: कर्ज की राशि जमा नहीं करने पर आयोग में अपील की
Tue, Jun 17, 2025
रिपोर्टर भागीरथ तिवारी
कर्ज की राशि जमा नहीं करने पर आयोग में अपील की
करेली,जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग नरसिंहपुर आयोग के अध्यक्ष श्री नीलेशकुमार जैन, सदस्य श्रीमती प्रतिमा शर्मा एवं ऋषभकुमार सिंघई ने प्रकरण का निराकरण करते हुये प्रकरण क्र. 64/2021 प्रदीप आ0 राजेन्द्र अवस्थी बनाम भारतीय स्टेट बैंक शाखा सुआतला के विरूद्ध आयोग के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया कि भारतीय स्टेट बैंक शाखा सुआतला ने आवेदक के बचत खाता पर होल्ड लगाकर बहत्तर हजार रूपये की राशि आवेदक के केसीसी ऋण खाते में जमा कर दी है जो कि नियम विरूद्ध है जिससे आवेदक के भरणपोषण तथा अन्य खर्चे के राशि खाते में नही बची है। अनावेदक बैंक द्वारा जबाब प्रस्तुत करते हुये बताया कि आवेदक अपने ऋण खाते में लगातार दो वर्ष से अधिक समय तक ऋण राशि जमा नही कर रहा था जिससे आवेदक का खाता खराब हो गया है बैंक को यह अधिकार है कि खातेधारी के अन्य खाते से राशि निकालकर ऋण खाते में जमा कर सकते है। इस बाबत उच्च न्यायालय के न्याय दृष्टा आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जिसे आयोग ने स्वीकार करते हुये आवेदक का आवेदन खारिज कर दिया। भारतीय स्टेट बैंक शाखा सुआतला की ओर से अधिवक्ता संतोष तिहैया ने प्रकरण में पैरवी की है।
: व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य समापन समारोह संपन्न
Tue, Jun 17, 2025
व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य समापन समारोह संपन्न
विश्व के प्रथम गो अभयारण्य में संचालित श्री कामधेनु गुरुकुलम एवं सूर्या फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर का समापन समारोह भगवती गोमाता की पूजन एवं आरती के साथ आज अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिविरार्थियों ने कराटे, मलखंभ, योग पिरामिड, गणगीत, दंड चालन एवं फ्यूजन डांस जैसी विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फ्यूजन डांस की प्रस्तुति में भारतीय सांस्कृतिक रंगों और मूल्यों की जीवंत झलक दिखाई दी, जिसे दर्शकों ने सराहा। शारीरिक दक्षता और अनुशासन का अनुपम उदाहरण बनते हुए बच्चों ने मलखंभ और कराटे में अपनी निपुणता का प्रदर्शन किया। योग पिरामिड ने दर्शकों को भारतीय संतुलन और सामूहिक समन्वय का संदेश दिया। संध्या में प्रस्तुत गणगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समापन समारोह को गौरवपूर्ण बना दिया। मुख्य वक्ता श्री द्रवेश भारत, सूर्या फाउंडेशन के युवा नेतृत्व प्रमुख, ने गुरु नानक देव जी की प्रेरक कथा सुनाते हुए शिविरार्थियों को संदेश दिया कि अच्छे लोग समाज में बदलाव के वाहक बनते हैं। उन्होंने कहा,आप सब अच्छे लोग हैं, और समाज को आप जैसे श्रेष्ठ व्यक्तित्वों की आवश्यकता है। जहां जाएं, वहां अपने कर्म और सेवा से सकारात्मक परिवर्तन लाएं।"समारोह के मुख्य अतिथि श्री मुकेश जाटव, जिला परियोजना अधिकारी, आगर मालवा ने शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह शिविर बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास का पूर्ण मॉडल है। उन्होंने इसे भावी पीढ़ी को सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल बताया।समारोह के विशिष्ठ अतिथि काशीराम जी आर्य "अनल" ने अभिभावको से आह्वान किया कि अपने बालकों के विकास के लिए सबसे महत्ती भूमिका मां की है क्योंकि बालकों का प्रथम गुरु उसकी जन्मदात्री मां ही है और गर्भधारण से लेकर 16 संस्कारों में मां एवं बालक के पिता की अहम भूमिका रहती हैसमारोह के अंत में श्री कामधेनु गो अभ्यारण्य के प्रबंधक, शिवराज शर्मा ने घोषणा की कि: > "सूर्या फाउंडेशन और कामधेनु गो अभ्यारण्य मिलकर इस क्षेत्र में आगे भी सेवा कार्य करता रहेगा। इस शिविर के अनुभवों को आगे और विस्तार दिया जाएगा जिससे अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके।"समापन समारोह में आगर मालवा जिले के जिला परियोजना समन्वयक महेश कुमार जाटव के साथ जिला प्रोग्रामर संतोष कुमार, मंगलेश सोनी विकासखंड अधिकारी बडौद एवं राधेश्याम पाटीदार विकास खण्ड स्त्रोत समन्वयक सहित श्री कामधेनु गो अभयारण्य संचालन मंडल के माननीय सदस्यों सहित सभी बालकों के अभिभावकों सहित अनेक गणमान्य अतिथियों, व ग्रामवासियों की उपस्थिति रही। अंत में शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
: हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी द्वितीय परीक्षा प्रारंभ
Tue, Jun 17, 2025
हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी द्वितीय परीक्षा प्रारंभ
गाडरवारा। बीते मंगलवार से क्षेत्र के चयनित परीक्षा केन्द्रो पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी द्वितीय अवसर की परीक्षा प्रारंभ हो गई। विदित हो कि उक्त परीक्षा हेतु गाडरवारा के बीटीआई स्कूल, साईखेड़ा के साँदीपनी स्कूल एवं चीचली के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। हिंदी विषय के परचे से शुरू हुई इस परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से 12 बजे तक रखा गया है। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है। मंगलवार को परीक्षा के शुरुआती दिन बीटीआई स्कूल के केंद्र पर 10 वी की परीक्षा मे 39 मे से 36 एवं 12 वी की परीक्षा मे 13 मे से 13, साँदीपनी विद्यालय साईंखेड़ा के केंद्र पर 10 वी की परीक्षा मे 12 मे से 12 एवं 12 वी की परीक्षा मे 7 मे से 7 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी। इसी प्रकार क्षेत्र के चीचली ब्लॉक अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय चीचली के केंद्र पर 10 वी परीक्षा मे 26 मे से 21 एवं 12 वी परीक्षा मे 11 मे से 10 छात्र छात्राएँ शामिल हुए। मंडल द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 10 वी की परीक्षा 26 जून एवं 12 वी की परीक्षा 5 जुलाई को संपन्न होंगी। प्रायोगिक परीक्षा भी निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 17 जून से 25 जून की समयावधि मे आयोजित होंगी। परीक्षा के आयोजन मे केंद्र अध्यक्षो सहित सहायक केंद्र अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों का सहयोग मिल रहा है। मंगलवार को परीक्षा के पहले दिन साईंखेड़ा के प्राथमिक शिक्षक भानु राजपूत ने गलती से साईंखेड़ा केंद्र पर आ गई छात्रा को तत्काल उसके बीटीआई स्कूल गाडरवारा परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया। शिक्षक श्री राजपूत के इस कार्य की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।