: भोपाल, आयोडिन एवं कुपोषण की कमी को दूर करेगा डबल फोर्टिफाईड नमक-खाद्य मंत्री सिंह
Tue, Aug 3, 2021
खाद्य मंत्री सिंह ने किया डबल फोर्टिफाइड नमक का राज्य स्तरीय लोकार्पण
भोपाल। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि डबल फोर्टिफाइड नमक में आयोडीन एवं आयरन दोनों ही प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह नमक सामान्य रूप से बाजार में उपलब्ध नहीं है। इसके अधिक से अधिक उपयोग के लिए हम विभिन्न विभागों द्वारा पोषण संबंधी योजनाओं के माध्यम से उपयोग में लाने के प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में आज महिला बाल विकास में मध्यान्ह भोजन, आंगनबाड़ी पोषण आहार जैसी योजनाओं के लिए इस नमक के उपयोग के लिए अपनी सहमति दी है। आदिवासी क्षेत्रों में पौष्टिक खानपान नहीं मिलने के कारण गर्भवती माताएँ और बच्चे दोनों ही कुपोषण का शिकार हो जाते थे। इसलिए पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में आदिवासी बहुल क्षेत्रों में डबल फोर्टिफाइड का वितरण प्रारंभ किया गया, जिसके बहुत उत्साहजनक परिणाम सामने आये हैं।
मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने आज भोपाल में डबल फोर्टिफाइड नमक के प्रदेश स्तरीय लोकार्पण करते हुए कहा कि कुपोषण एवं एनीमिया की कमी को दूर करने के लिए डबल फोर्टिफाइड नमक काफी उपयोगी है। इसके दृष्टिगत प्रदेश में डबल फोर्टिफाइड नमक उचित मूल्य दुकानों पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में प्रदेश के 20 जिलों के 89 आदिवासी विकास खंडो में 26 लाख परिवारों में कुपोषण से बचाव के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली में आयरन और आयोडीन से युक्त डबल फोर्टिफाइड नमक का वितरण प्रारंभ किया गया था। एनीमिया के प्रकरणों में 5 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी आई। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित खाद्य योजना के माध्यम से वितरित होने वाले भोजन में डबल फोर्टिफाइड नमक के ज्यादा से ज्यादा उपयोग किए जाने की दृष्टि से महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों के साथ डबल फोर्टिफाइड नमक का राज्य स्तरीय लोकार्पण किया जा रहा है।
स्वस्थ शरीर तो स्वस्थ प्रदेश
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के ट्रायबल क्षेत्र में संचालित छात्रावासों में बनने वाले भोजन के लिए तेल एवं डबल फोर्टिफाइड नमक का उपयोग किया जाए। ऐसे ही प्रयास उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों की कैंटीन में भी प्रारंभ किये जायें। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित चिकित्सालय में भोजन व्यवस्था में अच्छे खाद्यान्न के लिए भी हम प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग प्रदेश के लगभग 85 प्रतिशत लोगों को खाद्यान्न की व्यवस्था करता है।
नमक करता है 30 प्रतिशत आयरन की पूर्ति
प्रमुख सचिव खाद्य श्री फैज अहमद किदवई ने कहा कि आयोडाइज नमक के उपयोग से प्रतिदिन शरीर में आयरन की 30 प्रतिशत जरूरत की पूर्ति हो जाती है। उन्होंने कहा कि 2012 से राज्य शासन द्वारा आयोडाईज्ड नमक प्रदाय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा एक रूपये प्रति किलो में आयोडाइज नमक प्रदाय किया जा रहा है। आयोडाईज्ड नमक के उपयोग के बाद से एनीमिया के प्रकरणों में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुपोषण की स्थिति थोड़ी व्यापक होने के कारण गर्भवती माताओं में खून की कमी के कारण मृत्यु दर अधिक थी। इसके उपयोग से मृत्यु दर में काफी कमी आई है।
डबल फोर्टिफाइड नमक उचित मूल्य की दुकान पर उपलब्ध
नागरिक आपूर्ति निगम प्रबंध संचालक श्री अभिजीत अग्रवाल ने कहा कि डबल फोर्टिफाइड नमक बाजार में उपलब्ध नहीं होता क्योंकि अधिकतर लोग इसे बनाते नहीं हैं और बनाते भी हैं तो काफी अधिक मूल्य पर बाजार में मिलता है। यह नमक शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर उपलब्ध है। नमक जीवन की दैनिक उपयोग की वस्तु है। जब हमें इसे खाना ही है तो क्यूँ न अच्छा खाएँ और स्वस्थ्य रहें। कार्यक्रम में नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री प्रदुम्न सिंह लोधी एवं वेयर हाऊसिंग लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री राहुल सिंह लोधी भी उपस्थित थे।
: भोपाल,अब घर बैठे बनाएं जा सकेंगे ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस - परिवहन मंत्री राजपूत
Tue, Aug 3, 2021
प्रदेश के 10 लाख युवा होंगे प्रतिवर्ष लाभान्वित
भोपाल। परिवहन एवं राजस्व मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि लर्निंग लायसेंस बनवाने की प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। लोग अब घर बैठे ऑनलाइन लर्निंग लायसेंस बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन लायसेंस बनने से जहाँ एक ओर आम जनता को परिवहन कार्यालय में लगने वाली लम्बी कतारों से मुक्ति मिलेगी वही एजेन्टों से छुटकारा भी मिलेगा। परिवहन मंत्री श्री राजपूत ग्वालियर स्थित भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थाओं में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअली सम्मिलित हुए।
परिवहन मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिये बहुत शिद्दत के साथ कार्य कर रही है। इसी अनुक्रम में परिवहन विभाग द्वारा ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस सुविधा प्रारंभ की गई। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से हर साल लगभग 10 लाख युवा घर बैठे लर्निंग लायसेंस बनवा सकेंगे।
परिवहन आयुक्त श्री मुकेश जैन ने ऑनलाइन लर्निंग लायसेंस सुविधा को सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा िक अब लायसेंस प्रक्रिया को और अधिक सुगम, सरल एवं पारदर्शिता बनाया गया है
आधार कार्ड से बनवायें जा सकेंगे लायसेंस
अपर परिवहन आयुक्त श्री अरविंद सक्सेना ने ऑनलाइन लर्निंग लायसेंस सुविधा के बारे में विस्तारपूवर्क जानकारी दी एवं लायसेंस बनवाने की प्रकिया को व्यवहारिक रूप से समझाया। उन्होंने बताया कि घर बैठे कोई भी व्यक्ति आधार कार्ड के जरिए 'सारथी' वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर डिजिटल रूप से निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद लर्निंग लायसेंस बनवा सकेंगे। आधार कार्ड की जानकारी दर्ज करने पर आवेदन स्वत: ही आवेदक, अभिभावक का नाम, जन्मतिथि, पता आदि स्वत: ही दर्ज हो जाता है। आवेदक को फिजिकल फिटनेस संबंधी जानकारी भी ऑनलाइन दर्ज करना होती है। यदि आवेदक कोई शर्त पूरी नहीं करता है तो उसका आवेदन ही सबमिट नहीं होगा। आवेदन सबमिट होते ही आवेदन नम्बर आवेदक को मिल जाता है।
महिलाओं के लिये पूर्णत
: नि:शुल्क बनेगा लायसेंस
संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री अनूप सिंह की महिला आवेदकों के लिये यह सुविधा पूर्णत: नि:शुल्क की गयी है। उन्होंने कहा कि लर्निंग लायसेंस प्राप्त करने के पूर्व आवेदक को एक टेस्ट देना होगा, जिसमें सड़क सुरक्षा संबंधित से 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। आवेदक को उत्तीर्ण होने के लिये 60 प्रतिशत जबाव सही देने होंगे। तदोपरांत ही आवेदक को लाईसेंस प्रदान किया जा सकेगा।
नवीनीकरण एवं डुप्लीकेट लायसेंस भी ऑनलाइन
अपर परिवहन आयुक्त श्री सक्सेना ने बताया िक लायसेंस नवीनीकरण, डुप्लीकेट प्रति तथा पता परिवर्तन की सुविधा भी आधार कार्ड के आधार पर अगले माह से ऑनलाइन शुरू की जायेगी। आवेदन सबमिट होने तथा डिजिटल फीस एवं पोस्टल चार्ज जमा कराने के बाद लायसेंस डाक के माध्यम से भेजा जाएगा।
: गाडरवारा,अन्न उत्सव हेतु शिक्षको का प्रशिक्षण आयोजित
Tue, Aug 3, 2021
गाडरवारा। 7 अगस्त को जिले की समस्त राशन दुकानों में होने वाले अन्न उत्सव कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी बनाये गए साईंखेड़ा , चीचली एवं चांवरपाठा विकासखंडों के शिक्षको का एक दिनी प्रशिक्षण बीते मंगलवार को अलग अलग समय मे जिला शिक्षा अधिकारी अरुण इंग्ले के आदेश पर स्थानीय बीटीआई स्कूल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में साईखेड़ा बीईओ श्रीमती सुनीता पटैल, बीआरसी साईंखेड़ा चंदन शर्मा, बीआरसी चीचली डी के पटैल, प्रभारी प्राचार्य जयमोहन शर्मा , बीएसी योगेंद्र झारिया एवं राम नारायण दीक्षित खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने नोडल अधिकारियों को अन्न उत्सव के दिन राशन दुकानों में सफाई कराते हुए फ्लेक्स लगाए जाने, राशन का आवंटन तय सीमा में पहुंचाने, दुकान पर उपस्थित होने वाले जनप्रतिनिधियों एवं उपभोक्ताओं की सूचियाँ तैयार करने, प्रत्येक दुकान पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन सबंधी समुचित व्यवस्था करने, कार्यक्रम हेतु आवश्यक टेंट, कुर्सी एवं माइक आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में शिक्षको को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दिए जाने पर प्राथमिक शिक्षक सुरेन्द्र पटैल ने बताया की हम लोगो के लिये ये जिम्मेदारी पहली बार मिली है । हम लोग बेहतर से बेहतर कार्य करने की पूरी कोशिश करेंगे। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी बनाये गए साईखेड़ा, चीचली एवं चांवरपाठा विकासखण्ड के शिक्षको की उपस्थिति रही।