Sunday 11th of October 2026

ब्रेकिंग

नरसिंहपुर,सांदीपनि विद्यालय के नए भवन से शिक्षा को मिलेगी नई दिशा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

प्रातः 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक छह पहिया एवं उससे अधिक क्षमता वाले मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

गाडरवारा में सौंपा 3दिन के अंदर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करो, किसान सभा

असेंबली ऑफ एमपी जर्नलिस्ट्स ने लवली खनूजा को सौंपी जिम्मेदारी

मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए CM : नरसिंहपुर,सांदीपनि विद्यालय के नए भवन से शिक्षा को मिलेगी नई दिशा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Aditi News Team

Sun, Oct 11, 2026

सांदीपनि विद्यालय के नए भवन से शिक्षा को मिलेगी नई दिशा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

540 करोड़ रुपये से होगा नरसिंहपुर- पिपरिया मार्ग का उन्नयन

नरसिंहपुर में बनेगा एकांत वन कॉरिडोर एवं गीता भवन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की बरमान घाट पर मां नर्मदा रिवर फ्रंट के निर्माण की घोषणा

नरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय सहित 175.14 करोड़ रुपये के 31 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

प्रदेश के 35.56 लाख हितग्राहियों को 213.41 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन का मिला संबल

नरसिंहपुर जिले के उत्कृष्ट पशु पालकों को मिलेंगे एक लाख रुपये तक के पुरस्कार

सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सड़क, जल संरक्षण, पशु पालन सहित पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सांदीपनि विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण के समय की गुरुकुल परंपरा का आभास कराते हैं। श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता हमें मित्रों का सम्मान करने तथा संबंधों का महत्व समझने की प्रेरणा देती है। सांदीपनि विद्यालयों में सर्वसुविधायुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बात नरसिंहपुर में आयोजित सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण और सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि के अंतरण कार्यक्रम में कही।

इस अवसर पर उन्होंने 42 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 35 लाख 56 हजार हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 213.42 करोड़ रुपये की पेंशन राशि अंतरित की। सांदीपनि विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए बस सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में 175 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इनमें 80.70 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 94.44 करोड़ रुपये के 21 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को भी हितलाभ वितरित किए गए।

कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, सांसदद्वय श्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं चौधरी श्री दर्शन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन थे। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया।

सांदीपनि विद्यालयों से विद्यार्थियों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि पहले विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब शासकीय विद्यालयों में बेहतर भवन, प्रयोगशालाएं और खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्राथमिक स्तर पर ड्रॉपआउट दर शून्य प्रतिशत तक पहुंचना शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रदेश में 375 से अधिक सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने मित्रों की कठिनाइयों में सहायता करें और ऐसा करते समय उनके आत्मसम्मान का भी ध्यान रखें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में प्रवेश करते समय बच्चों की प्रसन्नता और उत्साह देखकर उन्हें अच्छा लगा। विद्यार्थियों की आँखों में दिखाई देने वाली चमक और उनके शब्दों से इस विद्यालय के प्रति उनकी उम्मीदों का पता चलता है। उन्होंने विद्यालय के बच्चों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की पहल का उल्लेख करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

नरसिंहपुर की धरा का अपना विशिष्ट महत्व- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंहपुर की पवित्र धरती का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र माता त्रिपुर सुंदरी, मां जगदंबा भवानी और मां नर्मदा की कृपा से विशेष महत्व रखता है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय के साथ भारत माता की जय के उद्घोष के बीच नरसिंहपुर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आदिगुरु शंकराचार्य, महर्षि महेश योगी, वीरांगना रानी दुर्गावती और आचार्य रजनीश (ओशो) का उल्लेख करते हुए कहा कि नरसिंहपुर की भूमि का अपना विशिष्ट महत्व है। उन्होंने भगवान नरसिंह के प्राकट्य का स्मरण करते हुए सनातन संस्कृति और आस्था की परंपरा का अभिनंदन किया।

540 करोड़ रुपये से होगा नरसिंहपुर- पिपरिया मार्ग का उन्नयन, एकांत वन कॉरिडोर की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नरसिंहपुर में विकास कार्यों को गति देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने अधिक यातायात दबाव को देखते हुए गोटेगांव के रास्ते नरसिंहपुर- पिपरिया मार्ग का लगभग 540 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन कराने की घोषणा की। उन्होंने नगर वन योजना के अंतर्गत नरसिंहपुर में एकांत वन कॉरिडोर के निर्माण तथा खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक के प्रमुख मार्गों के विकास तथा नरसिंहपुर में गीता भवन के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बरमान घाट पर रिवर फ्रंट एवं घाट विकसित करने की भी घोषणा की। पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए नरसिंहपुर जिले के प्रत्येक विकासखंड में उत्कृष्ट पशुपालकों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें सर्वश्रेष्ठ पशुपालक को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय स्थान एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशु पालक को क्रमश: 50 हजार एवं 25 हजार रुपये की राशि का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन की हिस्सेदारी को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने की उल्लेखनीय प्रगति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अर्थव्यवस्था, तकनीक, खेल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत विश्व मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़ा है और देश में ही मोबाइल फोन सहित अनेक तकनीकी उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। खेलों में भारत का प्रदर्शन देश का गौरव बढ़ा रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने 11 पदक अर्जित किए हैं, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है। गेहूं के उत्पादन और खरीदी मूल्य में वृद्धि हुई है। पिछली बार गेहूं की खरीदी 2,625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की गई थी और इस बार किसानों को बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में आने वाले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां दी जा चुकी हैं तथा एक लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। वर्ष 2027 में एमपीपीएससी की परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेजों का शुभारंभ जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल जीवन मिशन, सड़क निर्माण, विद्यालयों और अस्पतालों के विकास सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से नदी जोड़ो अभियान और जल संरक्षण के कार्यों से जल संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। नर्मदा परिक्रमा पथ का विकास धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करेगा। भोपाल और इंदौर में मेट्रो रेल का संचालन हो रहा है तथा रीवा, सतना और दतिया में हवाई अड्डों की सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्रदेश में नक्सलवाद के उन्मूलन को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को संपत्ति के अधिकार संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को संपत्ति का अधिकार मिलने के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी। प्रदेश सरकार उद्योगों को प्रोत्साहित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और शहरों के सुनियोजित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति बेहद संवेदनशील- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने विद्यालय परिसर में उपस्थित बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इसी विद्यालय में बच्चों के भविष्य को गढ़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 375 सांदीपनि विद्यालय बनकर तैयार हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेषता है कि वे विद्यालयों के लोकार्पण के लिए स्वयं पहुँचते हैं और बच्चों से संवाद करते हैं। यह बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण की निरंतर चल रही श्रृंखला के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को साइकिल, स्कूटी और लैपटॉप जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में संचालित इन योजनाओं से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश में सुगम परिवहन सेवा प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद करते हुए कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा विकसित करने की दिशा में सरकार प्रयासरत है।

मंत्री श्री सिंह ने करेली से होशंगाबाद मार्ग पर आवागमन में होने वाली कठिनाइयों की ओर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक है। यहाँ उपलब्ध भूमि का उपयोग करते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाए, जिससे आवागमन सुगम हो सके। साथ ही मंत्री श्री सिंह ने जिले में स्थित एनटीपीसी के पावर प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि संयंत्र की नई इकाइयाँ स्थापित होने से क्षेत्र में परिवहन का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने एनटीपीसी की रेलवे लाइन के समीप उपलब्ध भूमि का उपयोग कर मनकवारा से करेली तक स्वतंत्र मार्ग विकसित करने की बात मंच से की।

मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए जा रहे हैं। नरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि के विस्तार और कृषि आधारित गतिविधियों में मध्यप्रदेश ने अपनी विशेष पहचान बनाई है।

सांसद श्री दर्शन सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी में भारत का भविष्य नजर आता है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। अब महाविद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रदेश सरकार नशामुक्ति अभियान पर लगातार ध्यान दे रही है। इसके साथ ही ग्रामीण विकास के कार्यों में तेजी आई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। मंचीय कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा विद्यालय परिसर में रूद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया।

विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। राजस्व विभाग की स्वामित्व पंजीयन योजना के अंतर्गत श्री बृजेश कुमार एवं श्री कमल सिंह पटेल, श्री आशीष कुमार जाट एवं श्री जितेन्द्र सिंह जाट, श्री सरोज साहू एवं श्री गिरधारी साहू, श्री पूरन लाल एवं श्री टीकाराम दुबे, श्री भूपेन्द्र सिंह जाट एवं श्री रामचरन जाट, श्री सालिगराम एवं श्री दीपप्रसाद श्रीवास्तव, श्री विष्णु प्रसाद श्रीवास्तव एवं श्री गेंदालाल, श्री अनुप कुमार एवं श्री तोड़ल काछी, श्री विकास एवं श्री राकेश जाट तथा श्री अशोक कुमार एवं श्री रघुवीर श्रीवास्तव को ई-रजिस्ट्री प्रदान की। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत श्री प्रशांत कुर्मी को दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट के लिए 51 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत श्री देवेश जाट को 42 लाख रुपये तथा श्री संदीप मिश्रा को 36 लाख रुपये का हितलाभ दिया गया। उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के अंतर्गत श्री राजजीत धनोरिया को 22 लाख रुपये तथा श्री सत्यम सोनी को 9.35 लाख रुपये का हितलाभ प्रदान किया गया। आजीविका मिशन के अंतर्गत सीसीएल हितलाभ वितरण में श्रीमती लीलावती जाटव, श्रीमती साधना शर्मा, श्रीमती रोशनी मेहरा एवं श्रीमती लक्ष्मी कुशवाहा से संबंधित क्रमशः रेवा एसएचजी, अदिति एसएचजी, परी एसएचजी एवं राधा एसएचजी को हितलाभ वितरित किए गए।

कार्यक्रम में रही इनकी उपस्थिति

कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी संघ श्री कैलाश सोनी, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, श्री रामसनेही पाठक, पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटेल व श्री हाकम सिंह चढ़ार सहित अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त जबलपुर श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा सहित अन्य अधिकारी, विद्यालय का स्टाफ, बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, अभिभावकगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

सांसद दर्शन सिंह चौधरी

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना

पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह

विधायक गोटेगांव महेन्द्र नागेश

जरूरी खबरें