पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजली : नरसिंहपुर पुलिस परेड द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी एवं दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि दी
Aditi News Team
Wed, Oct 21, 2026
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों का किया सम्मान

• पुलिस लाइन, नरसिंहपुर में गरिमामय परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित।
• पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर दी गई श्रद्धांजलि।
• पुलिस परेड द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी एवं दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को किया गया नमन।
• माननीय कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना सहित वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि।
• शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को समारोह में आमंत्रित कर किया गया सम्मानित।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज पुलिस लाइन, नरसिंहपुर में गरिमामय परेड एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा एवं जनसेवा के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस पुलिस बलों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा एवं सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात पुलिस परेड द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया।
समारोह में माननीय कैबिनेट मंत्री, मध्यप्रदेश शासन श्री प्रहलाद पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त करते हुए राष्ट्रसेवा में उनके अपनों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
*वीर शहीदों का त्याग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र उनकी अमर शहादत का सदैव ऋणी रहेगा।*
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल