गाडरवारा,51 देवी प्रतिमाओं से सजेगा मातारानी का दरबार : नगर के बीचों-बीच श्याम टाकीज के पीछे दाऊ के बाड़े, कुचबंदिया मोहल्ला में इस वर्ष आस्था का एक अलौकिक संगम देखने को मिलेगा
Aditi News Team
Fri, Oct 9, 2026
नगर मे 51 देवी प्रतिमाओं से सजेगा माता रानी का दरबार
गाडरवारा। नगर में शारदेय नवरात्रि पर्व को लेकर श्री नव दुर्गा उत्सव समितियों में अलग ही उत्साह और भक्ति का उल्लास नजर आ रहा है। शक्ति की आराधना के इस महापर्व को लेकर सभी आयोजन समितियां आकर्षक झांकियों, भव्य पंडालों और मनोहारी विद्युत सज्जा की तैयारी में जुट गई हैं। नवरात्र पर पूरा नगर जय माता दी के जयकारों और माता के भजनों से भक्तिमय नजर आएगा।
नगर के बीचों-बीच श्याम टाकीज के पीछे दाऊ के बाड़े, कुचबंदिया मोहल्ला में इस वर्ष आस्था का एक अलौकिक संगम देखने को मिलेगा। यहां माता रानी दरबार समिति द्वारा 51 देवी माँ की प्रतिमाओं की भव्य स्थापना की जा रही है। इस भव्य आयोजन में देवी माँ के भक्तों और दर्शनार्थियों को एक ही स्थान पर उन सभी 51 शक्ति पीठों के दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त होगा। कहा जाता है कि नवरात्रि में एक साथ 51 शक्तियों के दर्शन करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
माता रानी दरबार समिति के सदस्यों द्वारा इस आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पंडाल को फूलों, रोशनी और माता के ध्वजों से इस तरह सजाया जा रहा है कि वहां पहुंचते ही भक्तों को दिव्य धाम का अनुभव होगा। 51 देवी माँ के दर्शनों के लिए माता रानी के दरबार में धार्मिक मेले जैसा दृश्य नजर आएगा। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहाँ प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, वितरण का आयोजन होगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ शीश झुकाने आएंगे ।
समिति के सदस्यों ने बताया कि देवी माँ की ज्योति और स्थापना करते हुए उन्हें 24 वर्ष हो चुके हैं। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि नगर की अटूट आस्था और एकता का प्रतीक है। माँ के आशीर्वाद से यह आयोजन हर वर्ष और भव्य होता जा रहा है। समिति ने बताया कि अगले वर्ष जब 25 वर्ष पूरे होंगे तो रजत जयंती समारोह को और भी अधिक भव्यता, दिव्यता और विशाल पैमाने पर मनाया जाएगा ।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
गाडरवारा दुर्गा उत्सव समिति