: गाडरवारा ,बनवारी में छात्र छात्राओं को मिली साइकिलें
Thu, Sep 22, 2022
बनवारी में छात्र छात्राओं को मिली साइकिलेंगाडरवारा। गत दिवस ग्राम बनवारी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनवारी में मप्र शासन की निशुल्क साइकिल वितरण योजना अंतर्गत कक्षा नौवीं के छात्र छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया । कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीनदयाल ढिमोले ,ग्राम की सरपंच श्रीमती रुचि ढिमोले एवं उपसरपंच आकाश चौकसे ने शाला में उपस्थित होकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की एवं छात्र छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में शाला के प्रभारी प्राचार्य आनंद चौकसे ने बताया की शाला में साइकिल हेतु कुल 53 छात्र छात्राएँ पात्र हैं जिसमें से 42 को साइकिल वितरण किया गया है शेष छात्रों को जल्द साइकिल प्राप्त होने पर वितरित की जावेगी। कार्यक्रम में शाला से सुपर 100 में चयनित छात्र ओम प्रकाश अहिरवार को भी मंच से शुभकामनाएं दी गई साथ ही शाला में गत वर्ष के परीक्षा परिणाम के आधार पर लैपटॉप योजना हेतु चयनित 13 छात्र छात्राओं को भी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई। कार्यक्रम में समस्त शाला स्टाफ एवं साइकिल वितरण योजना में लाभान्वित बच्चों के पालकों की भी उपस्थिति रही।।।
: सी एम राइज साईंखेड़ा में सतपुड़ा सदन बना विजेता
Thu, Sep 22, 2022
सी एम राइज साईंखेड़ा में सतपुड़ा सदन बना विजेतागाडरवारा। गत दिवस सतत और व्यापक अधिगम तथा मूल्यांकन गतिविधियों के अंतर्गत सी एम राइज विद्यालय साईंखेड़ा में गौरवमयी भारत थीम के अंतर्गत वैज्ञानिक परियोजनाओं और गतिविधियों पर आधारित प्रश्न मंच का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय का सतपुड़ा सदन अव्वल आया। इसके पूर्व विज्ञान विषय पर लेखन प्रतियोगिता में विंध्याचल सदन अव्वल था। विद्यालय के सी सी एल ई प्रभारी मनीष शंकर तिवारी ने बताया कि धीरेंद्र चतुर्वेदी, उप संचालक लोक शिक्षण भोपाल के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एस एल धुर्वे और रमसा प्रभारी जी एस पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके लिए सी एम राइज विद्यालय साईंखेड़ा में कक्षा 9 से 12 तक सभी विद्यार्थियों को कक्षा वार चार सदनो में विभाजित किया गया है। जिनके प्रभारी और सहायक प्रभारी विद्यालय के शिक्षक ही हैं। संस्था के प्राचार्य चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि सी सी एल ई गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की उपस्थिति के सामूहिक प्रयास तो होते ही हैं बल्कि इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं जो उनके शैक्षणिक विकास में सहायक होते हैं।
: गाडरवारा, इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत विज्ञान शिक्षको का उन्मुखीकरण आयोजित
Thu, Sep 22, 2022
इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत विज्ञान शिक्षको का उन्मुखीकरण आयोजितगाडरवारा। क्षेत्र की शासकीय एवं अशासकीय शालाओं में कक्षा 6 वी से 10 वी तक के छात्र छात्राओं के लिए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के क्रियान्वयन हेतु विज्ञान विषय मे अधिक से अधिक आइडियास भारत सरकार के वेब पोर्टल पर अपलोड कराने के उद्देश्य से विज्ञान शिक्षको एवं इंस्पायर अवार्ड के नोडल शिक्षको का एकदिवसीय उन्मुखीकरण स्थानीय बीटीआई स्कूल में आयोजित किया । उन्मुखीकरण में साईंखेड़ा, चीचली एवं चांवरपाठा ब्लॉक के शिक्षको ने सहभागिता दी। इस अवसर पर नरसिंहपुर से आये नोडल अधिकारी राजीव श्रीवास्तव, समीर त्यागी के अलावा साईंखेड़ा ब्लॉक से विज्ञान अधिकारी के के राजौरिया, चंद्रकांत साहू, चीचली ब्लॉक से ओमप्रकाश कौरव, गजेंद्र कौरव एवं चावरपाठा ब्लॉक से समीम कुरैशी एवं राकेश श्रीवास ने विज्ञान शिक्षको को बताया कि स्कूल की ईमेल आईडी से प्रत्येक विद्यालय को कम से कम 5 छात्र छात्राओं के विज्ञान मॉडल संबंधी आइडियास अपलोड कर भेजना है। इस मौके पर बीटीआई प्राचार्य जयमोहन शर्मा ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना का प्रमुख उद्देश्य छात्र छात्राओं मे विज्ञान विषय के प्रति जागरूकता एवं समझ विकसित करना है। आप सभी अपने अपने स्कूलो के छात्र छात्राओं को इंस्पायर अवार्ड से जुड़ी जानकारी देकर उन्हें विज्ञान मॉडल बनाने के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विज्ञान शिक्षको की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।