: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Aditi News Team
Fri, Nov 3, 2023
कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
नरसिंहपुर।कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण करने पहुंची। यहां उन्होंने वार्डो में साफ- सफाई, शिशु वार्ड, बाल्य गहन चिकित्सा इकाई, नवजात शिशु वाहन चिकित्सा, प्रसव कक्ष की व्यवस्थाएं देखी।
उन्होंने यहां उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा भी की और उन्हें मिलने वाले भोजन के बारे में भी जाना। मरीजों के पलंगों के चादर दिवसवार बदले जायें। कलेक्टर सुश्री बाफना ने सिविल सर्जन डॉ. मरावी को निर्देश दिये कि अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले तमाम सुविधायें बेहतर हो और इन्हें 10 दिनों के भीतर ठीक करें।
विधानसभा निर्वाचन के संदर्भ में गाडरवारा में प्रेक्षकों की उपस्थिति में बैठक आयोजित
नरसिंहपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नरसिंहपुर जिले की विधानसभा क्षेत्र गाडरवारा एवं तेंदूखेड़ा के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री देव कृष्ण तिवारी (आईएएस), व्यय प्रेक्षक जीवी शिवराम शर्मा (आईआरएस), एसडीएम एवं रिटर्निग अधिकारी श्रीमती कलावती ब्यारे की उपस्थिति में स्थानीय तहसील कार्यालय के सभाकक्ष में अभ्यर्थियों/ प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने तथा आयोग के निर्देशानुसार गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में की गई तैयारियों की जानकारी दी गई।
बैठक में एसडीएम व रिटर्निग अधिकारी श्रीमती कलावती ब्यारे ने गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों, संवेदनशील मतदान केंद्रों, सखी मतदान केंद्रों सहित सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने अभ्यर्थियों के व्यय की मानीटरिंग हेतु गठित विभिन्न टीमों व्यय अनुवीक्षण टीम, एमसीएमसी टीम, व्हीएसटी, एसएसटी, एफएसटी से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आदर्श आचारण संहिता का उल्लंघन होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता द्वारा डाकमत से मतदान, ईव्हीएम मशीन सुरक्षा प्रबंधन, स्ट्रांग रूम के बारे में भी बताया।
बैठक में मास्टर ट्रेनर डीके पटैल ने बताया कि मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनीटरिंग समिति के माध्यम से प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। विधानसभा व्यय लेखा टीम भी अपना कार्य कर रही है। बैठक में एसडीओपी रत्नेश मिश्रा ने निर्वाचन के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बल, डिप्लायमेंट, इंटर डिस्ट्रिकट् नाकों की स्थिति के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि चेकपोस्ट पर एसएसटी एवं एफएसटी लगातार सजग होकर कार्य कर रही है। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पुलिस एवं राजस्व महकमे ने फ्लैग मार्च कर ऐसे मतदान केन्द्रों का सतत भ्रमण भी किया जा रहा है। वेबकास्टिंग के माध्यम से भी नाकों पर नजर रखी जा रही है।
राजनैतिक दलों की बैठक में दी गई निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी
नरसिंहपुर।भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नरसिंहपुर जिले की विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर एवं गोटेगांव के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्रीमती किरण कुमारी पासी (आईएएस) एवं विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर एवं गोटेगांव लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक श्री आरव्ही अरूण प्रसाद (आईआरएस) ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों/ अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों की बैठक ली।
बैठक में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. चंद्रशेखर राजहंस एवं डॉ. मनीष अग्रवाल ने उम्मीदवारों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन व्यय लेखे के संधारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान आदर्श आचरण संहिता एवं निर्वाचन नियमों के पालन की अपेक्षा उनसे की गई। इस अवसर पर उम्मीदवारों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
प्रेक्षकों ने राजनैतिक दलों एवं उम्मीदवारों को आदर्श आचरण संहिता का पालन करने का आग्रह किया। उन्हें बताया कि बिना पूर्व अनुमति के जुलूस, आमसभा, रैली का आयोजन न करें। उन्होंने शिकायत अनुवीक्षण व्यवस्था की भी जानकारी देते हुये बताया कि आचार संहिता, संपत्ति विरूपण अधिनियम या निर्वाचन नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एफसीटी, एसएसटी एवं व्हीएसटी टीमें गठित की गई है। जुलूस, आमसभा एवं वाहनों आदि सभी प्रकार की अनुमतियों के लिए सुविधा एप पर तय समय पूर्व ऑनलाइन आवेदन देना होगा।
बैठक में बताया कि उम्मीदवारों एवं राजनैतिक दलों को केवल टीव्ही, रेडियो, टीव्ही चैनल, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित किये जाने वाले विज्ञापनों का एमसीएमसी कमेटी से पूर्व प्रमाणन कराना अनिवार्य है। ब्लॉक में भेजे जाने वाले एसएमएस वाईज मैसेज, आडियो- विडियो, जिंगल्स आदि को भी जारी करने से पहले एमसीएमसी कमेटी से प्रमाणन कराना जरूरी होगा। प्रिंट मीडिया में भी मतदान के दिन और मतदान दिवस के एक दिन पूर्व प्रकाशित किये जाने वाले विज्ञापनों का भी एमसीएमसी कमेटी से प्री- सर्टिफिकेशन कराना अनिवार्य है।
कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर से होगा मतदान सामग्री का वितरण एवं वापसी
बैठक में बताया गया कि इस विधानसभा चुनाव में मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण कृषि उपज मंडी से किया जायेगा तथा मतदान सामग्री की वापसी भी वहीं होगी। प्रेक्षकों ने कहा कि उम्मीदवारों एवं राजनैतिक दल निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं सुझाव के लिए उनसे व्यक्तिगत रूप सें मिल सकेंगे तथा मोबाईल फोन पर भी जानकारी दे सकेंगे। उनसे सर्किट हाउस नरसिंहपुर के कक्ष क्रमांक एक में प्रेक्षक से निर्वाचन से संबंधित व्यक्तियों द्वारा किसी भी कार्य दिवस में अपरान्ह 3 बजे से 4 बजे तक मुलाकात की जा सकती है। प्रेक्षक श्रीमती पासी का मोबाइल नम्बर 6267240342 है।
विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियाँ जोरों पर
कलेक्टर ने किया मतदान सामग्री की तैयारियों का निरीक्षण
नरसिंहपुर।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 118- गोटेगाँव, 119- नरसिंहपुर, 120- तेन्दूखेड़ा और 121- गाडरवारा के क्रमशः मतदान केंद्रों और सेक्टर अधिकारी को निर्वाचन में दी जाने वाली मतदान सामग्री की तैयारी का डाईट परिसर में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना द्वारा निरीक्षण किया गया।
विदित है कि मतदान थैली में बुकलेट, सभी प्रकार के लिफाफे, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्र, लेखन सामग्री, साइन बोर्ड एवं मेडिकल किट शामिल है। इन सभी मतदान थैलियों को तैयार कर व्यवस्थित रूप से रखा गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, नोडल अधिकारी श्री एचपी कुर्मी, सहायक नोडल अधिकारी श्री दीपक अग्निहोत्री, श्री जगदीश रघुवंशी मौजूद थे।
Tags :