मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, जनसंवाद शिविर सम्पन्न : 37.49 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल भवन का किया लोकार्पण 6 स्वसहायता समूहों की महिलाओं को 33 लाख रु का ऋण वितरित
Aditi News Team
Fri, Nov 27, 2026
ग्राम पंचायत आलोद में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनसंवाद शिविर सम्पन्न
37.49 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल भवन का किया लोकार्पण
6 स्वसहायता समूहों की महिलाओं को 33 लाख रुपये का ऋण वितरित
विभिन्न योजनाओं से हितग्राही हुए लाभान्वित

नरसिंहपुर।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत आलोद में जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्री महेन्द्र नागेश, महंत श्री प्रीतमपुरी गोस्वामी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, और अन्य जिला अधिकारी सहित स्थानीय अमला मौजूद था। इस अवसर पर अतिथियों ने 37 लाख 49 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन (अटल भवन) का लोकार्पण किया। शिविर में अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम श्री महेन्द्र सिंह पटेल, विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत आलोद एवं आसपास के ग्रामों के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विधायक श्री महेन्द्र नागेश ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को गांव तक पहुंचाकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनना, उनका निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। महिलाओं एवं स्वसहायता समूहों को आर्थिक सहायता और ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वसहायता समूहों की महिलाएं स्वयं के उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें, यही सरकार की मंशा है। उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार स्थापित करने तथा बच्चों से शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेकर अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
विधायक श्री नागेश ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप सड़क, भवन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए शासन द्वारा राशि उपलब्ध कराई जा रही है। आवागमन सुगम बनाने के लिए दूरस्थ अंचलों को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं एवं मांगों के आवेदन संबंधित विभाग प्रमुखों को देने तथा अधिकारियों से उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही।
सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उनकी शिकायतों का तत्परता से निराकरण हो। कई ग्रामीण जिला एवं जनपद मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान के माध्यम से जिला एवं विभागीय अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके निराकरण की पहल कर रहे हैं। जिले में अभियान के अंतर्गत यह जनसंवाद शिविर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत आलोद में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बुढ़ैना में निर्मित होने वाले बांध के माध्यम से जल आपूर्ति के प्रयास किए जाएंगे। इससे ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराने के साथ ही खेती एवं मछली पालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा। उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा गौशालाओं का बेहतर संचालन किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं को प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन देकर उनकी आजीविका गतिविधियों को और सशक्त बनाने की आवश्यकता है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से अपील की गई कि वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रतानुसार शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लें।
युवा उद्यमियों और आत्मनिर्भर महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानी
शिविर में ग्रामवासियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह शासकीय सहायता से उन्होंने अपने लक्ष्य हासिल किए। इसी क्रम में नरसिंहपुर के युवा उद्यमी श्री हर्ष श्रीवास्तव ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि पानी और बिजली की बचत के उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 6 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर वाटर कंट्रोलर स्विच निर्माण का स्वयं का उद्योग स्थापित किया। उनके उत्पाद और उद्यम की विशेषताओं को प्रदर्शित करने का अवसर 13 से 17 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में भी मिला। इसी तरह अन्य हितग्राहियों ने भी अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। उनकी कहानियों से प्रेरित होकर ग्रामवासियों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत मिला लाभ
शिविर में 6 स्वसहायता समूहों की महिलाओं को 33 लाख रुपये की ऋण राशि वितरित की गई। स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्यारसी बाई पति श्री राजेन्द्र गौड़, श्री आशाराम पिता श्री रामदयाल गौड़, श्री रमेश पिता श्री गनेश डेहरिया एवं श्री भागीरथ पिता श्री उमेरसी गौड़ को निःशुल्क रजिस्ट्री प्रदान की गई। इसी तरह कड़कनाथ चूजा प्रदाय योजना के तहत श्री दौलत सिंह गौड़, श्री रामबगस गौड़ एवं श्री लालचंद गौड़ को ऋण राशि वितरित की गई। उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ. सुनील कुमार बृजपुरिया ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में 4 हजार 400 रुपये की राशि निर्धारित है, जिसमें हितग्राही को 1100 रुपये अंशदान जमा करनी होती है, जबकि 3 हजार 300 रुपये अनुदान के रूप में दिए जाते हैं। योजना के तहत हितग्राही को 30 दिन के 40 चूजे एवं उनके लिए दाना भी उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा 10 प्लस एक बकरी पालन योजना के तहत श्री ओमप्रकाश प्रजापति को 30 हजार 982 रुपये तथा श्री महेन्द्र सिंह त्यागी को 45 हजार रुपये की किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण राशि प्रदान की गई।
बाल विवाह और नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
जन संवाद शिविर में अतिथियों और मौजूद नागरिकों ने बाल विवाह और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत आलोद में आयोजित जन संवाद शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बाल विवाह न करने तथा इसकी रोकथाम में सक्रिय सहभागिता निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को मिली सरकार की योजनाओं की जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों के द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। इस दौरान खाद्य, पुलिस, पशुपालन, पंचायत, मत्स्य, सामाजिक न्याय, राजस्व सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा स्थानीय स्वसहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए।
आलोद शिविर में 210 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ
आयुष विभाग द्वारा 120 नागरिकों को उपलब्ध कराई अपनी सेवाएं
ग्राम पंचायत आलोद में आयोजित जन विश्वास अभियान के शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 210 ओपीडी दर्ज की गईं। इस दौरान 5 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 200 एनसीडी स्क्रीनिंग तथा 119 एक्स-रे किए गए। शिविर में 2 आयुष्मान कार्ड एवं 5 आभा आईडी बनाई गईं। वहीं एक हितग्राही को फूड बास्केट प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं जांच सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इसी क्रम में आयुष विभाग के द्वारा स्टॉल के माध्यम से 120 नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जांच कर उन्हें आयुष औषधियों का नि:शुल्क वितरण किया गया। साथ उन्हें दिनचर्या, व्यायाम और मौसम के हिसाब से खानपान करने की सलाह भी दी गई।
58 नागरिकों के आधार कार्ड किए गए अपडेट
नागरिकों को आधार संबंधी जानकारी एवं अपडेट कराने के लिए जिला या तहसील मुख्यालय तक जाना न पड़े तथा उन्हें गांव में ही यह सुविधा मिल सके, इस उद्देश्य से जन संवाद शिविर में नवीन आधार और आधार अपडेट की व्यवस्था की गई। इसके तहत शिविर में 2 नवीन आधार बनाए गए और 56 नागरिकों के आधार कार्ड में आवश्यक अपडेट किए गए। इस तरह ग्राम पंचायत स्तर पर ही शिविर के माध्यम से कुल 58 नागरिकों को आधार संबंधी सुविधाएं मुहैया कराई गई।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
विधायक महेन्द्र नागेश गोटेगांव