकरण एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए स्वेच्छा से साइकिल रैली में भाग लिया। शहर के लोकप्रिय क्षेत्रों जैसे बानेर रोड, पुणे यूनिवर्सिटी स्क्वायर, राजभवन, ब्रेमेन स्क्वायर, परिहार स्क्वायर, मेडी-पॉइंट हॉस्पिटल, ज्यूपिटर हॉस्पिटल, गणराज स्क्वायर और प्वाइंट बालेवाड़ी स्टेडियम को शामिल करते हुए 20 किमी के इस मार्ग पर आम जनता ने साइकिल रैली में शामिल लोगों का प्रसन्नता और उत्साह के साथ अभिनंदन किया।पुणे में मतदान के प्रति उदासीनता और युवाओं की कम भागीदारी को देखते हुए, चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए बड़े पैमाने पर युवाओं और समाज को प्रेरित करने और उन्हें जुटाने के लिए यहां मतदाता जागरूकता साइकिल रैली में भाग लिया। देशभर के सभी राज्यों में, विशेष सारांश संशोधन अभ्यास के दौरान जागरूकता फैलाने और सभी हितधारकों की भागीदारी को जुटाने के लिए संबंधित मुख्य निर्वाचन अधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर इस तरह की जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।इस अवसर पर, अपने संबोधन में सीईसी श्री राजीव कुमार ने कहा कि वह शहरी क्षेत्रों के सभी मतदाताओं से अनुरोध करना चाहते हैं कि सभी युवा चुनाव प्रक्रिया में भाग लें, पंजीकरण कराएं और मतदान करें। उनके मतदान से ही लोकतांत्रिक परंपराएं पूरी तरह से मजबूत और सक्षम बनती हैं। सीईसी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों से मतदाता भागीदारी बढ़ाने की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पुणे शहर से एसएसआर 2023 के शुभारंभ का यही एक कारण है। उन्होंने कहा कि हालांकि हर साल सारांश संशोधन होता है, लेकिन चुनाव आयोग इस वर्ष इस पर बहुत अधिक ध्यान केंद्रित कर रहा है ताकि मतदाता-मतदान को बढ़ाया जा सके और इसका शुभारंभ पूरे देश में पुणे से शुभारंभ करके किया जा सके। उन्होंने कहा कि कुछ शहर वास्तव में मतदान में अपना पूर्ण योगदान नहीं करते हैं। सीईसी ने कहा कि उन्हें ऐसे सभी शहरी क्षेत्रों को कवर करना है और इसीलिए जागरूकता जगाने के लिए इस साइकिल रैली का आयोजन किया गया है।सीईसी ने कहा कि देश हर स्थल पर चाहे वे दूर-दराज के राज्य हों, पहाड़ियां हों, तटीय रेखाएं हों, दुर्गम इलाकों हों, रेगिस्तान हों, हर जगह, हर एक नागरिक को मतदाता के रूप में सूचीबद्ध किया जा रहा है और यह मतदाता पंजीकृत होकर न केवल लोकतंत्र को मजबूत कर रहे हैं बल्कि अपना मत भी डाल रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में 2.49 लाख से अधिक मतदाता हैं जो 100 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। उन्होंने कहा जब आप उनके साथ बातचीत करते हैं तो देखते हैं कि वे जीवन भर मतदान करते रहे हैं तो यह कितनी राहत और आनंद की बात है। 106 वर्ष के देश के पहले मतदाता श्री श्याम सरन नेगी, जिनका हाल ही में स्वर्गवास हुआ है, को श्रद्धांजलि देते हुए सीईसी ने कहा कि उन्होंने अपनी मृत्यु से तीन दिन पहले डाक मतपत्र के माध्यम से अपना मत डाला था। यही उनकी बलवती भावना का परिचय है।साइकिल रैली के मार्ग में, सीईसी ने कुछ स्थानों पर रुकते हुए चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए उनसे बातचीत की। कस्तूरबा वसाहट के निवासियों ने उत्साहपूर्वक चुनाव आयोग का स्वागत किया और सीईसी ने सीईओ, महाराष्ट्र से क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं को नामांकन की सुविधा प्रदान करने के लिए कहा।चुनाव आयुक्त श्री अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नए वयस्कों के पंजीकरण के लिए विशेष सारांश संशोधन है। उन्होंने कहा कि सभी को मतदाता के रूप में पंजीकरण करना चाहिए और हमारे लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदाता जागरूकता के संदेशों को भी फैलाना चाहिए। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत देशपांडे ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को बड़ी संख्या में चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने हेतु साइकिल रैलियों जैसी अनूठी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को राज्य की प्रत्येक ग्राम सभा में मतदाता सूचियों की घोषणा की जाएगी। सीईओ महाराष्ट्र राज्य के हर कॉलेज में मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित कर रहा है। पुणे के जिला चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश देशमुख ने स्वस्थ और समावेशी मतदाता सूची के लिए एसएसआर 2023 की अवधि के दौरान पुणे शहर में पात्र मतदाताओं को नामांकित करने के लिए सभी सुविधाओं और विशेष शिविरों का आश्वासन दिया।