Friday 9th of October 2026

ब्रेकिंग

घी (200 ml) के एक विशिष्ट बैच को प्रयोगशाला जांच में असुरक्षित घोषित कर पूरे प्रदेश में उसकी बिक्री,वितरण,सप्लाई पर रोक

संस्कृति पलोड ने एक साथ दोनों ग्रुप उत्तीर्ण कर पास की CA परीक्षा,

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है

निर्यापक श्रमण मुनि समतासागर महाराज ने कहा मोक्ष का मार्ग शरीर के बल से नहीं,बल्कि आत्मा के संकल्प बल से प्रशस्त होता,

चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर होगा प्रदर्शन लोकतंत्र और संविधान बचाने के नारे के साथ सड़क पर उतरेंगे कांग्रेस

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविर : मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है

Aditi News Team

Fri, Oct 9, 2026

गांव-गांव तक विकास और जनसेवा पहुंचाना सरकार का संकल्प- मंत्री उदय प्रताप सिंह

गाडरवारा से उज्जैन के लिए सीधी बस सेवा का प्रयास

सूखाखैरी से खेरापति मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए दस लाख रुपए देने की घोषणा

कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए डोम निर्माण के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सूखाखैरी में आयोजित जन संवाद शिविर में हुए शामिल

शिविर में नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से किया लाभान्वित

प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों को सामान्य शासकीय कार्यों के लिए जनपद एवं जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शासन की जनकल्याणकारी मंशा को साकार करने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच समन्वय एवं सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में ग्राम पंचायत सूखाखैरी में 5 करोड़ 38 लाख 20 हजार रुपये के विकास कार्यों सौगात मिली है। मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम के दौरान सूखाखैरी से खेरापति मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।

मंत्री श्री सिंह जनपद पंचायत बाबई चीचली की ग्राम पंचायत सूखाखैरी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जन संवाद शिविर को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती राधा अहिरवार, श्री मुकेश मरैया, जिला पंचायत सदस्य श्री योगेश कौरव, चौधरी सतीश, श्री नरेश कौरव, श्री कीरत सिंह गुर्जर, श्री चौहान सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह, जिला व विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मंत्री श्री सिंह ने बताया कि गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 40 ग्राम पंचायतों में भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन भवनों का उपयोग विवाह, सामाजिक कार्यक्रमों, तेरहवीं, जन्मदिन और अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा। साथ ही ग्राम पंचायत चीचली में कार्यक्रमों के आयोजन के लिए डोम निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा मंच से की।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक नेतृत्व के 25 वर्ष का उल्लेख

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी सार्वजनिक नेतृत्व यात्रा प्रारंभ की थी। उनके सार्वजनिक नेतृत्व के 25 वर्ष देश में विकास, सेवा और जनकल्याण के कार्यों के संदर्भ में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक, सूचना प्रौद्योगिकी, रक्षा उत्पादन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए बदलाव निरंतर परिश्रम, नीतिगत प्रयासों और युवाओं की क्षमता का परिणाम हैं।मंत्री श्री सिंह ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गंभीर बीमारी के उपचार का खर्च गरीब परिवारों के लिए बड़ी चुनौती होता है। पात्र हितग्राही योजना के निर्धारित नियमों के अनुसार उपचार का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के उपचार, बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा गतिविधियों को बढ़ावा

अभियान के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता, नशामुक्ति जागरूकता और विभिन्न जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है, ताकि समाज के सभी वर्गों तक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंच सके। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सड़क और बिजली सहित आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र के श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन जाने में सुविधा मिलनी चाहिए। इसके लिए गाडरवारा से उज्जैन तक सीधी बस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा सालीचौका से गाडरवारा होते हुए प्रयागराज के लिए भी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी।

अतिथियों ने किए हितलाभ वितरित

मंत्री श्री सिंह व अन्य अतिथियों ने जनसंवाद शिविर के दौरान 21 स्वसहायता समूहों को एक करोड़ 44 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान कर ऋण वितरित किए। इसके अलावा मंत्री श्री सिंह ने रोहित कौरव एवं शिवानी कौरव को ई- स्कूटी, स्वामित्व योजना के तहत जिले की पहली निःशुल्क रजिस्ट्री उत्तम करौड़ी को प्रदान की, उद्यम क्रांति योजना के तहत रवि शंकर ताम्रकार को दो लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। निक्षय पोषण योजना के तहत 8 नागरिकों को फ़ूड बास्केट वितरित किए गए।

मंत्री श्री सिंह ने किया स्टॉलों का अवलोकन, शिविर में नागरिकों को मिली अनेक सुविधाएं

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की सेवाओं व योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मंत्री श्री सिंह ने लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयोजित कैम्प के माध्यम से 40 से अधिक पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा के 15 नागरिकों के पेंशन, संबल योजना के तहत 10 श्रमिकों का पंजीयन, 4 जन्म प्रमाण पत्र, 3 मृत्यु प्रमाण पत्र, 6 बीपीएल राशन कार्ड, 33 किसानों की फार्मर आईडी, स्वामित्व योजना के तहत 52 हितग्राहियों की ई-केवायसी, लाड़ली लक्ष्मी योजना के 5, मातृवंदना योजना के तहत 6 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। इसके अलावा शिविर के माध्यम से 36 ई-श्रम कार्ड बनाए गए।

शिविर में 222 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 12 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित

स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने उपलब्ध कराईं चिकित्सा सेवाएं

ग्राम पंचायत सूखाखैरी में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन संवाद शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 222 लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। टीबी (क्षय रोग) स्क्रीनिंग के अंतर्गत 155 लोगों की एक्स-रे के माध्यम से जांच की गई। टीबी मुक्त अभियान के तहत 67 मरीजों की निक्षय आईडी जनरेट की गई। इसके अतिरिक्त 12 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित किए गए।

गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग के अंतर्गत 24 लोगों में उच्च रक्तचाप की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां प्रदान की गईं, जबकि 18 लोगों की मधुमेह संबंधी जांच की गई। इसके साथ ही कुष्ठ रोग के 9 संभावित मरीजों की जांच की गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 पात्र हितग्राहियों के नए आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए तथा 11 आवेदन प्रक्रियाधीन दर्ज किए गए। शिविर में अन्य सामान्य बीमारियों की जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर में आयुष विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाकर नागरिकों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान उदर रोग, चर्म रोग, ज्वर, वात रोग, खांसी, श्वांस सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। आयुष विभाग द्वारा 34 नागरिकों को होम्योपैथिक तथा 33 नागरिकों को आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया।

मंत्री श्री सिंह व कलेक्टर ने किया पौधरोपण

कार्यक्रम के पश्चात मंत्री श्री सिंह, कलेक्टर सहित अन्य अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शांतिधाम में पौधरोपण किया।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह

जरूरी खबरें