राम नाम संग्रहालय समिति ने भेंट किए आभार स्मृति चिन्ह : गाडरवारा में अतिथि देवो भव की परंपरा निभाते हुए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का किया सम्मान
Aditi News Team
Thu, Nov 19, 2026
राम नाम संग्रहालय समिति ने राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता की टीमों को भेंट किए आभार स्मृति चिन्ह
अतिथि देवो भव की परंपरा निभाते हुए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का किया सम्मान
गाडरवारा। ओशो की पावन धरा गाडरवारा में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का राम नाम संग्रहालय समिति द्वारा आभार स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री उदय प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस राष्ट्रीय खेल आयोजन में अतिथि देवो भव की भारतीय परंपरा को आत्मसात करते हुए समिति ने सभी टीमों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। सभी खिलाड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के सुपुत्र एवं युवा नेता अनुज प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रकांत शर्मा सहित राम नाम संग्रहालय समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने विभिन्न राज्यों से आई टीमों के खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों को आभार स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा एवं युवा नेता श्री अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि गाडरवारा में अतिथि देवो भव की परंपरा के तहत देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया जा रहा है। राम नाम संग्रहालय समिति द्वारा स्मृति चिन्ह भेंटकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना सराहनीय पहल है। इस प्रकार के आयोजन खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही उनके मन में गाडरवारा की सुखद यादें भी संजोकर रखेंगे।
राम नाम संग्रहालय समिति के संचालक संजय गुप्ता एवं रीतेश राय ने कहा कि ओशो की पावन धरा गाडरवारा में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों का स्वागत और सम्मान करना समिति के लिए गौरव का विषय है। अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए आभार स्मृति चिन्ह भेंट किए गए हैं, ताकि यहां से लौटने के बाद भी सभी अतिथियों के मन में गाडरवारा की यादें हमेशा बनी रहें। समिति निरंतर सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ सम्मान एवं प्रोत्साहन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है।
इस अवसर पर राम नाम संग्रहालय समिति के हेमंत शर्मा, सुनील ठाकुर, वैभव कोचर, लखन साहू, बृजेन्द्र पंडया नीरज राय मिथिलेश यादव राजेश सराठे, नीलेश चौहान, भोजनशाला समिति से मनोज पटेल एवं उनकी टीम सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन रीतेश राय ने किया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
राम नाम संग्रहालय समिति गाडरवारा