संभाग स्तरीय शतरंज में पहली बार विजेता बना नरसिंहपुर : पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की पुरुष टीम ने रचा इतिहास, वैभव नेमा लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय टीम में चयनित
Aditi News Team
Thu, Oct 8, 2026
संभाग स्तरीय शतरंज में पहली बार विजेता बना नरसिंहपुर
पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की पुरुष टीम ने रचा इतिहास, वैभव नेमा लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय टीम में चयनित
राज्य शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेलकूद कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित संभाग स्तरीय शतरंज पुरुष प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिले ने इतिहास रचते हुए पहली बार विजेता का खिताब हासिल किया है। शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज नरसिंहपुर की पुरुष टीम ने जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के छात्र वैभव नेमा ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय की शतरंज टीम में चयन हुआ है। वैभव ने हाल ही में ओपन स्टेट टूर्नामेंट में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। पिछले वर्ष भी वैभव ने विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। विश्वविद्यालय टीम में चयन के बाद वैभव नेमा अब आगामी पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम की ओर से प्रतिभाग करेंगे।
पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जीएस कॉलेज, जबलपुर द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के पांच जिलों नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, कटनी एवं डिंडौरी की टीमों ने सहभागिता की। नरसिंहपुर की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडला, कटनी और जबलपुर की टीमों को पराजित कर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। यह उपलब्धि जिले के शतरंज खेल के इतिहास में पहली बार हासिल हुई है।
इन खिलाड़ियों ने दिलाई नरसिंहपुर को ऐतिहासिक जीत
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में नरसिंहपुर की विजेता टीम में पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के वैभव नेमा, हर्ष चढ़र, मानस गुप्ता, युवराज रैकवार, नीरज मेहरा, राजकुमार पटेल एवं मयंक शामिल रहे। जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन बरमान कॉलेज द्वारा किया गया था, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर नरसिंहपुर की टीम का गठन किया गया था।
नरसिंहपुर की टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में शतरंज सहित अन्य खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और संस्थागत प्रोत्साहन से जिले की खेल प्रतिभाएं संभाग एवं विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के प्राचार्य, खेल विभाग के अधिकारियों, प्राध्यापकों सहित जिले के खेलप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विजेता टीम, वैभव नेमा तथा कोच श्री दीपचंद कहार को इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता
पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के क्रीड़ा अधिकारी अर्पित सक्सेना