सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश : नरसिंहपुर शहर में अतिक्रमण हटाने, अवैध कट बंद करने और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
Aditi News Team
Wed, Nov 18, 2026
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नरसिंहपुर शहर में अतिक्रमण हटाने, अवैध कट बंद करने और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, नगर पालिका, एमपीआरडीसी एवं एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के प्रमुख मार्गों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को सड़क से हटाकर गौशालाओं अथवा जंगल में पहुंचाने के लिए टोइंग वाहन (ट्रैक्टर-ट्रॉली) की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। राजमार्ग चौराहे पर अतिक्रमण हटाने, बरमान खुर्द में सर्विस लेन का निर्माण कराने तथा सुआतला में बने सड़क कट को शीघ्र बंद करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यातायात पुलिस को टोइंग वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जा सके। सुभाष चौराहे पर बने गड्ढों को भरने तथा शासकीय ब्रांच स्कूल परिसर की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य मार्ग पर सुगम यातायात एवं व्यवस्थित पार्किंग के लिए बाउंड्रीवाल को पीछे विस्थापित कर पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिले के प्रमुख नर्मदा घाटों—रेत घाट, बरमान घाट, झांसी घाट एवं ककरा घाट सहित अन्य घाटों पर अमावस्या एवं पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए घाटों के प्रवेश मार्गों पर मजबूत ड्रॉप गेट बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
बैठक में जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के मुख्य मार्ग पर रोगी कल्याण समिति कॉम्प्लेक्स के सामने अतिक्रमण हटाकर एंबुलेंस एवं मरीजों के वाहनों के लिए रास्ता सुगम बनाने, गोटेगांव थाना क्षेत्र के कामती-इमलिया एवं कुहाखेड़ा ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क सुधार कार्य कराने तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बने अवैध कट स्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले के व्यस्ततम मार्गों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों को निर्धारित कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे जिले में सड़क सुरक्षा मजबूत हो और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना